गुरुवार, 1 जनवरी 2026

पाली में बाबा जयरामदास मेले के अवसर पर क्रिकेट महाकुंभ का शुभारंभ आज बाबा हरिदास क्रिकेट अकादमी, नजफगढ़, कुरुक्षेत्र क्रिकेट अकादमी और अमित पाली की टीमों के बीच होगा मुकाबला

 


महेंद्रगढ़

क्षेत्र के गांव पाली में बाबा जयरामदास के 77वें मेले के उपलक्ष्य में क्रिकेट महाकुंभ का आज भव्य शुभारंभ किया गया। गुरुवार को बाबा हरिदास क्रिकेट अकादमी, नजफगढ़, कुरुक्षेत्र क्रिकेट अकादमी और अमित पाली की टीमों के बीच मुकाबला होगा। बुधवार को शुभारंभ अवसर पर पहला फ्रेंडली मैच बीजेआरडी पाली और गुरुग्राम के बीच खेला गया, जिसमें गुरुग्राम की टीम विजयी रही।

कार्यक्रम की अध्यक्षता कृष्णा स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर राव कर्मवीर ने की, जबकि मुख्य अतिथि के रूप में अमित भारद्वाज उपस्थित रहे। उन्होंने झंडा फहराकर और राष्ट्रीय गान के साथ कार्यक्रम का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि अमित भारद्वाज ने बताया कि बाबा जयरामदास के मेले की शुरुआत पहले छोटी प्रतियोगिता से हुई थी, जो आज एक विशाल महाकुंभ के रूप में विकसित हो चुका है। उन्होंने बताया कि प्रथम विजेता को दो लाख एक हजार रुपये और चांदी का कप दिया जाएगा। साथ ही मैन ऑफ द सीरीज को एक हीरो बाइक पुरस्कार स्वरूप प्रदान किया जाएगा।

अमित भारद्वाज ने अपने निजी कोष से कमेटी को 2 लाख 51 हजार रुपये का सहयोग भी दिया और कहा कि भविष्य में आवश्यकता पड़ने पर बाबा के आशीर्वाद से मदद जारी रहेगी। कार्यक्रम का स्टेज संचालन मुन्ना उर्फ राजेश सेठ ने किया।

इस अवसर पर मंदिर कमेटी के प्रधान भंवर सिंह, पूर्व प्रधान राम अवतार सिंह, सरपंच देशराज फौजी, पूर्व सरपंच सुंदर सिंह,कमेटी संरक्षक कंवर सिंह सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। उन्होंने सभी से आग्रह किया कि मेले में माताएं, बहनें और अन्य प्रतिभागी कीमती आभूषण न पहनें और खेलों का आनंद लें। इसके साथ ही उन्होंने व्यवस्था बनाए रखने, पुलिस और वॉलंटियर्स के सहयोग का आश्वासन दिया।

 इस अवसर पर खजांची धर्मवीर स्वामी, सचिव संदीप तंवर, मास्टर कैलाश,सहसचिव प्रदीप सिंह, उत्तम सिंह,दलबीर सिंह,मुस्कान,वीरेंद्र, सुनील, विष्णु,सुरजीत, कल्पेश, राजकुमार,बृजपाल सिंह, दशरथ सिंह, विजय राठी,छोटा वीरेंद्र सहित समस्त इलाके वासी उपस्थित रहे।

मंगलवार, 9 दिसंबर 2025

आकोदा में मकर संक्रांति क्रिकेट महाकुंभ की तैयारियां शुरू, विजेता टीम को मिलेगा 1.71 लाख रुपए का इनाम

 

महेन्द्र गढ़

गांव आकोदा में मकर संक्रांति के उपलक्ष में हर वर्ष बाबा धाम पर लगने वाले विशाल मेले के साथ-साथ बाबा साध खेल स्टेडियम में आयोजित होने वाली क्रिकेट प्रतियोगिता की तैयारियां शुरू हो गई हैं। रविवार को कमेटी सदस्य बाबा साध खेल मैदान में एकत्र हुए और इस वर्ष होने वाले क्रिकेट महाकुंभ का विस्तृत कार्यक्रम जारी किया गया। बैठक में सभी सदस्यों को जिम्मेदारियां सौंपी गईं।

कमेटी सदस्यों ने बताया कि प्रतियोगिता का शुभारंभ 2 जनवरी को होगा जबकि फाइनल मुकाबला 13 जनवरी को बाबा साध खेल स्टेडियम में खेला जाएगा। इस बार प्रतियोगिता में विजेता टीम के लिए 1,71,000 रुपए, जबकि उपविजेता टीम के लिए 1,11,000 रुपए का नगद इनाम रखा गया है।

इसके अलावा मैन ऑफ द सीरीज खिलाड़ी को एक इलेक्ट्रिक स्कूटी देने की घोषणा की गई है। फाइनल मैच में मैन ऑफ द मैच को 11,000 रुपए, जबकि सेमीफाइनल में जीतने वाली टीमों के मैन ऑफ द मैच को 5,100 और 5,100 रुपए का पुरस्कार दिया जाएगा। प्रतियोगिता में भाग लेने हेतु 7,100 रुपए एंट्री फीस निर्धारित की गई है और पूरी प्रतियोगिता में गेंद बाल समिति द्वारा उपलब्ध कराई जाएगी।

बैठक में सरपंच प्रतिनिधि नरेश कुमार, बाबा साध सेवा समिति के प्रधान नरेश ठेकेदार, सुधीर उर्फ बिट्टू फौजी, प्रवक्ता नवीन कुमार, प्रवक्ता विक्रम, महेंद्र सिंह ढाणी, अनिल हरियाणवी, महेंद्र उर्फ माही, संजय, गजराज, पंच विनय ठेकेदार सहित अनेक ग्रामीण उपस्थित रहे।

सोमवार, 17 नवंबर 2025

नवजीवन अस्पताल मानवता की सेवा का एक सशक्त माध्यम बनेगा_ टांकेश्वर कुमार

महेंद्रगढ़

नवजीवन अस्पताल महेंद्रगढ़ मानवता की सेवा का एक सशक्त माध्यम बनेगा।इस बच्चों की सुपर स्पेशियलिटी हॉस्पिटल के उद्घाटन से हमारे समाज को स्वस्थ, मजबूत और उज्जवल भविष्य की ओर एक महत्वपूर्ण कदम मिला है।जहां बचपन स्वस्थ होगा, वहीं समाज का भविष्य निखरेगा। उक्त विचार हरियाणा केंद्रीय विश्वविद्यालय महेंद्रगढ़ के कुलपति प्रोफेसर टांकेश्वर कुमार ने नवजीवन अस्पताल के उद्घाटन समारोह पर बतौर मुख्य अतिथि व्यक्त किये।

विशिष्ट अतिथि सवेरा स्वयंसेवी संस्था के प्रदेश अध्यक्ष मनोज गौतम ने कहा कि नवजीवन अस्पताल हमारे बच्चों के लिए नई उम्मीदों का घर है।समाज के उत्थान के लिए स्वास्थ्य ही पहला कदम है और यह सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल इसे साकार करने का सशक्त माध्यम है।बच्चों को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलना समाज के विकास और प्रगति का परिचायक है।स्वस्थ बच्चों का निर्माण ही समाज के उज्जवल कल की नींव है, इस हॉस्पिटल से यह सपना साकार होगा।इस अस्पताल के संचालक डॉक्टर सोनू कुमार यादव प्रसिद्ध बाल रोग विशेषज्ञ और डॉक्टर मनीषा यादव सुप्रसिद्ध महिला एवं प्रसूति रोग विशेषज्ञ ने बताया कि इस अस्पताल के माध्यम से हम न केवल बीमार बच्चों को इलाज देंगे, बल्कि पूरे समाज को सशक्त और सक्षम बनाएंगे।चिकित्सा सेवा की यह नयी ऊँचाई हमारे समाज के कल्याण और समृद्धि की दिशा में एक मील का पत्थर साबित होगी। इस अवसर पर कार्यक्रम का मंच संचालन सवेरा स्वयंसेवी संस्था के प्रदेश अध्यक्ष मनोज गौतम ने किया। 

कार्यक्रम में बसई के पूर्व सरपंच अध्यक्ष डालू सिंह, पूर्व सरपंच रोहतास सिंह,पूर्व सरपंच हरिओम,मास्टर ताराचंद, डॉक्टर मेजर सूरत सिंह, डॉ प्रदीप यादव,नगर परिषद रेवाड़ी के चेयरमैन हरिंदर यादव,नगर पालिका अटेली के चेयरमैन भुवनेश गुप्ता, मार्केट कमेटी अटेली  के चेयरमैन दिनेश जैलदार, मार्केट कमेटी अटेली के वाइस चेयरमैन राधेश्याम गोयल, प्राचार्य लक्ष्मण सिंह,नरेश ठेकेदार,यादव सभा के प्रधान अभय सिंह यादव,हुक्का चौक प्रधान दिनेश कुमार, सरपंच प्रतिनिधि भगत सिंह,डॉ नरेश सिंह खुडाना,मास्टर कृष्ण कुमार,चाप सिंह,मंजीत डाबला समाज के गणमान्य एवं इलाके से काफी संख्या में लोग उपस्थित रहे।

बुधवार, 5 नवंबर 2025

बसई में बाबा बजरंगबली का 63वां मेला धूमधाम से संपन्न, खेल प्रतियोगिताओं में दिखा जोश

 

महेंद्रगढ़

गांव बसई में बाबा बजरंगबली का 63वां वार्षिक मेला श्रद्धा और उत्साह के साथ मनाया गया। दो दिवसीय इस मेले में खेल प्रतियोगिताओं, धार्मिक आयोजनों और सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने लोगों का भरपूर मनोरंजन किया। मंदिर कमेटी प्रधान गोविंद शर्मा ने बताया कि यह मेला सन 1963 में शुरू हुआ था। इसके संस्थापक डॉ. कमल सिंह खेड़ी सनसनवाल थे, जो उस समय गांव बसई में पशु चिकित्सक के रूप में कार्यरत थे। अब 95 वर्ष की आयु में भी डॉ. कमल सिंह हर वर्ष इस मेले में शामिल होते हैं। इस बार स्वास्थ्य ठीक न होने के बावजूद वे विशेष साधन से कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे, जिससे श्रद्धालुओं में उत्साह का संचार हुआ।


मेले के पहले दिन खेलों का शुभारंभ डॉ. बृजपाल सिंह चौहान ने किया, जबकि दूसरे दिन जिला पार्षद पूनम देवी ने प्रतियोगिताओं का उद्घाटन किया। इस अवसर पर डॉ. बृजपाल सिंह ने मंदिर कमेटी को 11,000 रुपए की राशि भेंट की, वहीं पूनम देवी ने 21,000 रुपए का आर्थिक सहयोग दिया। उन्होंने घोषणा की कि खेल मैदान में पार्षद कोटे से 11 लाख रुपए की लागत से विकास कार्य शीघ्र करवाया जाएगा।

कार्यक्रम की अध्यक्षता राजपा युवा अध्यक्ष राकेश तंवर ने की, जबकि पारितोषिक वितरण का कार्य पर्यावरण विभाग के अधिकारी हरीश शर्मा द्वारा किया गया। मेले में ग्रामीणों की भारी भीड़ उमड़ी। महिलाओं ने मेले में जमकर खरीदारी की, वहीं बच्चों ने खिलौनों और झूलों का आनंद लिया। दुकानों पर देर शाम तक रौनक बनी रही। मेले का मुख्य आकर्षण लड़कियों की कबड्डी प्रतियोगिता रही, जिसमें संस्कार भारती स्कूल पाली की टीम ने शानदार प्रदर्शन कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। पानीपत कलवाला की टीम दूसरे स्थान पर रही।

विशेष रूप मेले में पहुंचे डॉ कमल सिंह


खेल प्रतियोगिताओं के परिणाम इस प्रकार रहे:

100 मीटर दौड़ में जॉनी (दुधवा) प्रथम, हितेश (माधोगढ़) द्वितीय, हिमांशु (ओजस स्पोर्ट्स अकादमी) तृतीय रहे। 1500 मीटर दौड़ में मोहन सांगवान (आदमपुर) प्रथम, आजाद (बसई) द्वितीय, पवन (आदमपुर) तृतीय रहे। महिलाओं की 100 मीटर मटका दौड़ में प्रमिला (बाढ़ डालनेवास) प्रथम व संतोष द्वितीय स्थान पर रहीं। 400 मीटर महिलाओं की दौड़ में भारती (भिवानी) ने प्रथम, रवीना (दिनोद) ने द्वितीय, और दिव्या (दिनोद) ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। बुजुर्गों की 100 मीटर दौड़ में गिरधारी (बस पहाड़ी) प्रथम, मनोहर (वी पहाड़ी) द्वितीय तथा रोशन लाल (कनीना) तृतीय रहे।


कार्यक्रम में मंदिर कमेटी प्रधान मास्टर गोविंद शर्मा, दिलीप सिंह शेखावत, ओम प्रकाश, वीबीएन स्कूल के प्राचार्य लक्ष्मण सिंह, जनता स्कूल अध्यक्ष महेंद्र सिंह, प्रवक्ता पवन अहरोदिया , किशन सिंह,सतीश (हरियाणा पुलिस), पूर्व सरपंच हरिओम सिंह, मार्केट कमेटी पूर्व अध्यक्ष डालू सिंह, सरपंच प्रतिनिधि भगत सिंह, इनेलो प्रेस प्रवक्ता लाल सिंह घाटी, मुकेश सोनी, मास्टर सतबीर सिंह, पूर्व सरपंच सुरेश, कालू सिंह, डॉ. कमल सिंह, मास्टर रमेश खींची, राजू कोच, जितेंद्र कोच व रमेश साहब सहित क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।


हरियाली संग बंधे पवित्र रिश्ते — बसई गांव में बिना दहेज की अनोखी शादी बनी मिसाल -नीरज व ट्विंकल ने पांच पौधे लगाकर दिया नई सोच को जन्म

 

महेंद्रगढ़ 

क्षेत्र के गांव बसई में एक ऐसी अनोखी शादी हुई जिसने पूरे इलाके में नई मिसाल कायम कर दी। यहां सेवानिवृत्त सूबेदार श्रीराम यादव की पोती और पूर्व कमांडो नरेंद्र यादव, सदस्य आदर्श युवा मंच बसई की पुत्री ट्विंकल का विवाह गांव जोनावास निवासी नीरज पुत्र रामबीर यादव के साथ हुआ। इस विवाह की सबसे बड़ी विशेषता रही कि वर पक्ष ने दहेज लेने से साफ इनकार करते हुए दहेज के स्थान पर केवल पाँच पौधे लगाने का आग्रह किया।

लड़के के दादा नित्यानंद यादव, जो जोनावास गांव के पूर्व सरपंच रह चुके हैं, ने कहा कि यह विवाह समाज को प्रेरणा देने वाला है। विवाह स्थल पर वर-वधू ने स्वयं अपने हाथों से पाँच पौधे लगाए और यह संकल्प लिया कि हर वर्ष अपनी वैवाहिक वर्षगांठ पर नए पौधे लगाकर उनका पालन-पोषण करेंगे।


ब्राह्मण सभा के कॉलेजियम सदस्य एवं आदर्श युवा मंच के कोषाध्यक्ष समाजसेवी राजकुमार शर्मा ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि “पेड़ हमारे जीवन का आधार हैं, और इन्हें लगाकर यह परिवार न केवल पर्यावरण की रक्षा कर रहा है, बल्कि समाज को सादगी और जागरूकता का संदेश भी दे रहा है।”

सवेरा स्वयंसेवी संस्था के प्रदेश अध्यक्ष मनोज गौतम ने कहा कि “जहाँ दहेज नहीं, वहाँ सच्चा स्नेह है और जहाँ पेड़ लगते हैं, वहाँ जीवन गूँजता है।” उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस दहेज-मुक्त पहल को आगे बढ़ाएँ और इसे एक आंदोलन का रूप दें।

भाजपा युवा नेता एवं विधायक पुत्र राहुल यादव ने इस शादी को “पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सुधार का सुंदर संगम” बताते हुए नवविवाहित जोड़े को आशीर्वाद दिया। उन्होंने कहा कि यह विवाह सादगी, संस्कार और प्रेरणा का प्रतीक है।

विवाह समारोह में पूर्व चेयरमैन डालू सिंह, सेवानिवृत्त प्राचार्य विष्णु जोशी, जनता स्कूल बसई के प्राचार्य महेंद्र सिंह यादव, पूर्व पंच सूबे सिंह यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति व ग्रामीण उपस्थित रहे। सभी ने इस पहल को समाज के लिए एक नई दिशा बताया।

इस दहेज-मुक्त विवाह ने यह साबित कर दिया कि “हमने दहेज नहीं, पाँच पेड़ लगाए हर रिश्ते को हरियाली से सजाए।” यह शादी न केवल एक पारिवारिक आयोजन रही, बल्कि समाज में यह संदेश भी छोड़ गई कि पेड़ लगाना सबसे बड़ा दान है और दहेज सबसे बड़ी बुराई।