सोमवार, 20 मई 2024

पाली स्कूल में कार्यक्रम का आयोजन कर उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

 महेंद्र गढ़

रावमा विद्यालय पाली में सोमवार को कक्षा 10वीं व 12वीं का परीक्षा परिणाम काफी सराहनीय रहने पर सम्मान समारोह का आयोजन कर सम्मानित किया गया है। विद्यालय प्राचार्य डॉ. आईसी शर्मा ने बताया कि विद्यालय के 64 विद्यार्थियों ने परीक्षा दी थी। जिसमें से सभी विद्यार्थी उत्तीर्ण रहे है। 

तन्नु पुत्री मुकेश कुमार व रीतू पुत्री कृष्ण ने 483 अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान पाया। सुहानी पुत्री सुभाष ने 474 अंक प्राप्त कर द्वितीय व खुशी पुत्री महेन्द्र सिंह ने 470 अंक प्राप्त कर तीसरा स्थान प्राप्त किया। उन्होंने बताया कि 64 में से 16 बच्चों ने मैरिट सूचि में अपना नाम दर्ज किया है। गांव पाली के सरपंच देशराज ने बच्चों को बधाई देते हुए उन्हें कड़ी मेहनत करने के लिए प्रोत्साहित किया। इस अवसर पर समस्त स्टाफ सदस्य, एसएमसी प्रधान व गणमान्य लोग उपस्थित रहे।

रविवार, 19 मई 2024

बोर्ड परीक्षा में सराहनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को किया गया सम्मानित

 

महेंदर गढ़

जनता शिक्षा निकेतन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय बसई में शनिवार को कक्षा दसवीं व 12वीं की बोर्ड परीक्षा में अपनी मेहनत के दम पर सराहनीय प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को सम्मानित किया गया।

 विद्यालय के चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव ने कहा कि विद्यालय का 10वीं व 12वीं का परिणाम शत प्रतिशत रहा है। कक्षा 12वीं में 54 विद्यार्थियों में से 50 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशत से अधिक अंक अर्जित किए हैं व कक्षा दसवीं में 46 विद्यार्थियों में से 21 विद्यार्थियों ने 90 प्रतिशत से अधिकतम व 18 विद्यार्थियों ने 80 प्रतिशतअंक अर्जित कर अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। विद्यालय चेयरमैन ने अपने स्कूल के बच्चों को ऊर्जावान भाषण देते हुए शिक्षा के क्षेत्र में नए मुकाम हासिल करने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान विद्यालय प्राचार्य कुलदीप प्रकाश प्रवक्ता अभय सिंह यादव व अन्य सभी स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे।

गुरुवार, 16 मई 2024

पाली पीएचसी में डेंगू से होेने वाली बीमारियों व उससे बचाव को लेकर ग्रामीणों को किया गया जागरूक

 

महेंद्र गढ़ 16 मई

स्वास्थ्य विभाग की तरफ से डेंगू रोकथाम हेतू शुरू किए गए राष्ट्रीय मिशन के तहत डिप्टी सिविल सर्जन डॉ. मनीष यादव मलेरिया ने पीएचसी पाली में ग्रामवासियों व स्टाफ को डेंगू से होने वाली बीमारियों की रोकथाम के बारे में जानकारी दी। मच्छरों से फैलने वाली डेंगू, चिकनगुनिया व मलेरिया जैसी खतरनाक बीमारियों से मुक्ति दिलाने की जानकारी जैसे घरों व आस-पास पानी इक्टठा न होने दे, जहां पानी खड़ा होता है मच्छर वहीं पैदा होता है। कुलर, गमला व एसी में जहां पानी खड़ा रहता है उसे समय पर निकलवा कर हमें इस बीमारी से छुटकारा मिल सकता है।

 पीएचसी पाली के एमओ डॉ. आकाश गोयल ने सप्ताह में ड्राई-डे बारे पुरी जानकारी दी। स्वास्थ्य निरक्षक दिलबाग शर्मा ने इस दौरान स्टाफ सदस्यों को नियमों के बारे में पुरी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि छत पर पानी की टंकी को ढककर रखे। रात को शरीर ढक कर सोए, पूरी बाजू के कपड़े पहने, मच्छर दानी का प्रयोग करे। गलियाें व घरों में नल खुला न छोडे। बीमार होने पर नजदीक स्वास्थ्य इकाई पर जाकर मुफ्त जानकारी व इलाज प्राप्त करे। इस दौरान डॉ. संदीप डीएस, मोहन फाॅर्मेसीऑफिसर, आशु मित्तल, जोगेन्द्र बीएसी, फतेसिंह एमपीएचडब्ल्यू, बाला, रीना, सुनिता एलएचवी, नीरज, ममता एएनएम, अजयपाल, कुलदीप ग्रामीण कृष्ण, रामकिशन, मुकेश, कृष्ण वर्मा, सुरजमल आदि उपस्थित रहे।

मंगलवार, 14 मई 2024

सात दिवसीय श्री राम कथा के चौथे दिन कथाव्यास ने सुनाई सीता स्वयंवर की कथा

 

महेंद्र गढ़ 14 मई

गांव गढ़ी में चल रही सात दिवसीय श्री राम कथा के चौथे दिन कथाव्यास ने सीता स्वयंवर का प्रसंग सुनाया। कथा वाचक उदय राम शास्त्री ने बताया कि राजा जनक भगवान शिव के वंशज थे और भोलेनाथ का धनुष उनके राज महल में रखा था। एक बार महाराज जनक ने अपनी पुत्री सीता के स्वयंवर की घोषणा का साथ ये भी एलान कर दिया कि जो धनुष की प्रत्यंचा को चढ़ा देगा, उसी से मेरी पुत्री सीता का विवाह होगा। शिव धनुष कोई साधारण धनुष नहीं था बल्कि उस काल का ब्रह्मास्त्र था।

उस चमत्कारिक धनुष के संचालन की विधि राजा जनक, माता सीता, आचार्य परशुराम और आचार्य विश्वामित्र को ही ज्ञात थी। जनक राज को इस बात का डर सताने लगा था कि अगर धनुष रावण के हाथ लग गया तो इस सृष्टि का विनाश हो जाएगा। इसलिए विश्वमित्र ने पहले ही भगवान राम को उसके संचालन की विधि बता दी थी। जब श्री राम द्वारा वह धनुष टुट गया तभी परशुराम को बहुत क्रोध आया लेकिन आचार्य विश्वामित्र एवं लक्ष्मण के समझाने के बाद कि वह एक पुरातन यन्त्र था इसलिए संचालित करते ही टूट गया तब जाकर परशुराम का क्रोध शांत हुआ।

राम ने जब प्रत्यंचा चढ़ा कर धनुष को तोड़ा और माता सीता से उसका विवाह सम्पन्न हो गया। मंगलवार को प्रसंग समाप्त होने पर 56 भोग का प्रसाद वितरित किया गया।  इस मौके पर भारी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

आकोदा में योग करवा मानव शरीर में योग से होने वाले लाभों के बारे में करवाया गया अवगत

 

महेंद्र गढ़ 14 मई

आकोदा बस स्टैंड स्थित गायत्री चेतना केन्द्र पर दूसरे दिन भी योग शिविर जारी रहा। शिविर के दूसरे दिन केन्द्रीय विश्वविद्यालय से छात्र अंकित शर्मा व छात्रा मुस्कान ने उपस्थित लोगों को योग करवाकर योग से होने वाले लाभों के बारे में अवगत करवाया। उन्होंने बताया कि योग न केवल हमारे शरीर की मांसपेशियों को अच्छा व्यायाम देता है, बल्कि यह हमारे दिमाग को शांत रखने में भी मदद करता है।

 चिकित्सा अनुसंधान से पता चला है कि योग शारीरिक और मानसिक दोनों रूप से अच्छे स्वास्थ्य को बनाए रखने में मदद करता है। यदि आप योग को अपनी दिनचर्या में शामिल करते हैं तो आप तनाव मुक्त जीवन जी सकते हैं। योगाभ्यास शरीर को स्वस्थ बनाता है, क्योंकि यह हमें रोगों से लड़ने की शक्ति देता है। हृदय रोग, मधुमेह और अस्थमा जैसी कई अन्य बीमारियों के लिए योग की सलाह दी जाती है। इस दौरान उन्होंने अधिक से अधिक लोगों को योग शिविर में पहुंचे व स्वास्थ्य लाभ उठाने की अपील की। इस मौके पर अतर सिंह पालड़ी, बुधराम भूर्जट, धर्मबीर आकोदा स्थित अनेक गणमान्य लोग उपस्थित रहे।