शुक्रवार, 16 अगस्त 2024

खुडाना में भूतपूर्व सैनिक सेवा संगठन द्वारा धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस

 महेंद्र गढ़

गांव खुडाना के गांव में भूतपूर्व सैनिक सेवा संगठन द्वारा स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस विषय में जानकारी देते हुए उज्ज्वल अकादमी के एमडी एवं पूर्व सैनिक हेमंत सिंह तंवर ने बताया कि हमारे गांव में पूर्व सैनिकों की परिवारों की सहायता हेतु एक संगठन बनाया गया है।

उन्होंने बताया कि भूतपूर्व सैनिक सेवा संगठन भूतपूर्व सैनिकों के परिवार की हर संभव मदद करता है। उन्होंने बताया कि आज शहीदों की चिताओं पर पुष्प अर्पित करते हुए स्वतंत्रता दिवस मनाया गया। इस अवसर पर प्रधान सुनील रिसालदार ने बताया कि आज हम जो खुली हवा में सांस ले रहे हैं वह सब हमारे शहीदों की बदौलत ही संभव हो पा रहा है। इस अवसर पर गांव के पूर्व सरपंच प्रतिनिधि ओमपाल सिंह, पूर्व सरपंच राधे सिंह, भाजपा मंडल के पाली की अध्यक्ष सत्यबीर उर्फ भेरो सिंह सहित भूतपूर्व सैनिक व ग्रामीण उपस्थित रहे।




उज्जवल कैंपस में धूमधाम से मनाया गया 78वां स्वतंत्रता दिवस

 महेंद्र गढ़

आकोदा बसस्टैंड स्थित उज्जवल कैंपस में गुरुवार को 78 वा स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया।

इस विषय में  जानकारी देते हुए कैंपस के संचालक हेमंत सिंह तंवर बताया कि स्वतंत्रता दिवस पर कैंपस के ऊपर तिरंगा फहराया गया और बच्चों ने स्वतंत्रता दिवस पर भाषण प्रतियोगिता में भाग लेते हुए सभी को देश सेवा के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर कैंपस का समस्त स्टाफ व विद्यार्थी उपस्थित रहे।





राजकीय स्कूल ढाणी आकोदा में धूमधाम से मनाया गया 78वां स्वतंत्रता दिवस

 महेंद्र गढ़

राजकीय प्राथमिक पाठशाला ढाणी आकोदा में 78 वां स्वतंत्रता दिवस धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर विद्यालय प्रबंधक समिति अध्यक्ष बाला देवी, विद्यालय इंचार्ज मनीषा कुमारी, अध्यापक सुनील कुमार, अध्यापक सुरेंद्र आर्य, यादविंदर यादव व विद्यालय की सबसे बड़ी बेटी कुमारी परी ने राष्ट्रीय ध्वज तिरंगा फहराया। 

बच्चों ने नन्हा मुन्ना राही हूं, बेटियों ने खूब पढ़ाना, वीरों के जीवन गाथा हम होंगे कामयाब आदि विभिन्न गीतों पर सांस्कृति प्रस्तुतियां दी। मास्टर सुरेंद्र आर्य ने देशभक्ति के गीतों से खूब  लुभाया। अध्यापक सुनील कुमार ने कहा कि हमें अपनी स्वतंत्रता को बनाकर रखना है देश की रक्षा के लिए सदा तत्पर रहना है। इस अवसर सभी बच्चों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

प्रसिद्ध कलाकार अपने भजनों के माध्यम से करेंगे बाबा की महिमा का गुणगान


महेंद्र गढ़

आकोदा स्थित क्षेत्र के प्रसिद्ध बाबा साध धाम पर 17 अगस्त को विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। इस विषय में जानकारी देते हुए कमेटी सदस्यों ने बताया कि बाबा की बाग वाली समाध पर हर साल सावन माह की द्वादशी के अवसर पर एक विशाल भंडारे का आयोजन किया जाता है।

इसके साथ-साथ इस दिन, दिन भर बाबा की महिमा का गुणगान प्रसिद्ध कलाकारों द्वारा किया जाता है। उन्होंने बताया कि इस बार बाबा के महिमा का गुणगान करने के लिए दीपक चिड़िया, अनिल बांदा एंड कंपनी को आमंत्रित किया गया है। कमेटी सदस्यों ने बताया कि  बाबा के धाम पर जो भी भगत सच्चे मन से मन्नत मांगने आता है बाबा उसकी मनोकामना अवश्य पूर्ण करते हैं अबकी बार द्वादशी 17 अगस्त की है कमेटी सदस्यो ने ग्रामीणों से आग्रह किया है कि अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर प्रसाद ग्रहण करने, बाबा की महिमा का गुणगान सुनकर बाबा का आशीर्वाद ग्रहण करें

रविवार, 11 अगस्त 2024

आकोदा में बिजली निगम के सब डिवीजन का कार्य शुरू करवाने को लेकर सांसद ने निगम के महानिदेशक को लिखा पत्र

 महेंद्र गढ़

महेंद्रगढ़ भिवानी के सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के महानिदेशक आईएएस फूलचंद मीणा को पत्र लिखकर आकोदा सब डिवीजन कार्यालय शुरू करने की सिफारिश की है। इस विषय में जानकारी देते हुए समाजसेवी संदीप मालड़ा एवम नरेंद्र राव आकोदा ने बताया कि हरियाणा सरकार की तरफ से दो वर्ष पूर्व बिजली निगम महेंद्रगढ़ डिवीजन में तीन नए सब डिवीजन मंजूर किए थे। जिसके अंतर्गत सतनाली, आकोदा व महेंद्रगढ़ सब अर्बन कार्यालय शामिल था। जिसके बाद से सतनाली सब डिवीजन व महेंद्रगढ़ सब अर्बन में पूरी तरह से कार्य किया जा रहा है। लेकिन आकोदा सब डिविजन कार्यालय धरातल पर शुरू नहीं हो पाया है। जिसपर सांसद चौधरी धर्मबीर सिंह ने संज्ञान लेते हुए आकोदा में सब डिवीजन का कार्यालय शुरू करवाने के लिए दक्षिणी हरियाणा बिजली वितरण निगम के महानिदेशक आईएएस फूलचंद मीणा को पत्र लिखा है। उन्होंने बताया कि आकोदा में सब डिवीजन कार्यालय शुरू होने से आस-पास के करीब 50 हजार उपभोक्ताओं को इसका लाभ मिलेगा। अभी आकोदा क्षेत्र के लोगों का कार्यालय महेंद्रगढ़ में होने की वजह से लोगों को अपने बिजली संबंधित कार्यो के लिए महेंद्रगढ़ आना पड़ता है। लेकिन अगर आकोदा सब डिविजन का कार्यालय आकोदा में शुरू हो जाए तो इसका उपभोक्ताओं को पूरा-पूरा लाभ मिलेगा व उनके समय व पैसे दोनों की बचत भी होगी।