बुधवार, 7 फ़रवरी 2024

ज्ञानकोष -ए ग्लोबल स्कूल में 10 फरवरी का मनाया जाएगा वार्षिकोत्सव

 

महेंद्रगढ़ 6 फरवारी 2024

आकोदा खरखड़ा स्थित ज्ञानकोष -ए ग्लोबल स्कूल में 10 फरवरी शनिवार को दूसरा विशाल वार्षिकोत्सव धूमधाम से मनाया जाएगा। इस विषय में जानकारी देते हुए स्कूल के डायरेक्टर राजेश झा एवं सीईओ राकेश कुमार ने बताया कि हमारे स्कूल को 10 फरवरी को 2 साल पूरे हो रहे हैं। इस अवसर पर हम एक वार्षिक उत्सव मनाने जा रहे हैं। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय के कुल सचिव प्रोफेसर डॉक्टर सुनील कुमार तथा जिला शिक्षा अधिकारी सुनील दत्त मुख्य रूप से उपस्थित रहेंगे।कार्यक्रम की अध्यक्षता स्कूल के ट्रस्टी भगवान दास अग्रवाल एवं सुरेश अग्रवाल द्वारा की जाएगी। इस कार्यक्रम में सांस्कृतिक कार्यक्रमों में हरियाणवी कार्यक्रम, सोलो डांस आदि आयोजित किए जाएंगे। उसके बाद स्कूल की वार्षिक रिपोर्ट पेश की जाएगी तथा पूरी साल में हर प्रकार की एक्टिविटी में विजेता बच्चों व उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को सम्मानित भी किया जाएगा। इस अवसर पर स्कूल प्रशासन की तरफ से सभी परिजनों से निवेदन  किया है कि अधिक से अधिक संख्या में कार्यक्रम में पहुंचे और कार्यक्रम की शोभा बढ़ाएं।

सोमवार, 5 फ़रवरी 2024

देश व प्रदेश के लाखों लोगाें की आस्था का केन्द्र है बाबा जयराम दास धाम - 6 फरवरी 2024 को लगने वाले मेले को लेकर सभी तैयारियां हुई पूर्ण -1981 में शुरू की गई क्रिकेट प्रतियोगिता भी बनी अब उत्तर भारत की सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता

 


महेंद्रगढ़ 5 फरवरी 2024

जिले के गांव पाली में स्थित बाबा जयरामदास धाम क्षेत्र ही नहीं बल्कि आसपास के प्रदेशों के लोगों की आस्था का केंद्र बना हुआ है। बाबा के धाम पर 6 फरवरी को लगने वाले विशाल मेले को लेकर भी लगभग सभी तैयारिया पूर्ण कर ली गई है। बता दे कि देश के महान संत-महात्माओं में शुमार बाबा जयराम दास का जन्म गांव पाली में किसान श्योजी सिंह व मातेश्वरी ओदाबाई के घर 7 अक्टूबर 1862 को शरद पूर्णिमा के दिन हुआ। बचपन से ही वे दयालु एवं मेहनती थे। एक दिन वे पारिवारिक सुख, मोह-माया को त्याग घर छोड़कर चल दिए। ब्रह्मवेला में ध्यानस्त होकर इधर-उधर जंगल व पहाड़ों में भ्रमण करते हुए बाबा बौंद गांव के गहरे जंगल के बीच किलसर जोहड़ किनारे पहुंचे। वहां बाबा चांदोदास ने उन्हें अपना शिष्य बना लिया। गुरु चरणों में बाबा जयराम दास ईश्वर साधना की सीढि़यां चढ़ने लगे। निरंतर योग साधना एवं भक्ति में विलीन होकर अपने आशीर्वाद से देशभर के लाखों दीन दुखियों के दुखों का हरण किया।

बाबा से जुड़ी अनेक किवदंतियां हैं। एक बार बाबा के पास एक व्यक्ति अपने अपाहिज बच्चे को लेकर पहुंचा तो बाबा ने उसकी मनोस्थिति भांपते हुए कहा कि मैं कहां से दूं इसको टांगें? इतनी सुनकर व्यक्ति बाबा के चरणों में नतमस्तक हो गया। बाबा ने अपाहिज बच्चे को लात मारते हुए कहा कि ये लो मेरी टांगें ले लो और इसके बाद बच्चा पूरी तरह से स्वस्थ हो गया। इस बच्चे के स्वास्थ्य के लिए बाबा ने अपने पैरों का त्याग कर त्यागी के नाम से प्रसिद्ध हुए। बाबा जयराम दास ने 28 जनवरी 1942 को समाधि ग्रहण कर ली और इस दुनिया को त्याग, दया, धर्म के मार्ग पर चलने का संदेश दे गए। बाबा के दिए मार्गदर्शन एवं सिद्धांतों का पालन करते हुए प्रत्येक माघबदी एकादशी को बाबा के समाधी स्थल पर मेला लगता है।

धाम ने 82 वर्षो में तय किया एक झोंपड़ी से सुंदर भवन बनने तक का सफर 

बाबा जब इस आश्रम में साधना में लीन रहते थे तो पीपल के वृक्ष के नीचे केवल एक झोंपड़ी ही थी। धीरे-धीरे श्रद्धालुओं की बाबा में बढ़ती आस्था के चलते 82 वर्षों में विशाल धाम का रूप ले लिया। मंदिर कमेटी एवं बाबा के भक्तों द्वारा सैंकड़ों कमरों से सुसज्जित भवन के साथ-साथ एक धर्मशाला एवं बाबा की 23 फुट ऊंची मूर्ती का निर्माण कराया गया। मंदिर परिसर में लगभग 35 एकड़ में वाटिका एवं बगीचा तथा पार्क का भी निर्माण हो चुका है। अब बाबा जयराम दास धाम पर मंदिर का जीर्णोद्धार का कार्य चला हुआ है जो कि लगभग चार करोड़ की लागत से इसका कार्य पूर्ण होगा। यह पैसा बाबा के सभी भक्तगण चंदे के रूप में दे रहे है, जिससे इसका निर्माण होगा। इसके साथ-साथ बाबा धाम का लगभग 20 एकड़ में इमारती लकड़ी फल फ्रूट पुष्टि व औषधीय पौधे लगाए गए हैं। बाबा के प्रांगण में भारत का सबसे ऊंचा लगभग 73 फुट का 9 मंजिल एक पक्षी घर भी बनाया हुआ है। जिसमें लगभग 3000 के आसपास पक्षी अपना बसेरा कर सकते हैं। इसके अलावा बाबा धाम पर एक मैरिज पैलेस का भी निर्माण किया गया है, जो कि लगभग 40 लाख की लागत से बनाया गया है। बाबा धाम पर उतरी भारत की सबसे बड़ी क्रिकेट की प्रतियोगिता का महाकुंभ ही होता है।  क्रिकेट ग्राउंड में 51 फुट ऊंचा राष्ट्रीय ध्वज का निर्माण भी किया गया है। बाबा धाम पर लगभग 100 बाई 70 फुट का एक भंडार ग्रह भी बनाया गया है जिसमें एक साथ में लगभग एक हजार व्यक्ति बैठ कर प्रसाद ग्रहण कर सकते हैं। बाबा धाम पर दो सार्वजनिक धर्मशालाएं दो मंजिला बनाई गई हैं। एक धर्मशाला वीआईपी विश्रामगृह भी बनाया हुआ है। बाबा के मंदिर के पीछे एक लगभग ग्रामीणों के अनुसार हजार साल पुराना पीपल का पेड़ व बाबा का एक तालाब भी है। बाबा धाम पर पोधो की लुप्त होती प्रजाति जैसे इंडोख जाल आदि भी बाबा धाम के आसपास देखने को मिल जाते हैं।

1981 में शुरू की गई क्रिकेट प्रतियोगिता भी बनी अब उत्तर भारत की सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता

बता दे कि बाबा जयराम दास क्रिकेट प्रतियोगिता सन् 1981 में शुरू हुई थी। पहले टूर्नामेंट में मात्र 7 टीमों ने हिस्सा लिया था। उस समय एंट्री फीस केवल 11 रुपए थी। फाइनल मैच में बधवाना व गुढ़ा का मुकाबला हुआ जिसमें बधवाना प्रथम स्थान पर रही। उस समय प्रथम इनाम एक गिलास व उपविजेता टीम को एक कटोरी इनाम दी गई थी। सन 1981 में एक गिलास से शुरू हुआ यह शिलशिला बाबा के आशीर्वाद से आज उत्तरी भारत की सबसे बड़ी प्रतियोगिता के रूप में जाना जाता है। इस बार क्रिकेट प्रतियोगिता में प्रथम इनाम के रूप में 201000रुपए नकद व 500 ग्रांम चांदी का कप दिया जाएगा। वहीं दूसरे स्थान पर रहने वाली टीम को 121000 रुपए व 250 ग्रांम चांदी का कप दिया जाएगा। इसके साथ-साथ मैन ऑफ द सीरीज विजेता खिलाड़ी को एक बाइक दी जाएंगी।  यहाँ का ग्राउंड बहुत ही जबरदस्त है। इस खेल के मैदान में लगभग डेढ़ करोड़ रुपए की लागत से दर्शकों के लिए पैविलियन का निर्माण भी किया गया है ताकि दर्शक यहां पर बैठकर मैच का आनंद ले सके।

रविवार, 4 फ़रवरी 2024

उत्तरी भारत के सबसे बड़े क्रिकेट महाकुंभ का रविवार को हुआ समापन -नंदगांव भिवानी ने फाइनल मैच में 135 रन बना बीजेआरडी कप 2024 को किया अपने नाम -प्रतियोगिता में खिलाड़ी मनदीप रहा मैन ऑफ द सीरीज

 

महेंद्रगढ 4 फरवरी

क्षेत्र के गांव पाली में दो सप्ताह से चल रहे उत्तरी भारत के सबसे बड़े क्रिकेट महाकुंभ का रविवार को समापन किया गया। प्रतियोगिता का फाइनल मुकाबला जीएसटी टाइटनस कोसली व नंदगांव भिवानी के बीच में खेला गया। प्रतियोगिता के शुभारंभ अवसर पर मुख्यातिथि के रूप में प्रमुख समाजसेवी वी के नांगलिया व कार्यक्रम की अध्यक्षता कृष्णा स्कूल महेंद्रगढ़ के मैनेजिंग डायरेक्टर कर्मवीर राव ने की। कार्यक्रम के दौरान वीके नांगलिया ने कहा कि बाबा के सेवा के लिए किसी चीज की जब आवश्यकता हो तो वे इसके लिए हमेशा तैयार रहेंगे। 


उन्होंने बाबा  मंदिर में एक बड़ा हाल बनाने का भी आश्वासन दिया। उन्होंने खिलाड़ियों का हौसला बढ़ाते हुए कहा कि खेल हमारे जीवन का अभिन्न हिस्सा है हर बच्चे को कोई ना कोई खेल अवश्य खेलते रहना चाहिए ताकि तन मन दोनों चीज स्वस्थ रहें। खेल ही एक ऐसी चीज है जिससे आत्मिक शांति मिलती है। कार्यक्रम में पहुंचे युवा समाजसेवी सचिन आदलपुर ने भी इस प्रतियोगिता में मैदान के चारो तरफ बैंच लगवाने के साथ साथ मैचों की लाइव भी अपने खर्चे से चलवाईं ओर आज कमेटी को 11 हजार का आर्थिक सहयोग भी दिया।

बता दें कि बाबा जयराम दास क्रिकेट प्रतियोगिता उत्तरी भारत की सबसे बड़ी प्रतियोगिता है। इस प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को 201000 रुपए नकद व बीजेआरडी कप तथा उपविजेता को एक लाख इक्कीस हजार नकद व एक कप दिया जाता है। इस प्रतियोगिता में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले को मैन ऑफ द सीरीज एक हीरो बाइक से नवाजा जाता है तथा फाइनल मैच में मैन ऑफ द मैच को भी 11000 रुपए नकद पुरस्कार देकर सम्मानित किया जाता है। आज के विजेता व उप विजेता को 6 फरवरी को बाबा धाम पर लगने वाले विशाल मेले में महेंद्रगढ़ के स्थानीय विधायक रावदान सिंह द्वारा इनाम देकर सम्मानित किया जाएगा। रविवार को खेले गए

 प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में नंदगांव भिवानी की टीम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। बल्लेबाजी के लिए मैदान में उतरी जीएसटी कोसली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 16.3 ओवरों में 130 रन बना कर आल आउट हो गई। जवाब में मैदान में उतरी नंदगांव भिवानी ने बिना कोई विकेट खोये 10.5 ओवर में 135 रन बनाए और बाबा जयरामदास कप 2024 अपने नाम कर कर लिया। आज के मैच में मैन ऑफ द मैच खिलाड़ी अनमोल सिंह को चुना गया। जिसने 43 गेंदो पर 74 रन बनाए। इस पूरी प्रतियोगिता में मैन ऑफ द सीरीज खिलाड़ी मनदीप को चुना गया। जिन्होंने पूरी सीरीज में चार मैच खेलते हुए 9 विकेट लेने के साथ-साथ 35 बालों पर 70 रन भी बनाए। उनको एक हीरो बाइक से सम्मानित किया गया।

इस अवसर पर मंदिर कमेटी के प्रधान भंवर सिंह, पूर्व प्रधान राम अवतार साहब, गांव पाली के सरपंच देशराज फौजी तथा पूर्व सरपंच सुंदर सिंह, समाजसेवी विष्णु सिंह, पूर्व बीडीसी प्रेम फौजी, राजेश उर्फ मुन्ना सेठ, गांव धोली के सरपंच मास्टर अमित सिंह, सुरजीत सिंह, वीरेंद्र सिंह, राहुल मास्टर, होशियार सिंह, प्रदीप सिंह, मंदिर कमेटी के संरक्षक कंवर सिंह, भीम सिंह, उत्तम सिंह, विजय फौजी, कमेटी के उप प्रधान रणजीत सिंह, राजकुमार, दिनेश उर्फ बिल्लू, रामकिशन प्रधान, सुनील उर्फ सोनू, कल्पेश, कैलाश यादव, उज्ज्वल अकादमी के एमडी हेमंत सिंह तंवर, संदीप फौजी उर्फ नीटू, धरमु प्रधान, डॉक्टर हरपाल सिंह, प्रीतम सिंह, युवा समाजसेवी सचिन आदलपुर, संस्कार भारती स्कूल के एमडी संदीप कुमार यादव, सुनील फौजी जाट सहित इलाके के भारी संख्या में लोग उपस्थित रहे।





आकोदा में बीमार गौवंश को उपचार के बाद गौ सेवकों ने पहुंचा गौशाला

 

गांव आकोदा में गौवंश के घायल होने की सूचना के बाद संदीप जैलदार ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर गौवंश का प्राथमिक उपचार कर गौवंश को गौशाला में भेजा गयज्ञ। संदीप जैलदार ने बताया कि उसके पास सुनील कुमार का फोन आया था कि एक गौवंश बीमार अवस्था में लेटा हुआ है। जिसकी सूचना के बाद वह पशु चिकित्सक डॉ. मोहित व आशीष को अपने साथ लेकर मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि गौवंश की जांच करने के बाद पता लगा की वह उठने में असमर्थ है।

जिसके बाद गौवंश को श्री श्याम गौ सेवा धाम सतनाली से गाड़ी को बुलाकर गौवंश को गौशाला में भेजा गया। संदीप जैलदार ने बताया कि उनकी युवा टीम गोवंश की सेवा करने के लिए 24 घंटे तत्पर रहती हैं जब भी इनको किसी भी गौवंश के बारे में पता चलता है चाहे वह बीमार हो या चाहे दुर्घटना से घायल हो मौके पर पहुंच कर नि:शुल्क सेवा करके उनको सही जगह पर पहुंचाने का कार्य करते हैं। उनकी टीम में संदीप जैलदार, डॉ मोहित जांगड़ा, नरेंद्र, सुरेंद्र, पारले, मोहित, राधे, पंकज, टिंकू आदि उपस्थित रहते है।

ज्ञानकोष-ए ग्लोबल स्कूल के 8 विद्यार्थियों ने जीके अोलिम्पियाड के प्रथम स्टेज में प्राप्त की सफलता

 

महेंद्रगढ़ 4 फरवरी 2024

ज्ञानकोष-ए ग्लोबल स्कूल के 8 विद्यार्थियों ने रविवार को घोषित जीके ओलिम्पियाड के प्रथम स्टेज के परीक्षा परिणाम में सफलता प्राप्त की है। विद्यालय के सीईओ राकेश कुमार ने इस शानदार परिणाम पर सभी अध्यापकों व बच्चों को बधाई देते हुए बताया कि हमारे विद्यालय के बच्चे नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहे है। उन्होंने बताया ओलिम्पियाड की परीक्षा परिणाम के शानदार प्रदर्शन ने यह सिद्ध कर दिखाया कि विद्यालय हर क्षेत्र में दिनों दिन आगे बढ़ रहा है। इस मौके पर उन्होंने प्रथम स्टेज की परीक्षा को पार करने वाले सभी विद्याार्यों को शुभकामनाएं देते हुए द्वितीय स्टेज की तैयारी के लिए उत्साहित किया। 

प्राचार्य रामनिवास यादव ने बताया कि जीके ओलिम्पियाड की प्रथम स्टेज की परीक्षा में विद्यालय के कुल 26 बच्चों ने भाग लिया। उसमें से 8 बच्चों ने द्वितीय स्टेज में स्थान पाया है। यह बडे गौरव की बात है। उन्होंने इस अवसर पर सभी अध्यापकों व बच्चों की कड़ी मेहनत की प्रशंसा की। उन्होंने बताया कि विद्यालय बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए सदा कृतसंकल्प है। उन्होंने सभी बच्चों के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए आगामी परीक्षा की शुभकामनाएं दी। इस मौके पर विद्यालय का समस्त स्टाफ मौजूद रहा।