शनिवार, 2 मई 2026

सीआरपीएफ से सेवानिवृत्त वीरेंद्र सिंह का गांव पालड़ी पनिहार में भव्य स्वागत


 

क्षेत्र के गांव पालड़ी पनिहार में केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) से सेवानिवृत्त होकर लौटे वीरेंद्र सिंह का ग्रामीणों ने ढोल-नगाड़ों के साथ भव्य स्वागत किया। राष्ट्र सेवा में अपने जीवन के महत्वपूर्ण वर्ष समर्पित करने के बाद 60 वर्ष की आयु पूरी कर वे सम्मानपूर्वक सेवानिवृत्त होकर अपने गांव पहुंचे।

गांव पहुंचते ही वीरेंद्र सिंह ने सबसे पहले हनुमान जी की मूर्ति पर पुष्प अर्पित कर आशीर्वाद लिया तथा शहीद स्मारक पर पहुंचकर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित की। इसके बाद उनके घर पर आयोजित एक संक्षिप्त सम्मान समारोह में जिला पार्षद संतोष पीटीआई, सरपंच विजय यादव, हनुमंत शिक्षा समिति के चेयरमैन विजय सिंह यादव सहित अन्य गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें पगड़ी पहनाकर और शॉल भेंट कर सम्मानित किया।

बताया गया कि वीरेंद्र सिंह ने सीआरपीएफ में 38 साल 8 महीने 16 दिन तक अपनी सेवाएं दीं। इस दौरान उन्होंने देश के विभिन्न हिस्सों में चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में रहकर कर्तव्य का निर्वहन किया।

इस अवसर पर सरपंच विजय यादव ने कहा कि वीरेंद्र सिंह देश सेवा, निष्ठा और अनुशासन के प्रतीक हैं। वहीं, वीरेंद्र सिंह ने अपने अनुभव साझा करते हुए कहा कि सीआरपीएफ में सेवा देना उनके जीवन का सबसे गौरवशाली समय रहा और अब अपने गांव लौटकर उन्हें अत्यंत खुशी हो रही है।

ग्रामीणों ने उन्हें ईमानदार, कर्तव्यनिष्ठ और समर्पित व्यक्तित्व बताते हुए कहा कि उनका जीवन युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। कार्यक्रम में गांव के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे और सभी ने उनके स्वस्थ एवं सुखद भविष्य की कामना की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें