मंगलवार, 31 मार्च 2026

आकोदा स्कूल में प्रवेश उत्सव शुरू, अब सीबीएसई के तहत मिलेगी द्विभाषी शिक्षा

 


श्री दुलीचंद राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल अकोदा में 23 मार्च से प्रवेश उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। उत्सव के तहत विद्यालय के अध्यापक घर-घर जाकर अभिभावकों को स्कूल में मिलने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और नए सत्र 2026-27 में हुए बदलावों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस सत्र से स्कूल को सीबीएसई के अधीन कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों को अब हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में शिक्षा उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे क्षेत्र के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यकारी प्राचार्य तुषमा तंवर ने बताया कि स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत जल्द ही योग्य और अंग्रेजी माध्यम के अध्यापक विद्यालय में नियुक्त किए जाएंगे, जिससे पढ़ाई का स्तर और बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि स्कूल में आधुनिक शिक्षा प्रणाली लागू करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

28 मार्च 2026 को तुषमा तंवर की अध्यक्षता में क्लस्टर के सभी मुख्य अध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एबीआरसी पूनम यादव ने कक्षा 1 से 3 और कक्षा 4 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रमों की जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाना है। विद्यालय में जल्द ही केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब शुरू होने जा रही हैं तथा नई बिल्डिंग का कार्य भी अंतिम चरण में है। स्कूल प्रबंधन को उम्मीद है कि सीबीएसई के तहत आने से इस बार नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने बच्चों का प्रवेश इस विद्यालय में करवाएं, ताकि वे बेहतर और आधुनिक शिक्षा का लाभ उठा सकें।

बसई के जनता शिक्षा निकेतन विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत, मेधावी छात्र सम्मानित


 जनता शिक्षा निकेतन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बसई में सोमवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें कक्षा पहली से ग्यारहवीं तक का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इस उपलब्धि से विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। परिणाम घोषणा के अवसर पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ अनुशासित छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन महेंद्र कुमार, प्राचार्य कुलदीप प्रकाश, व्यवस्थापक सत्यवीर सिंह तंवर तथा समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

प्राचार्य कुलदीप प्रकाश ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता के प्रयास और शिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों को सकारात्मक वातावरण प्रदान करें, जबकि शिक्षक आधुनिक व प्रयोगात्मक शिक्षण पद्धति के माध्यम से उनके भविष्य को संवारने का कार्य करते हैं। चेयरमैन महेंद्र कुमार ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करता रहेगा। उन्होंने अभिभावकों को विश्वास दिलाया कि संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय व्यवस्थापक सत्यवीर सिंह तंवर ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए नए सत्र में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

ट्रांसफर पर एसडीएम कनिका गोयल को ‘महेंद्रगढ़ गौरव सम्मान’, ग्रामीणों ने किया भावुक विदाई सम्मान


उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) कनिका गोयल के स्थानांतरण पर क्षेत्र में लगातार सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पाली के प्रतिनिधियों ने एसडीएम कार्यालय महेंद्रगढ़ पहुंचकर उन्हें ‘महेंद्रगढ़ गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया और उनके कार्यकाल को याद किया। सम्मान समारोह में सरपंच देशराज, बाबा सिद्ध के पूर्व प्रधान नरेश सिंह, वर्तमान प्रधान सुंदर सिंह, मुकेश सिंह, सुरेश सिंह, प्रवीण ठेकेदार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने एसडीएम कनिका गोयल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया।

वक्ताओं ने कहा कि कनिका गोयल ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दी। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। उनके कार्यकाल में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को गति मिली, जिससे लोगों को सीधा लाभ प्राप्त हुआ। ग्रामीण प्रतिनिधियों ने बताया कि एसडीएम हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनती थीं और मौके पर ही समाधान के प्रयास करती थीं। उनकी कार्यशैली सरल, सहज और जनसरोकारों से जुड़ी रही, जिसके कारण वे लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहीं।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उनके नए कार्यस्थल पर भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करने की उम्मीद जताई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भावुक माहौल में उन्हें विदाई दी और उनके योगदान को हमेशा याद रखने की बात कही।

सोमवार, 30 मार्च 2026

बांस खुडाना में जंगली जानवर का आतंक, एक ही रात में 13 भेड़ों का शिकार


 जिले के अंतिम गांव बांस खुडाना में जंगली जानवर के हमले से दहशत फैल गई, जहां एक ही रात में 13 भेड़ों को मौत के घाट उतार दिया गया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधि सक्रिय हुए और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दादरी सीमा से सटे छोटे से गांव बांस खुडाना में अधिकांश लोग खेती-बाड़ी और पशुपालन पर निर्भर हैं। गांव के पशुपालक पुरुषोत्तम पुत्र ओमपाल सिंह रोज की तरह अपनी भेड़-बकरियों को चराकर रात करीब 11 बजे घर लौटे और सो गए।

सुबह करीब 5 बजे जब वह पशुओं को देखने पहुंचे तो बाड़ टूटी हुई मिली और अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। मौके पर 12 भेड़ के बच्चे और एक बड़ी भेड़ मृत पाई गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल थीं। मृत भेड़ों की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया—किसी का मुंह गायब था, किसी के कान नोचे गए थे और कई के शरीर पर गहरे जख्म थे।


ग्रामीणों के अनुसार हमला देर रात करीब 3 बजे के आसपास हुआ। आशंका जताई जा रही है कि यह किसी जंगली जानवर का हमला है। सूचना मिलते ही डायल 112 पर कॉल की गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए आकोदा पशु चिकित्सालय के डॉक्टर वेद सांगवान टीम सहित मौके पर पहुंचे और मृत पशुओं का पोस्टमार्टम किया। वहीं वन्य प्राणी विभाग की टीम रवि शर्मा के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में इसे जंगली जानवर का हमला माना गया है, हालांकि कोई स्पष्ट निशान नहीं मिल पाए हैं।

इस दौरान महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह के सुपुत्र राहुल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। राहुल ने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से मुआवजा दिलाने के साथ-साथ निजी स्तर पर भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं ब्लॉक समिति वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि रणधीर सिंह आदलपुर भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए प्रशासन से तुरंत राहत दिलाने की मांग की। रणधीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवरों का खतरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे पशुपालकों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की।

मौके पर सरपंच रतन सिंह, बाबूलाल, राजेंद्र सिंह, सूबेदार बलु सिंह, पूर्व सैनिक जय भगवान, मनोज सिंह, मुकेश सिंह, महेंद्र सिंह, भाजपा नेता सुखवीर सिंह, ओमप्रकाश नंबरदार, धर्मवीर सिंह, नरेंद्र सिंह, कैप्टन योगेंद्र सिंह, नारायण सिंह, सोमबीर सिंह, पूर्व पंच संदीप, लादू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित पशुपालक को जल्द उचित मुआवजा दिया जाए और गांव में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

मंगलवार, 24 मार्च 2026

गांव कापड़ो में हरियाणा ग्रामीण बैंक की 694वीं शाखा का भव्य शुभारंभ

 

हरियाणा ग्रामीण बैंक ने अपने विस्तार के क्रम में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त करते हुए गांव कापड़ो में अपनी 694वीं शाखा का शुभारंभ किया। यह नई शाखा क्षेत्र के लोगों को आधुनिक एवं सुलभ बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

शाखा का विधिवत उद्घाटन माननीय क्षेत्रीय प्रबंधक श्री राजीव कुमार यादव जी के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करना तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक वित्तीय सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बैंक ग्रामीण विकास, किसानों की समृद्धि एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न योजनाओं जैसे कृषि ऋण, स्वयं सहायता समूह (SHG) वित्तपोषण, बचत एवं सावधि जमा योजनाएं, तथा सरकार द्वारा संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि बैंक ग्राहकों को सरल, सुरक्षित एवं पारदर्शी बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर गांव की सरपंच श्रीमती सुशीला देवी ने बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांव में बैंक शाखा खुलने से स्थानीय लोगों, विशेषकर किसानों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को अत्यधिक सुविधा होगी तथा उन्हें बैंकिंग कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने ग्रामवासियों की ओर से बैंक को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान श्री विक्रमजीत, कपिल नागपाल, पवन कुमार, प्रदीप दुहन, राघवेंद्र बावा, अमित खटकर,अरविंद,अमित सिंधु, हिमांशु भैरो, कुलबीर सिंह, विनोद एवं मोनिका  सहित बैंक के अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। यह आयोजन अत्यंत उत्साह एवं गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।

फास्ट फूड की चमक से........


 

शहीदी दिवस पर गांव पाली में चला स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि


 

शहीदी दिवस के अवसर पर गांव पाली में स्वच्छता अभियान के तहत पूरे गांव में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व गांव के सरपंच देशराज फौजी ने किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि आज के दिन को खास बनाने के लिए पूरे गांव में वार्ड वाइज सभी पंचों और ग्रामीणों को साथ लेकर सफाई अभियान चलाया गया।

सरपंच ने बताया कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए गलियों, चौपालों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की। इस दौरान लोगों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता की जिम्मेदारी हर व्यक्ति की अपनी है और इसके लिए केवल सफाई कर्मचारियों पर निर्भर रहना उचित नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान शहीद दिवस के उपलक्ष्य में महान क्रांतिकारी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर पुष्प अर्पित किए और उनके बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

देशराज फौजी ने कहा कि जब तक लोग स्वयं सशक्त और जागरूक नहीं होंगे, तब तक न तो गांव का विकास संभव है और न ही देश का भविष्य उज्ज्वल बन सकता है। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। अभियान के अंत में पूरे गांव ने एकजुट होकर स्वच्छता और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया तथा शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।





शहीदी दिवस पर अंबेडकर सेवा समिति खुडाना की बैठक, 135वीं जयंती की तैयारियों पर मंथन


 

 

बाबा का भंडारा जाट पावर हाउस में 2 अप्रैल को


 

सोमवार, 23 मार्च 2026

खुडाना में 25 मार्च को सजेगा माता चिल्लाय देवी का विशाल मेला, 24 की रात होगा जागरण नवरात्र की सप्तमी पर उमड़ेगी श्रद्धा, दूर-दराज से पहुंचेंगे श्रद्धालु; गांव में उत्सव जैसा माहौल


 


महेंद्रगढ़ जिले के गांव खुडाना स्थित माता चिल्लाय देवी धाम में नवरात्रों की सप्तमी पर लगने वाला पारंपरिक मेला इस वर्ष 25 मार्च को भव्य रूप में आयोजित होगा। मेले से एक दिन पहले 24 मार्च की रात्रि को भक्ति संगीत से सराबोर विशाल जागरण का आयोजन किया जाएगा। आयोजन को लेकर गांव समेत आसपास के क्षेत्रों में उत्साह चरम पर है और तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।

ऊंची पहाड़ी पर विराजमान माता चिल्लाय देवी का मंदिर क्षेत्र की आस्था का प्रमुख केंद्र है। यहां तक पहुंचने के लिए श्रद्धालुओं को घुमावदार रास्तों और सीढ़ियों से होकर गुजरना पड़ता है। जैसे-जैसे भक्तजन “जय माता दी” के जयकारों के साथ आगे बढ़ते हैं, पूरा वातावरण भक्तिमय हो उठता है। पहाड़ी से दिखाई देने वाला प्राकृतिक दृश्य श्रद्धालुओं को आध्यात्मिक शांति का अनुभव कराता है। यही कारण है कि यह धाम वर्षों से लोगों की अटूट श्रद्धा का केंद्र बना हुआ है।

हर छह माह में नवरात्रों की सप्तमी पर लगने वाला यह मेला केवल धार्मिक आयोजन ही नहीं, बल्कि सामाजिक समरसता और भाईचारे का भी प्रतीक है। इस दिन दूर-दराज के गांवों से हजारों श्रद्धालु यहां पहुंचते हैं और माता रानी के दरबार में शीश नवाकर सुख-समृद्धि की कामना करते हैं। नवविवाहित जोड़े यहां विशेष रूप से धोक लगाकर अपने वैवाहिक जीवन की खुशहाली का आशीर्वाद मांगते हैं। इसके अलावा कई परिवार अपने बच्चों के मुंडन संस्कार भी यहीं संपन्न करवाते हैं, जिससे नई पीढ़ी में भी आस्था और परंपरा का भाव विकसित होता है। मेले के दौरान सेवा और दान की परंपरा भी देखने को मिलती है। क्षेत्र के प्रतिष्ठित व्यापारी और श्रद्धालु अपनी श्रद्धा अनुसार बाबा जयरामदास गौशाला में दान देते हैं। इससे न केवल धार्मिक भावना को बल मिलता है, बल्कि गौसेवा जैसी पुण्य परंपरा भी मजबूत होती है।

आयोजन को सफल बनाने के लिए ग्राम पंचायत और मेला प्रबंधन कमेटी पूरी तरह सक्रिय है। सरपंच डॉ. अंजू तंवर के नेतृत्व में व्यवस्थाओं को सुचारू बनाने के लिए विशेष इंतजाम किए जा रहे हैं। मेला प्रबंधन कमेटी के प्रधान मनजीत सिंह, मंदिर के पुजारी अशोक पुजारी, सचिव पूर्व पंच प्रवीण शर्मा और खजांची दीपक मेले की दुकानों, साफ-सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं को अंतिम रूप देने में जुटे हैं। वहीं जागरण कार्यक्रम के मंच संचालन की जिम्मेदारी सवेरा स्वयंसेवी संस्था के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. मनोज गौतम गढ़ी और खुडाना सरपंच प्रतिनिधि डॉ. नरेश सिंह तंवर संभालेंगे। कार्यक्रम में भजन गायक पूरी रात माता रानी के भजनों से श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध करेंगे।

इस आयोजन में गांव के पूर्व सरपंच ओमपाल सिंह, नरेंद्र कुमार खुडानिया, चेयरमैन श्यौराज सिंह, वरिष्ठ अधिवक्ता मोती सिंह, गोविंद सिंह, पूर्व सरपंच धन सिंह,एडवोकेट प्रेम सिंह तंवर, राजू सिंह सहित कई गणमान्य लोग सक्रिय सहयोग कर रहे हैं। युवा मंडल के प्रधान महा सिंह तंवर के नेतृत्व में युवा भी सेवा कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा ले रहे हैं। पूरे गांव में इस समय मेले को लेकर उत्सव जैसा माहौल है। ग्रामीण सेवा, समर्पण और भाईचारे की भावना के साथ इस आयोजन को भव्य और यादगार बनाने में जुटे हैं।

गुरुवार, 19 मार्च 2026

अफसर ना कोर्ट जा रहे ना जवाब दे रहे...........


 

हर माह हार्ट अटैक.............


 

पाली में नए पीएचसी भवन निर्माण का रास्ता साफ, जमीन की स्वास्थ्य विभाग के नाम रजिस्ट्री

 

गांव पाली के ग्रामीणों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है। लंबे समय से प्रतीक्षित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र (पीएचसी) के नए भवन निर्माण को लेकर अब बड़ी प्रगति हुई है। मंगलवार को पंचायत द्वारा पीएचसी के लिए निर्धारित भूमि स्वास्थ्य विभाग के नाम रजिस्ट्री करवा दी गई है, जिससे निर्माण कार्य का रास्ता पूरी तरह साफ हो गया है। गांव के सरपंच देशराज फौजी ने जानकारी देते हुए बताया कि पंचायत ने स्वास्थ्य सुविधाओं को बेहतर बनाने की दिशा में यह अहम कदम उठाया है। उन्होंने कहा कि करीब एक एकड़ एक कनाल दो मरला भूमि पीएचसी भवन के निर्माण के लिए विभाग के नाम कर दी गई है। इस दौरान पीएचसी पाली के प्रभारी डॉ. मनीष यादव भी मौके पर उपस्थित रहे और उन्होंने प्रक्रिया की पुष्टि की।

डॉ. मनीष यादव ने बताया कि जमीन की रजिस्ट्री पूरी हो चुकी है और इससे संबंधित सभी जरूरी दस्तावेज उच्च अधिकारियों को भेज दिए गए हैं। अब अगला चरण भवन का नक्शा (ड्राइंग) तैयार करवाने और टेंडर प्रक्रिया को पूरा करने का है। उन्होंने विश्वास जताया कि इन औपचारिकताओं के पूरा होते ही जल्द ही निर्माण कार्य शुरू कर दिया जाएगा। गौरतलब है कि गांव पाली का पुराना उप-स्वास्थ्य केंद्र भवन लंबे समय से जर्जर अवस्था में था। भवन की हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि वहां मरीजों का इलाज करना जोखिम भरा हो गया था। छत से प्लास्टर गिरने और दीवारों में दरारें आने के कारण किसी भी समय हादसे की आशंका बनी रहती थी। ऐसे हालातों को देखते हुए प्रशासन को मजबूरन पीएचसी को गांव की एक धर्मशाला में अस्थायी रूप से शिफ्ट करना पड़ा।

वर्तमान में पीएचसी धर्मशाला में संचालित हो रहा है, जहां मरीजों की जांच और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था तो की गई है, लेकिन पर्याप्त सुविधाओं के अभाव में मरीजों और स्वास्थ्य कर्मियों दोनों को परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। खासतौर पर गर्मी और बरसात के मौसम में यह स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो जाती है। सरपंच देशराज फौजी ने बताया कि पहले इस परियोजना के लिए लगभग 1 करोड़ 40 लाख रुपये का बजट स्वीकृत किया गया था, जो भवन निर्माण के लिए पर्याप्त नहीं था। पंचायत और जनप्रतिनिधियों के प्रयासों से इस बजट को बढ़ाकर करीब 4 करोड़ 56 लाख रुपये तक करवा दिया गया है, जिससे आधुनिक सुविधाओं से युक्त भवन का निर्माण संभव हो सकेगा। निर्माण कार्य जिला परिषद के माध्यम से लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) द्वारा करवाया जाएगा।

ग्रामीणों का कहना है कि नए पीएचसी भवन के बनने से क्षेत्र की लगभग 38 हजार आबादी को सीधा लाभ मिलेगा। उन्हें बेहतर चिकित्सा सुविधाएं, सुरक्षित वातावरण और आधुनिक संसाधनों से युक्त स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी। लंबे समय से चली आ रही स्वास्थ्य सेवाओं की समस्या का स्थायी समाधान होने की उम्मीद भी जताई जा रही है। पंचायत और स्वास्थ्य विभाग के समन्वय से अब यह परियोजना तेजी से आगे बढ़ रही है। ग्रामीणों को उम्मीद है कि जल्द ही निर्माण कार्य शुरू होगा और आने वाले समय में पाली का पीएचसी क्षेत्र के लिए एक आदर्श स्वास्थ्य केंद्र बनकर उभरेगा।

बुधवार, 18 मार्च 2026

ज्ञानकोश-ए ग्लोबल स्कूल खरखड़ा (आकोदा)के योग शिक्षक कृष्ण कुमार को मिला गोल्ड मेडल स्कूल मीडिया की सुर्खियों में कोटि कोटि धन्यवाद मीडिया का...

 










बाबा साध धाम आकोदा पर विशाल भंडारा आयोजित


 

सौंदर्यकरण मैं पाली स्कूल ब्लॉक में प्रथम


 

छात्रों ने मॉडल्स............


 

शुगर के मरीजों को निशुल्क दवा

 


ज्ञानकोश ए ग्लोबल स्कूल के योग शिक्षक कृष्ण कुमार को मिला गोल्ड मेडल


 

मंगलवार, 17 मार्च 2026

पालड़ी पनिहारा के विद्यालय में स्टेम मेला, विद्यार्थियों ने प्रदर्शित किए विज्ञान के आकर्षक मॉडल

 


शहीद कश्मीरी लाल राजकीय माध्यमिक विद्यालय पालड़ी पनिहारा में विद्यार्थियों की रचनात्मकता और वैज्ञानिक सोच को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से स्टेम मेले का आयोजन किया गया। मेले में विद्यार्थियों ने विज्ञान, गणित, सामाजिक विज्ञान तथा अंग्रेजी विषयों से संबंधित अनेक आकर्षक और ज्ञानवर्धक मॉडल प्रस्तुत किए। विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए इन मॉडलों के माध्यम से विषयों को रोचक, सरल और सहज तरीके से समझाने का प्रयास किया गया।

कार्यक्रम में बड़ी संख्या में ग्रामीणों, अभिभावकों और विद्यालय प्रबंधन समिति के सदस्यों ने भाग लिया। ग्राम पंचायत पालड़ी पनिहारा की सरपंच माया देवी, विद्यालय प्रबंधन समिति के प्रधान बबलु तथा समिति के अन्य सदस्य भी इस अवसर पर मौजूद रहे। सभी ने विद्यार्थियों द्वारा तैयार किए गए मॉडलों का अवलोकन किया और उनकी मेहनत तथा रचनात्मकता की सराहना की।

मेले के दौरान विद्यार्थियों ने विभिन्न विषयों से जुड़े कई मॉडल प्रदर्शित किए, जिनमें विज्ञान के प्रयोग, गणितीय अवधारणाएं, सामाजिक विषयों की जानकारी और भाषा से जुड़े रचनात्मक मॉडल शामिल थे। इन मॉडलों के माध्यम से बच्चों ने यह दिखाया कि पढ़ाई को केवल पुस्तकों तक सीमित न रखकर प्रयोगात्मक और व्यावहारिक रूप से भी समझा जा सकता है। कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना और उनकी जिज्ञासा को बढ़ावा देना रहा।

विद्यालय के मुख्याध्यापक सत्यवीर सिंह ने बताया कि विद्यालय का स्टाफ मेहनती और ईमानदार है, जिसके कारण विद्यालय लगातार विभिन्न प्रतियोगिताओं में बेहतर प्रदर्शन कर रहा है। उन्होंने बताया कि विद्यालय ने विज्ञान प्रदर्शनी में ब्लॉक स्तर पर द्वितीय स्थान प्राप्त किया है। इसके अलावा सांस्कृतिक प्रतियोगिता में भी विद्यालय को द्वितीय स्थान मिला, जबकि प्रतिभा खोज प्रतियोगिता में जिले में प्रथम स्थान प्राप्त किया गया।

मुख्याध्यापक ने बताया कि गीता जयंती प्रतियोगिता में भी विद्यालय ने ब्लॉक स्तर पर द्वितीय स्थान हासिल किया। प्रधानमंत्री श्रेष्ठ योजना के अंतर्गत सत्र 2025–26 में विद्यालय के दो विद्यार्थियों का चयन हुआ है। वहीं मिशन बुनियाद के तहत विद्यालय के चार विद्यार्थियों ने लेवल दो की परीक्षा उत्तीर्ण की है। इसके अतिरिक्त मुख्यमंत्री सौंदर्यकरण प्रतियोगिता में विद्यालय ने पिछले वर्ष ब्लॉक स्तर पर प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया।

सत्यवीर सिंह ने कहा कि इन सभी उपलब्धियों के पीछे विद्यालय के अध्यापकों की कड़ी मेहनत और लगन के साथ-साथ ग्राम पंचायत का सहयोग भी महत्वपूर्ण रहा है। उन्होंने विशेष रूप से सरपंच माया देवी के सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि विद्यालय के विकास के लिए वे हमेशा तत्पर रहती हैं और हर संभव सहायता प्रदान करती हैं।

कार्यक्रम के अंत में मुख्याध्यापक ने उपस्थित सभी गणमान्य व्यक्तियों, ग्राम पंचायत के सदस्यों, अभिभावकों और सरपंच माया देवी का स्वागत करते हुए उनका आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन विद्यार्थियों की प्रतिभा को निखारने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं और भविष्य में भी विद्यालय में इस प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए जाते रहेंगे।

सोमवार, 16 मार्च 2026

योग शिक्षक कृष्ण कुमार को दीक्षांत समारोह में स्वर्ण पदक, ज्ञानकोश – ए ग्लोबल स्कूल के लिए गौरव का क्षण

 

महेंद्रगढ़

ज्ञानकोश – ए ग्लोबल स्कूल के लिए यह अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है कि विद्यालय के योग शिक्षक कृष्ण कुमार को 12वें दीक्षांत समारोह में विज्ञान निष्णात योग परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया गया। यह सम्मान भारत के 53वें मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति सूर्यकांत के करकमलों द्वारा प्रदान किया गया। इस उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष का वातावरण है और इसे शिक्षा तथा योग क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में देखा जा रहा है।

दीक्षांत समारोह एक गरिमामय वातावरण में संपन्न हुआ, जिसमें शिक्षा और न्याय क्षेत्र से जुड़े अनेक प्रतिष्ठित व्यक्तित्व उपस्थित रहे। कार्यक्रम में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान रोपड़ के निदेशक प्रोफेसर राजीव आहूजा, पंजाब एवं हरियाणा उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति शील नागू तथा हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रोफेसर टंकेश्वर कुमार सहित कई गणमान्य अतिथि मौजूद रहे। इन सभी की उपस्थिति में कृष्ण कुमार को उनके उत्कृष्ट शैक्षणिक और व्यावसायिक प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक प्रदान किया गया।

कृष्ण कुमार की यह उपलब्धि न केवल व्यक्तिगत सफलता है बल्कि ज्ञानकोश – ए ग्लोबल स्कूल के पूरे परिवार के लिए गौरव का विषय है। विद्यालय के ट्रस्टी भगवान दास अग्रवाल और ट्रस्टी सुरेश अग्रवाल ने कृष्ण कुमार को बधाई देते हुए कहा कि यह सम्मान शिक्षकों के समर्पण, परिश्रम और योग शिक्षा के प्रति उनकी प्रतिबद्धता का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ऐसे शिक्षक किसी भी शैक्षणिक संस्था की वास्तविक ताकत होते हैं और विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बनते हैं।

विशेष बात यह भी है कि कृष्ण कुमार बेंगलुरु स्थित राष्ट्रीय मानसिक स्वास्थ्य एवं तंत्रिका विज्ञान संस्थान से प्रमाणित योग चिकित्सक भी हैं। योग और मानसिक स्वास्थ्य के क्षेत्र में उनका अनुभव और विशेषज्ञता विद्यार्थियों को शारीरिक तथा मानसिक रूप से सशक्त बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। विद्यालय प्रबंधन का मानना है कि इस प्रकार की योग शिक्षा विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होती है।



विद्यालय की उपलब्धियों की श्रृंखला यहीं समाप्त नहीं होती। इससे पहले विद्यालय की समन्वयक तनु को सातवें दीक्षांत समारोह में अंग्रेजी साहित्य विषय में एम.फिल. की परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए स्वर्ण पदक से सम्मानित किया जा चुका है। यह भी विद्यालय के लिए एक बड़ी उपलब्धि मानी जाती है और इससे संस्था की शैक्षणिक गुणवत्ता का प्रमाण मिलता है।

इसी क्रम में विद्यालय की एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि सामने आई है। कक्षा दसवीं की छात्रा अरुणा द्वारा तैयार किया गया “गैस रिसाव पहचान यंत्र” मॉडल प्रेरणा-मानक कार्यक्रम के अंतर्गत चयनित किया गया है। यह कार्यक्रम भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी विभाग तथा राष्ट्रीय नवाचार प्रतिष्ठान के संयुक्त तत्वावधान में संचालित किया जाता है। इसका उद्देश्य विद्यालय स्तर पर विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच, नवाचार और अनुसंधान की भावना को प्रोत्साहित करना है। इस उपलब्धि के लिए छात्रा को दस हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि भी प्रदान की गई है।

विद्यालय के निदेशक राजेश कुमार झा ने इस अवसर पर कहा कि ज्ञानकोश – ए ग्लोबल स्कूल का उद्देश्य केवल पढ़ाई तक सीमित नहीं है, बल्कि विद्यार्थियों में नैतिक मूल्यों, वैज्ञानिक दृष्टिकोण, रचनात्मकता और नेतृत्व क्षमता का विकास करना भी है। उन्होंने कहा कि शिक्षकों और विद्यार्थियों की ऐसी उपलब्धियां पूरे विद्यालय परिवार के लिए प्रेरणादायक होती हैं और भविष्य में और बेहतर करने का उत्साह प्रदान करती हैं।

विद्यालय के मुख्य कार्यकारी अधिकारी राकेश कुमार ने भी इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि विद्यालय सीमित प्रवेश सीटों की नीति के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक विद्यार्थी को व्यक्तिगत मार्गदर्शन और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध है। उन्होंने विश्वास जताया कि शिक्षकों और विद्यार्थियों के सामूहिक प्रयासों से ज्ञानकोश – ए ग्लोबल स्कूल भविष्य में भी शिक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्टता की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करता रहेगा।