मंगलवार, 6 जनवरी 2026

बाबा साध धाम आकोदा में क्रिकेट महायुद्ध, कुरूक्षेत्र की टीम ने सुपर 8 में बनाई जगह -चौथे दिन रोमांचक मुकाबलों में राज कटेसरा और कुरुक्षेत्र की टीमों ने दिखाई दमदार खेल क्षमता

 

महेंद्रगढ़ 

गांव आकोदा में बाबा साध धाम के मेले को लेकर चल रही क्रिकेट प्रतियोगिता के चौथे दिन मंगलवार को भी रोमांचक मुकाबलों से भरा रहा। पहले मुकाबले में राज कटेसरा और मंदौली क्रिकेट क्लब चरखीदादरी के बीच जबरदस्त मुकाबला देखने को मिला। मंदौली क्रिकेट क्लब ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में 59 रन बनाए। जवाब में उतरी राज कटेसरा की टीम ने 8 ओवर में 6 विकेट से मैच अपने नाम कर लिया। इस मैच में रूपेश को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

दूसरे मुकाबले में मंदौली दादरी और बालाजी क्रिकेट क्लब कुरुक्षेत्र के बीच मैदान पर जबरदस्त भिड़ंत हुई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए बालाजी क्रिकेट क्लब ने 184 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में उतरी मंदौली की टीम केवल 85 रनों पर ऑलआउट हो गई। इस मुकाबले में नमित ने अपने शानदार प्रदर्शन से 17 रन देकर 7 विकेट लेकर टीम को जीत दिलाई और उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

तीसरे मुकाबले में राज कटेसरा और कुरुक्षेत्र की टीम आमने-सामने आई। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी कुरुक्षेत्र की टीम ने 153 रन बनाए। राज कटेसरा की टीम निर्धारित ओवरों में केवल 72 रन ही बना पाई। इस मैच में परिक्षित को मैन ऑफ द मैच चुना गया। इसके साथ ही कुरुक्षेत्र टीम सुपर 8 में प्रवेश करने में सफल रही। प्रतियोगिता का यह दिन खेल प्रेमियों के लिए रोमांच और उत्साह से भरपूर रहा। दर्शकों ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन को सराहा और प्रतियोगिता को लेकर उत्साह बनाए रखा। अगले दिन भी प्रतियोगिता में कई रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है।

कार्यक्रम के दौरान खेल उत्सव के साथ सामाजिक सहभागिता की भी झलक देखने को मिली। लक्ष्मण मास्टर ने 11,000 रुपए, मिन्टू सैनी श्योपुरा ने 11,000 रुपए और लालसिंह रामस्वरूप ने 5,100 रुपए मंदिर कमेटी को सहयोग स्वरूप दिए। इस अवसर पर नरेश सरपंच, नरेश ठेकेदार, तेजपाल प्रधान, वेद साहब, महेंद्र ढाणी, भूप सिंह, लाल सिंह, धर्मवीर पूर्व सैनिक, धोलिया पंच, करण सिंह, सुधीर उर्फ बिट्टू, राकेश मास्टर, गजराज पंच, विनोद प्रवक्ता, महेंद्र चोटीवाला, अनिल, राव नरेंद्र, इंद्रपाल मास्टर, सुधीर अकाली, जितेन्द्र लखेरा, राजेश हबलू, सुमित सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और खेल प्रेमी मौजूद रहे।

बाबा जयरामदास धाम पाली में क्रिकेट का उत्सव, नंदगांव भिवानी की टीम ने सुपर-8 में बनाई जगह सातवें दिन ग्रुप-6 के मुकाबलों में सीजीएसटी मुंबई और नंदगांव भिवानी ने दिखाई शानदार बल्लेबाजी क्षमता

 महेंद्रगढ़

बाबा जयरामदास धाम पाली में उत्तर भारत की सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता का सातवां दिन मंगलवार को खेल प्रेमियों के लिए रोमांचक मुकाबलों से भरा रहा। ग्रुप-6 के मुकाबलों में दिन के तीन मैच खेले गए, जिसमें दर्शकों ने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन का आनंद लिया। प्रतियोगिता में खेल और उत्साह का माहौल बना रहा।

दिन का पहला मुकाबला महर्षि दयानंद क्रिकेट अकादमी रोहिणी दिल्ली और सीजीएसटी मुंबई के बीच खेला गया। टॉस जीतकर सीजीएसटी मुंबई ने पहले गेंदबाजी करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम अपने निर्धारित 10 ओवर में महज 42 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी सीजीएसटी मुंबई ने 4.5 ओवर में बिना कोई विकेट गंवाए लक्ष्य को हासिल कर लिया। इस मैच में मैन ऑफ द मैच श्री राज रहे, जिन्होंने 15 गेंदों में 42 रन बनाकर अपनी टीम को जीत दिलाने में अहम योगदान दिया।

दूसरा मुकाबला नंदगांव भिवानी और महर्षि दयानंद क्रिकेट अकादमी दिल्ली के बीच हुआ। टॉस जीतकर नंदगांव भिवानी की टीम ने पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया और 10 ओवरों में 175 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। जवाब में मैदान में उतरी दिल्ली की टीम केवल 66 रन ही बना सकी और नंदगांव भिवानी ने 109 रनों से शानदार जीत दर्ज की। इस मैच में मैन ऑफ द मैच वंश बेदी रहे, जिन्होंने 30 गेंदों में नाबाद 83 रन बनाए। वंश बेदी आईपीएल में चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हैं।

तीसरे मुकाबले में ग्रुप-6 की टॉप टीमों का आमना-सामना हुआ। सीजीएसटी मुंबई और नंदगांव भिवानी की टीमों के बीच यह मैच बेहद रोमांचक साबित हुआ। टॉस जीतकर नंदगांव भिवानी ने पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए सीजीएसटी मुंबई की टीम अपने निर्धारित 12 ओवर में 105 रन ही बना पाई। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नंदगांव भिवानी की टीम ने 8.2 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया और सुपर 8 में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली। इस मैच में मैन ऑफ द मैच आशीष रहे, जिन्होंने 25 गेंदों में 59 रन बनाकर टीम की जीत में अहम योगदान दिया।

प्रतियोगिता में आज पूर्व जिला प्रमुख सुरेंद्र कौशिक मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को बधाई दी और प्रतियोगिता के महत्व को बताया। प्रतियोगिता में दर्शकों की बड़ी संख्या उपस्थित रही और उन्होंने हर मैच में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। खेल प्रेमियों ने कहा कि बाबा जयरामदास क्रिकेट प्रतियोगिता उत्तर भारत में युवा प्रतिभाओं के लिए एक महत्वपूर्ण मंच बन चुकी है। प्रतियोगिता का आयोजन न केवल खेल को बढ़ावा देता है, बल्कि युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने का अवसर भी प्रदान करता है।

ग्रुप-6 के मुकाबलों के शानदार प्रदर्शन ने प्रतियोगिता में रोमांच बनाए रखा और दर्शकों का उत्साह चरम पर था। प्रतियोगिता के अगले दिन भी कई रोमांचक मुकाबलों की उम्मीद जताई जा रही है, जिसमें सुपर 8 में जगह बनाने के लिए टीमें पूरी तैयारी के साथ मैदान में उतरेंगी।

सोमवार, 5 जनवरी 2026

बाबा साध धाम अकोदा में क्रिकेट प्रतियोगिता का तीसरा दिन, हिसार ने जयपुर को हराकर सुपर-8 में बनाई जगह 193 रनों का विशाल स्कोर, जयपुर की टीम 59 पर सिमटी

 

महेंद्रगढ़

आकोदा स्थित बाबा साध धाम में आयोजित क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन रोमांचक मुकाबला देखने को मिला। सोमवार को खेले गए इस मुकाबले में हिसार और जयपुर की टीम आमने-सामने थीं। मैच में हिसार की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जयपुर को एकतरफा मुकाबले में हराकर सुपर-8 में अपनी जगह पक्की कर ली।

टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए हिसार की टीम ने निर्धारित 12 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 193 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। हिसार के बल्लेबाजों ने शुरू से ही आक्रामक रुख अपनाया और जयपुर के गेंदबाजों पर दबाव बनाए रखा। चौकों-छक्कों की बरसात से दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिला।

जवाब में लक्ष्य का पीछा करने उतरी जयपुर की टीम हिसार के गेंदबाजों के सामने पूरी तरह बिखर गई। जयपुर की पूरी टीम मात्र 59 रनों पर ही ऑल आउट हो गई। हिसार के गेंदबाजों ने सटीक लाइन-लेंथ के साथ शानदार गेंदबाजी करते हुए जयपुर के बल्लेबाजों को टिकने का मौका नहीं दिया। इस तरह हिसार की टीम ने बड़ी जीत दर्ज की। मैच में उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए हिसार के खिलाड़ी सोबिया को मैन ऑफ द मैच के पुरस्कार से नवाजा गया। उनकी शानदार खेल भावना और प्रदर्शन की सभी ने सराहना की।

इस अवसर पर श्रद्धालुओं और खेल प्रेमियों द्वारा मंदिर कमेटी को दान स्वरूप राशि भी भेंट की गई। प्रधान रामपाल, सतीश यादव खेड़ा द्वारा 5100-5100 रुपये की राशि अर्पित की गई। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित सत्यव्रत शास्त्री, निदेशक संस्कृत अहीरवाल ने भी 5100 रुपए की राशि भेट की। इस दौरान उन्होंने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया और खेल को अनुशासन व भाईचारे का प्रतीक बताया।

कार्यक्रम में नरेश ठेकेदार, तेजपाल प्रधान, वेद साहब, महेंद्र ढाणी, भूप सिंह, लाल सिंह, धर्मवीर पूर्व सैनिक, धोलिया, करण सिंह, सुधीर उर्फ बिट्टू, राकेश मास्टर, अनिल प्रवक्ता, विनोद प्रवक्ता, कुलदीप कोच, संजय, अनिल, राव नरेंद्र सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं खेल प्रेमी मौजूद रहे। प्रतियोगिता के आयोजकों ने बताया कि आगे के मुकाबले और भी रोमांचक होंगे। हिसार की इस जीत से टीम का मनोबल काफी बढ़ा है और दर्शकों को आने वाले मैचों से भी बड़े रोमांच की उम्मीद है।

बाबा जयरामदास क्रिकेट प्रतियोगिता के छठे दिन ग्रुप-5 के मुकाबलों में दिखा जबरदस्त रोमांच एप्स नोएडा और अजीत गुरुग्राम के शानदार प्रदर्शन, अजीत गुरुग्राम सुपर-8 में पहुंची

महेन्द्र गढ़

पाली स्थित बाबा जयरामदास खेल मैदान में चल रही उत्तर भारत की प्रतिष्ठित बाबा जयरामदास क्रिकेट प्रतियोगिता के छठे दिन ग्रुप-5 के मुकाबले खेले गए। सोमवार को खेले गए तीनों मुकाबलों में रोमांच, संघर्ष और उत्कृष्ट खेल देखने को मिला। खिलाड़ियों ने अपने प्रदर्शन से दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया।

दिन का पहला मुकाबला एप्स नोएडा और हंस सागी क्रिकेट फाउंडेशन के बीच खेला गया। एप्स नोएडा ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला लिया। बल्लेबाजी करते हुए एप्स नोएडा की टीम 107 रन ही बना सकी। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हंस सागी क्रिकेट फाउंडेशन की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 10.4 ओवर में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मैच में गोरी को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया, जिन्होंने 34 गेंदों में नाबाद 53 रनों की शानदार पारी खेली।

दिन का दूसरा मुकाबला एप्स नोएडा और अजीत गुरुग्राम के बीच खेला गया। अजीत गुरुग्राम ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का निर्णय लिया। एप्स नोएडा ने निर्धारित 12 ओवर में 143 रनों का चुनौतीपूर्ण लक्ष्य दिया। जवाब में अजीत गुरुग्राम की टीम 12 ओवर में 134 रन ही बना सकी। इस प्रकार एप्स नोएडा ने यह मुकाबला 8 रन से जीत लिया। इस मैच में अनुराग को मैन ऑफ द मैच चुना गया। अनुराग ने 36 गेंदों पर 74 रनों की तूफानी पारी खेली और साथ ही दो महत्वपूर्ण विकेट लेकर टीम की जीत में अहम भूमिका निभाई।

सोमवार का तीसरा और अंतिम मुकाबला अजीत गुरुग्राम और हंस सागी क्रिकेट फाउंडेशन के बीच खेला गया। हंस सागी क्रिकेट फाउंडेशन ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग करने का फैसला किया। बल्लेबाजी करते हुए अजीत गुरुग्राम की टीम ने 12 ओवर में 135 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी हंस सागी क्रिकेट फाउंडेशन की टीम 12 ओवर में 115 रन ही बना सकी और यह मुकाबला अजीत गुरुग्राम ने 20 रन से जीत लिया। इस मैच में तरुण हंसराज को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया। तरुण ने तीन ओवर में एक मेडन सहित 18 रन देकर महत्वपूर्ण योगदान दिया।

इन मुकाबलों के आधार पर अजीत गुरुग्राम की टीम का चयन सुपर-8 के लिए किया गया। आयोजकों ने बताया कि आगे के मुकाबलों में और भी कड़े संघर्ष देखने को मिलेंगे।


अमर सिंह शर्मा – यादों में बसा क्रिकेट महाकुंभ 




पाली के बाबा जयरामदास खेल मैदान में क्रिकेट प्रतियोगिता के दौरान हरियाणा पुलिस के पूर्व सहायक पुलिस निरीक्षक (एएसआई) अमर सिंह शर्मा से बातचीत का अवसर मिला। अमर सिंह शर्मा ने बताया कि वे वर्ष 2019 में हरियाणा पुलिस से एएसआई पद से सेवानिवृत्त हुए। उन्होंने बताया कि वर्ष 1981 में जब बाबा जयरामदास क्रिकेट प्रतियोगिता का पहला टूर्नामेंट आयोजित हुआ था, तब वे स्वयं खिलाड़ी के रूप में इसमें शामिल हुए थे।

उन्होंने बताया कि उस समय नांगल माला और माधौगढ़ की टीमें आमने-सामने थीं और वे माधौगढ़ की टीम से खेले थे। अमर सिंह शर्मा ने एक ओवर में पांच विकेट लेकर कीर्तिमान बनाया था, जिसे आज भी लोग याद करते हैं। उन्होंने कहा कि जब भी वे इस मैदान में आते हैं, पुरानी यादें ताजा हो जाती हैं। बाबा जयरामदास का यह क्रिकेट महाकुंभ शुरू से ही खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा दिखाने का मंच देता आ रहा है और हर साल नए रिकॉर्ड बनते जा रहे हैं।

रविवार, 4 जनवरी 2026

आकोदा में क्रिकेट महाकुंभ का तीसरा दिन रहा रोमांच से भरपूर, डीघल की टीम सुपर आठ में पहुंची -मुख्य अतिथि पवन खैरवाल का जन्मदिन बना आयोजन का आकर्षण, रोमांचक मुकाबलों में डीघल ने दिखाया दम

 महेंद्रगढ़

गांव आकोदा स्थित बाबा साध क्रिकेट स्टेडियम में चल रहे क्रिकेट महाकुंभ का तीसरा दिन दर्शकों के लिए बेहद रोमांचकारी रहा। पूरे दिन खेले गए मुकाबलों में शानदार खेल देखने को मिला, वहीं खिलाड़ियों के उत्साह और दर्शकों की तालियों से स्टेडियम गूंजता रहा। आज के मुकाबलों के बाद डीघल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर आठ में प्रवेश किया। रविवार को कार्यक्रम में किसान मोर्चा के जिला अध्यक्ष एवं भाजपा के युवा नेता भाई पवन खैरवाल ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। स्टेडियम पहुंचने पर बाबा साध सेवा समिति एवं ग्रामीणों द्वारा उनका जोरदार स्वागत किया गया। अपने संबोधन में मुख्य अतिथि पवन खैरवाल ने कहा कि आकोदा के इस क्रिकेट मैदान से उनका पुराना लगाव रहा है। उन्होंने याद करते हुए बताया कि वर्ष 2007-08 में वे स्वयं अपनी टीम के साथ इस मैदान में खेलने आए थे और उस समय विजेता बनकर लौटे थे। उन्होंने कहा कि आज उसी मैदान पर मुख्य अतिथि के रूप में सम्मान पाकर उन्हें अत्यंत गर्व और खुशी महसूस हो रही है। इसके लिए उन्होंने खेल समिति, आयोजन कमेटी और समस्त ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया।

पवन खैरवाल ने खेलों को युवाओं के भविष्य के लिए आवश्यक बताते हुए अपने निजी कोष से खेल समिति को 5100 रुपए की आर्थिक सहायता प्रदान की और आश्वासन दिया कि भविष्य में भी वे यथासंभव सहयोग करते रहेंगे। उल्लेखनीय है कि आज पवन खैरवाल का जन्मदिन भी था। इस अवसर को खास बनाते हुए बाबा साध सेवा समिति ने उन्हें फूल-मालाओं व पगड़ी पहनाकर सम्मानित किया तथा मंच पर केक काटकर उनका जन्मदिन मनाया। समिति एवं ग्रामीणों ने उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। आज दानदाताओं में गांव के वयोवृद्ध व्यक्ति गोपीचंद नंबरदार के पोते विकास का भी सराहनीय योगदान रहा। विकास ने खेल कमेटी को 11,000 रुपए का आर्थिक सहयोग देकर खेलों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता का परिचय दिया।

मैचों की बात करें तो आज का पहला मुकाबला कोसली और शहीद श्री भगवान बास की टीमों के बीच खेला गया। श्री भगवान बास ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए कोसली की टीम ने निर्धारित 15 ओवरों में 8 विकेट खोकर 138 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी श्री भगवान बास की टीम 91 रन पर ही सिमट गई और यह मुकाबला कोसली ने आसानी से जीत लिया।

दूसरा मैच शहीद श्री भगवान बास और डीघल के बीच खेला गया। बास ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का निर्णय लिया, लेकिन पूरी टीम मात्र 78 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। जवाब में डीघल की टीम ने शानदार खेल दिखाते हुए 11 ओवरों में लक्ष्य हासिल कर लिया। इस मुकाबले में बेहतरीन प्रदर्शन के लिए मुकेश दहिया को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

आज का तीसरा और अंतिम मुकाबला डीघल और कोसली के बीच खेला गया। कोसली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी की और निर्धारित ओवरों में चार विकेट खोकर 114 रन बनाए। कोसली की ओर से राहुल यादव ने मात्र 26 गेंदों पर 64 रनों की विस्फोटक पारी खेलकर दर्शकों का खूब मनोरंजन किया। लक्ष्य का पीछा करने उतरी डीघल की टीम ने 11 ओवरों में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और इस जीत के साथ डीघल की टीम ने सुपर आठ में प्रवेश किया।

इस अवसर पर मुख्य अतिथि पवन खैरवाल के अलावा विष्णु पार्षद, ओबीसी मोर्चा मंडल अध्यक्ष शिवम, बाबा साध सेवा समिति के प्रधान नरेश ठेकेदार, तेजपाल प्रधान, वेद साहब, गजराज पंच, कुलदीप गुड़गांव, विजय ठेकेदार, महेंद्र सिंह ढाणी, अनिल हरियाणवी, प्रवक्ता विनोद, अनिल व विक्रम, विनय ठेकेदार, भूप सिंह पूर्व सैनिक, संजय, जगदीश, मास्टर जितेंद्र, लखेरा लाल सिंह पूर्व सैनिक, बिट्टू, सुधीर, राजेश, हबलू, राकेश सीआरपीएफ, राजबीर पूर्व पंच, राव नरेंद्र, महेंद्र चोटीवाला, मास्टर राकेश कुमार, मिट्ठू स्टूडियो पिलवान सहित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।