मंगलवार, 31 मार्च 2026

बसई के जनता शिक्षा निकेतन विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत, मेधावी छात्र सम्मानित


 जनता शिक्षा निकेतन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बसई में सोमवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें कक्षा पहली से ग्यारहवीं तक का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इस उपलब्धि से विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। परिणाम घोषणा के अवसर पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ अनुशासित छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन महेंद्र कुमार, प्राचार्य कुलदीप प्रकाश, व्यवस्थापक सत्यवीर सिंह तंवर तथा समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

प्राचार्य कुलदीप प्रकाश ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता के प्रयास और शिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों को सकारात्मक वातावरण प्रदान करें, जबकि शिक्षक आधुनिक व प्रयोगात्मक शिक्षण पद्धति के माध्यम से उनके भविष्य को संवारने का कार्य करते हैं। चेयरमैन महेंद्र कुमार ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करता रहेगा। उन्होंने अभिभावकों को विश्वास दिलाया कि संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय व्यवस्थापक सत्यवीर सिंह तंवर ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए नए सत्र में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें