सोमवार, 4 अगस्त 2025

आकोदा गांव के सबसे बुजुर्ग बहादुर सिंह का 97 वर्ष की आयु में निधन

 


महेंद्रगढ़

गांव आकोदा के 97 वर्षीय बुजुर्ग व्यक्ति बहादुर सिंह का निधन हो गया। उनकी मृत्यु की सूचना मिलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई। ग्रामीणों ने बताया कि बहादुर सिंह न केवल गांव के सबसे उम्रदराज व्यक्ति थे, बल्कि एक समाजसेवी और मिलनसार स्वभाव के धनी भी थे। 

गांव का कोई भी व्यक्ति जब किसी समस्या का समाधान या पुरानी घटनाओं की जानकारी के लिए उनके पास जाता था, तो बहादुर सिंह बड़ी ही सहजता से सही और सटीक जानकारी साझा करते थे। उनकी सरलता और मददगार स्वभाव के कारण वे गांव में बेहद सम्मानित माने जाते थे।अचानक हुए निधन से ग्रामीणों में गहरा शोक व्याप्त हो गया। उनका अंतिम संस्कार गांव आकोदा में ही किया गया। इस दौरान क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्तियों व ग्रामीणों ने अंतिम यात्रा में शामिल होकर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। बहादुर सिंह अपने पीछे भरा-पूरा परिवार छोड़ गए हैं। उनके निधन से गांव में एक युग का अंत माना जा रहा है।

रविवार, 3 अगस्त 2025

अनुसूचित जाति के लोगों को स्वरोजगार देने के लिए सावधि ऋण योजना व सूक्ष्म वित्त योजना शुरू इच्छुक उम्मीदवार 21 तक ऑनलाइन व कार्यालय में कर सकते हैं आवेदन सावधि ऋण योजना के तहत 2 लाख व सूक्ष्म वित्त योजना के तहत 1 लाख रुपए तक ले सकते हैं ऋण लैंडलाइन नंबर 01282-250253 पर संपर्क कर ले सकते हैं जानकारी



नारनौल,
हरियाणा अनुसूचित जाति वित्त एवं विकास निगम की ओर से अनुसूचित जाति के लोगों को स्वरोजगार देने के लिए सावधि ऋण योजना व सूक्ष्म वित्त योजना शुरू की हैं। 
यह जानकारी देते हुए उपायुक्त डॉ विवेक भारती ने बताया कि हरियाणा सरकार ने अनुसूचित जाति के लोगों को स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से सावधि ऋण योजना व सूक्ष्म वित्त योजना शुरू कर एक सराहनीय पहल की है। उन्होंने बताया कि सावधि ऋण योजना के तहत निगम द्वारा स्वरोजगार के लिए 2 लाख रुपए का ऋण 8 प्रतिशत की वार्षिक ब्याज दर पर दिया जाएगा। यदि ऋण की किस्त समय पर नहीं भरी जाती है, तो 4 प्रतिशत की अतिरिक्त वार्षिक ब्याज दर लगेगी। इसी प्रकार सूक्ष्म वित्त योजना के तहत 1 लाख रुपए का ऋण 6.50 प्रतिशत की वार्षिक ब्याज दर पर प्रदान किया जाएगा। समय पर किस्त का भुगतान न करने पर 4 प्रतिशत की अतिरिक्त वार्षिक ब्याज दर लगेगी।

योजना के लिए पात्रता व शर्तें 

इन योजनाओं के लिए आवेदक हरियाणा का स्थायी निवासी और अनुसूचित जाति से संबंधित होना चाहिए। आवेदक की आयु 18 से 45 वर्ष के बीच होनी चाहिए। परिवार पहचान पत्र के अनुसार आवेदक की वार्षिक पारिवारिक आय 3 लाख से अधिक नहीं होनी चाहिए। आवेदक ने पहले किसी बैंक या निगम से लिए गए ऋण का दुरुपयोग न किया हो और वह डिफॉल्टर नहीं होना चाहिए।
इन योजनाओं में 50 हजार रुपए या परियोजना लागत का 50 प्रतिशत (जो भी कम हो) तक की सब्सिडी का लाभ भी मिलेगा।
 
आवेदन कैसे करें

इच्छुक उम्मीदवार 21 अगस्त 2025 तक निगम की आधिकारिक वेबसाइट https://hscfdc.org.in/ पर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इसके अलावा आवेदक सिंघाना रोड केशव नगर गली नंबर 3 के मकान नंबर 2210 स्थित निगम कार्यालय में आवेदन कर सकते हैं। इस संबंध में अन्य किसी जानकारी के लिए कार्यालय के लैंडलाइन नंबर 01282-250253 पर संपर्क कर सकते हैं।

आवेदन के लिए दस्तावेज

आवेदन के लिए दो पासपोर्ट साइज फोटो, बैंक पासबुक, आधार कार्ड, पहचान पत्र, पैन कार्ड, सत्यापित परिवार पहचान पत्र, अनुसूचित जाति प्रमाण पत्र, रिहायशी प्रमाण पत्र और शैक्षणिक योग्यता प्रमाण पत्र शामिल हैं।

शनिवार, 2 अगस्त 2025

गांव खुडाना में ग्राम पंचायत और ग्रामीणों ने मिलकर लगाया 13 फीट ऊंचा पीपल का पौधा

 

महेंद्रगढ़

गांव खुडाना में आज एक अनूठी पहल के तहत ग्राम पंचायत और समस्त ग्रामीणों ने मिलकर सार्वजनिक स्थल पर एक विशाल पीपल के पौधे का रोपण किया। यह पौधारोपण गांव के बस स्टैंड के पास सुबह लगभग 10:00 बजे विधि-विधान के साथ पूजा-अर्चना कर किया गया। पूजा के बाद मिठाइयां बांटी गईं और समस्त उपस्थित ग्रामीणों ने खुशी जताते हुए इस पहल का स्वागत किया।

जानकारी देते हुए सरपंच प्रतिनिधि डॉ. नरेश सिंह, पूर्व अध्यक्ष श्योराज सिंह, नंबरदार फतेह सिंह, पूर्व सरपंच नरेंद्र कुमार, समाजसेवी ओमपाल सिंह ठेकेदार,मनजीत तंवर, गोविंद सिंह, ओमवीर पच, पूर्व सरपंच धन सिंह, मिंटू, कुल्लू, सुभाष, नरेश, संजय, नितेश, योगेश, किंग कोंग व विष्णु ठेकेदार सहित अन्य ग्रामीणों ने बताया कि वृक्षारोपण हमारे जीवन का एक आवश्यक अंग है। उन्होंने विशेष रूप से पीपल वृक्ष के महत्व को रेखांकित करते हुए बताया कि यह धार्मिक, आध्यात्मिक और औषधीय दृष्टिकोण से अत्यंत महत्वपूर्ण है। पीपल के पत्ते, छाल, जड़ और फल सभी का प्रयोग विभिन्न आयुर्वेदिक औषधियों में किया जाता है। यह वृक्ष 24 घंटे ऑक्सीजन देने की क्षमता रखता है, जो मानव जीवन के लिए अत्यंत आवश्यक है।


ग्रामीणों ने बताया कि हर खुशी के अवसर पर एक वृक्ष अवश्य लगाना चाहिए ताकि पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ भावी पीढ़ियों को स्वच्छ वायु और हरित वातावरण मिल सके। इस पहल को गांव के बच्चों और युवाओं ने भी उत्साहपूर्वक समर्थन दिया।


गांव खुडाना में यह सामूहिक वृक्षारोपण न केवल पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक सराहनीय कदम है, बल्कि सामाजिक एकजुटता और जागरूकता का भी प्रतीक है।

ज्ञानकोश ए ग्लोबल स्कूल में आयोजित अभिभावक-शिक्षक-विद्यार्थी मीटिंग, 511 अभिभावकों ने की सहभागिता

 

महेंद्रगढ़

आकोदा खुडाना स्थित ज्ञानकोश ए ग्लोबल स्कूल में अभिभावक-शिक्षक-विद्यार्थी मीटिंग (PTSM) का भव्य आयोजन किया गया, जिसमें कुल 511 अभिभावकों ने भाग लेकर बच्चों की शिक्षा और विकास के प्रति अपनी गहरी रुचि दिखाई। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों के शैक्षणिक प्रदर्शन को बेहतर बनाना और उनके सर्वांगीण विकास के लिए शिक्षक व अभिभावकों के बीच समन्वय स्थापित करना रहा।


विद्यालय के सीईओ राकेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि इस प्रकार की मीटिंग्स विद्यार्थियों के आत्मविश्वास और मानसिक विकास में अहम भूमिका निभाती हैं। उन्होंने कहा कि जब बच्चों को यह अनुभव होता है कि उनके शिक्षक और अभिभावक उनके प्रयासों पर नजर रखे हुए हैं, तो वे अपनी शिक्षा और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में और अधिक मनोयोग से भाग लेते हैं।

राकेश कुमार ने आगे कहा कि पीटीएसएम अभिभावकों को यह समझने में मदद करता है कि उनके बच्चे घर और स्कूल में किस प्रकार का व्यवहार करते हैं और किन परिस्थितियों में उन्हें किस प्रकार से प्रतिक्रिया देनी चाहिए। यह पहल बच्चों के भावनात्मक स्वास्थ्य में सुधार लाने में भी सहायक होती है।

विद्यालय के प्राचार्य रामनिवास यादव ने बताया कि यह बैठक केवल रिपोर्ट कार्ड देखने तक सीमित नहीं होती, बल्कि यह एक सहयोगात्मक प्रयास होता है, जो बच्चे के सीखने के माहौल को और अधिक सकारात्मक बनाने का कार्य करता है। उन्होंने कहा कि इस मीटिंग से अभिभावक और शिक्षक दोनों एक साझा लक्ष्य की ओर अग्रसर होते हैं—बच्चों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ भी उपस्थित रहा और अभिभावकों से सकारात्मक संवाद किया।

पाली का संस्कार भारती स्कूल कबड्डी में अव्वल, तीनों आयु वर्गों में प्रथम स्थान

 

महेंद्रगढ़ 

महेंद्रगढ़ के गांव निंबी स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में चल रही दो दिवसीय ब्लॉक स्तरीय खेल प्रतियोगिता के दूसरे दिन पाली के संस्कार भारती स्कूल ने कबड्डी में शानदार प्रदर्शन करते हुए सभी आयु वर्गों में प्रथम स्थान हासिल किया। अंडर-14, अंडर-17 और अंडर-19 आयु वर्ग की कबड्डी प्रतियोगिताओं में स्कूल की तीनों टीमों ने प्रथम स्थान प्राप्त कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है।


संस्कार भारती स्कूल, पाली के मैनेजिंग डायरेक्टर संदीप यादव ने बताया कि यह जीत स्कूल के खिलाड़ियों की मेहनत, कोचों की कुशल प्रशिक्षण प्रणाली और प्रबंधन के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बच्चों ने मैदान में अनुशासन और रणनीति का शानदार उदाहरण प्रस्तुत किया, जिससे स्कूल में हर्ष का माहौल है।

स्कूल के अध्यक्ष सुदेश यादव ने बताया कि संस्कार भारती स्कूल खेलों विशेष रूप से कबड्डी में निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन करता आ रहा है और यह उपलब्धि उसकी सशक्त खेल नीति का प्रमाण है। उन्होंने कहा कि निंबी स्कूल में मिली जीत से स्पष्ट होता है कि स्कूल के खिलाड़ी किसी भी स्तर पर चुनौतियों का डटकर सामना कर सकते हैं।इस अवसर पर कोच अनूप सांगवान, सुनील जाट, अनूज सांगवान,गौतम मंडोला और संदीप रीधाना के योगदान की विशेष रूप से सराहना की गई। स्कूल प्रबंधन ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की और विश्वास जताया कि आने वाले समय में ये खिलाड़ी न केवल स्कूल बल्कि गांव व जिले का भी नाम रोशन करेंगे।