सोमवार, 3 नवंबर 2025

ज्ञानकोष-ए ग्लोबल स्कूल में हुआ रक्तदान शिविर, समाजसेवा की बनी मिसाल रक्तदान जीवनदान है, इसे अपनी आदत बनाएं — डॉ. आकाश गोयल

 

महेन्द्र गढ़

आज के युग में रक्तदान को सबसे बड़ा मानवीय कार्य माना जाता है क्योंकि यह किसी ज़रूरतमंद व्यक्ति को नई ज़िंदगी देने का माध्यम बनता है। इसी भावना को साकार करते हुए ज्ञानकोष-ए ग्लोबल स्कूल, खरखड़ा आकोदा में सोमवार को एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया। इस अवसर पर विद्यार्थियों, शिक्षकों, समाजसेवियों और स्थानीय नागरिकों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया और मानवता की सच्ची मिसाल पेश की।

शिविर का शुभारंभ मुख्य अतिथि डॉ. आकाश गोयल और कार्यक्रम की अध्यक्षता आकोदा पेक्स के चेयरमैन नरेश गुप्ता के करकमलों द्वारा किया गया। उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए डॉ. आकाश गोयल ने कहा कि “रक्तदान एक ऐसा पुण्य कार्य है जो किसी को जीवन की नई आशा देता है। हर स्वस्थ व्यक्ति को समाज के प्रति अपने दायित्व के रूप में नियमित रूप से रक्तदान करना चाहिए।” उन्होंने यह भी कहा कि रक्तदान से किसी भी प्रकार की कमजोरी नहीं आती बल्कि शरीर में नई ऊर्जा का संचार होता है।

कार्यक्रम के अध्यक्ष नरेश गुप्ता ने कहा कि इस प्रकार के मानवीय कार्यों से विद्यार्थियों में सेवा, करुणा और जिम्मेदारी की भावना का विकास होता है। उन्होंने कहा कि जब युवा वर्ग ऐसे कार्यों में सक्रिय रूप से भाग लेता है तो समाज में सकारात्मक ऊर्जा और सहयोग की भावना मजबूत होती है। ज्ञानकोष-ए ग्लोबल स्कूल के सीईओ राकेश कुमार ने कहा कि ऐसे आयोजन समाज में मानवता, करुणा और सहयोग की भावना को प्रोत्साहित करते हैं। उन्होंने सभी रक्तदाताओं और सहयोगियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि विद्यालय सदैव समाज सेवा के क्षेत्र में आगे रहेगा।

कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में जोश और उत्साह का माहौल देखने को मिला। बड़ी संख्या में छात्रों, शिक्षकों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, स्थानीय नागरिकों और महिलाओं ने इस रक्तदान शिविर में भाग लेकर समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाई। विद्यालय के प्राचार्य रामनिवास ने कहा कि रक्तदान को “महादान” कहा गया है क्योंकि रक्त का कोई विकल्प नहीं है। उन्होंने कहा कि संस्था सभी रक्तदाताओं का तहे दिल से आभार व्यक्त करती है जिन्होंने इस पुण्य कार्य में स्वेच्छा से भाग लिया।

शिविर के सफल आयोजन में नर्सिंग ऑफिसर सुरभि, लैब टेक्नीशियन सुनील, मोहनलाल और अजय सहित अन्य स्टाफ सदस्यों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। उन्होंने पूरे कार्यक्रम को व्यवस्थित ढंग से संचालित किया ताकि रक्तदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

कार्यक्रम के अंत में सभी रक्तदाताओं को प्रमाण पत्र देकर सम्मानित किया गया। विद्यालय प्रशासन ने सभी वॉलिंटियर्स, शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों का विशेष धन्यवाद करते हुए कहा कि उनके सहयोग और समर्पण से ही यह रक्तदान शिविर सफल हो सका। इस अवसर पर उपस्थित सभी लोगों ने यह संकल्प लिया कि वे आगे भी नियमित रूप से रक्तदान करेंगे और दूसरों को भी प्रेरित करेंगे। शिविर ने यह संदेश दिया कि रक्तदान केवल दान नहीं, बल्कि जीवनदान है और यही भावना एक सशक्त, संवेदनशील व मानवतावादी समाज की नींव रखती है।

शुक्रवार, 5 सितंबर 2025

कोथल कलां के राहुल ने नेट-सीएसआईआर परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक-3 हासिल कर क्षेत्र का नाम किया रोशन

 

महेंद्रगढ़

महेंद्रगढ़ जिला के गांव कोथल कलां निवासी राहुल पुत्र कैप्टन महावीर सिंह ने नेट-सीएसआईआर परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 3 हासिल कर पूरे क्षेत्र व जिले का नाम गौरवान्वित किया है। यह परिणाम वीरवार को घोषित किया गया, जिसके बाद से ही उनके घर-परिवार सहित पूरे इलाके में खुशी का माहौल बना हुआ है।

राहुल वर्तमान में केमिस्ट्री प्रवक्ता के पद पर कार्यरत हैं। उन्होंने जून माह में नेट परीक्षा दी थी, जिसके नतीजे में उन्हें केमिकल साइंस विषय में देशभर में तीसरा स्थान प्राप्त हुआ। राहुल की इस उपलब्धि पर उनके चाचा व हैफेड मैनेजर जगराम तथा कनीना मॉडल स्कूल के प्राचार्य सुनील खुडानिया ने गर्व व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता न केवल परिवार बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए सम्मान की बात है।


राहुल ने अपनी सफलता का श्रेय अपने माता-पिता, परिजनों और शिक्षकों को दिया। उन्होंने कहा कि यदि इंसान ठान ले तो कोई भी कार्य या परीक्षा असंभव नहीं होती। कठिन परिश्रम और निरंतर प्रयास से कठिन से कठिन लक्ष्य को भी आसानी से हासिल किया जा सकता है। राहुल की इस बात ने क्षेत्र के युवाओं के लिए एक प्रेरणा का काम किया है।

इस उपलब्धि की खबर जैसे ही गांव व क्षेत्र में फैली, बधाई देने वालों का तांता लग गया। इस खुशी के मौके पर हैफेड मैनेजर जगराम, प्राचार्य सुनील खुडानिया, विजय कपिल, रघु सीहमा, प्रवक्ता सुरेश यादव आकोदा, पूर्व प्रवक्ता रोशन लाल,राजकुमार आदि कई समाजसेवी और शिक्षाविदों ने राहुल को बधाई दी। ग्रामीणों व समाजसेवी संस्थाओं ने भी उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

राहुल की इस सफलता ने जहां उनके परिवार का मान बढ़ाया है, वहीं गांव कोथल कलां सहित पूरे महेंद्रगढ़ जिले का नाम भी रोशन किया है। उनकी उपलब्धि से युवाओं में नई ऊर्जा का संचार हुआ है और क्षेत्र के छात्र-छात्राओं के लिए एक प्रेरणादायक मिसाल बनी है।

बुधवार, 27 अगस्त 2025

आकोदा में जयप्रकाश उर्फ बिल्लू का असामयिक निधन, बाजार रहा बंद

 



महेंद्रगढ़

गांव आकोदा में बुधवार को लगभग 50 वर्षीय दुकानदार जयप्रकाश उर्फ बिल्लू का हृदय गति रुकने से असामयिक निधन हो गया। उनके निधन की खबर जैसे ही गांव में फैली, पूरे कस्बे की मार्केट शोक में डूब गई और दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दीं।

जयप्रकाश उर्फ बिल्लू आकोदा में इलेक्ट्रिक की दुकान चलाते थे और अपने मिलनसार, हंसमुख एवं मददगार स्वभाव के लिए जाने जाते थे। वे हर किसी से खुले मन से मिलते और हमेशा सहयोग के लिए तैयार रहते थे। 

सामाजिक गतिविधियों में भी वे बड़ी रुचि और समर्पण के साथ भागीदारी करते थे।उनका अचानक हुआ निधन गांव और क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति माना जा रहा है। वे अपने पीछे मां, भाई, एक शादीशुदा बेटी और एक बेटे को छोड़ गए हैं। उनका अंतिम संस्कार गांव आकोदा में ही किया गया, जिसमें भारी संख्या में ग्रामीणों और आसपास के लोगों ने हिस्सा लिया। 

उपस्थित सभी ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकग्रस्त परिवार को दुख सहने की शक्ति प्रदान करने की प्रार्थना की।

गुरुवार, 14 अगस्त 2025

खरकड़ा आकोदा में 5वां जन्माष्टमी महोत्सव 15 अगस्त को

महेंद्रगढ़ 

बाबा साध सेवा समिति (खरकड़ा) आकौदा में 5वां जन्माष्टमी महोत्सव का आयोजन शुक्रवार, 15 अगस्त को होगा। इस अवसर पर हवन प्रातः 7:15 बजे, खीर चूरमा के प्रसाद वितरण 10:15 बजे और जागरण रात्रि 10:15 बजे से शुरू होगा। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि उद्योग एवं वन पर्यावरण मंत्री राव नरबीर सिंह होंगे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व सीपीएस राव दान सिंह, सांसद चौ. धर्मबीर सिंह, विधायक महेंद्रगढ़ कंवर सिंह यादव, पूर्व मंत्री प्रो. रामबिलास शर्मा और पूर्व विधायक राव बहादुर सिंह शामिल होंगे।

कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला प्रमुख डॉ. राकेश, पंचायत समिति चेयरमैन विजय लक्ष्मी, जिला पार्षद संतोष पीटीआई, जिला अध्यक्ष यतेन्द्र राव, योगेश शास्त्री, संदीप मालड़ा, पवन खेड़वाल, डॉ. मनीष यादव और भूषण सिंह यादव करेंगे।भजन पार्टी में विकास जांगड़ा, प्रियंका चौधरी व छेला-छेली अमित, पुनीत जांगिड़ एवं पार्टी अपने भजनों से भक्तिमय माहौल बनाएंगे। आयोजकों ने समस्त क्षेत्रवासियों से कार्यक्रम में सम्मिलित होकर धर्मलाभ लेने का अनुरोध किया है।

सोमवार, 4 अगस्त 2025

आकोदा में 6 अगस्त को बाबा साद धाम पर भव्य भंडारा, भजन-कीर्तन से गूंजेगा दरबार • -सावन द्वादशी पर आकोदा गांव में विशाल भंडारा, हजारों भक्तों के जुटने की संभावना

 

महेंद्रगढ़

हर साल की भांति इस वर्ष भी गांव आकोदा स्थित बाबा साध धाम बाग वाली समाध पर सावन महीने की शुक्ल पक्ष की द्वादशी के अवसर पर विशाल भंडारे का आयोजन किया जाएगा। यह धार्मिक आयोजन 6 अगस्त को संपन्न होगा, जिसमें क्षेत्रभर से श्रद्धालुओं के आने की संभावना है।

बाबा साध बाग वाली समाध के प्रधान एवं पूर्व सैनिक रामपाल सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि बाबा साध धाम पर यह भंडारा कई वर्षों से लगातार आयोजित किया जा रहा है। यह आयोजन न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक है बल्कि आपसी भाईचारे और सामूहिक सद्भाव का भी संदेश देता है। हर वर्ष की तरह इस बार भी भक्तों के लिए हवन, भजन-कीर्तन और प्रसाद वितरण का विशेष कार्यक्रम रखा गया है।

उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की शुरुआत सुबह 7:15 बजे हवन के साथ होगी। हवन के बाद सुबह 9:30 बजे से प्रसाद वितरण का कार्य आरंभ किया जाएगा। दिनभर बाबा के दरबार में श्रद्धालुओं के पहुंचने और आशीर्वाद लेने का सिलसिला जारी रहेगा।

भंडारे में बाबा की महिमा का गुणगान करने के लिए प्रसिद्ध दीपक चिड़िया मंडली को आमंत्रित किया गया है। इस मंडली के गायक कलाकार आरती शर्मा और रजनी शर्मा अपने भजनों और कीर्तन से श्रद्धालुओं को भक्ति रस में सराबोर करेंगे। भजन-कीर्तन का कार्यक्रम दिनभर चलता रहेगा, जिसमें भक्तजन बाबा की महिमा का गुणगान सुनकर आध्यात्मिक आनंद प्राप्त कर सकेंगे।

इस अवसर पर गांव की समस्त कमेटी, ग्रामीण तथा ग्राम पंचायत आकोदा ने इलाके के सभी भक्तों और ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में बाबा साध धाम पहुंचने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह पावन अवसर हर साल की तरह इस बार भी श्रद्धालुओं के लिए खास होगा। बाबा के दरबार में आकर माथा टेकना, भजन-कीर्तन में भाग लेना और प्रसाद ग्रहण करना आत्मिक शांति प्रदान करेगा और भक्तों के जीवन को धन्य बनाएगा।

भंडारे में आसपास के क्षेत्रों से भी भारी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की संभावना है। ग्राम पंचायत और आयोजन कमेटी ने श्रद्धालुओं की सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए उचित प्रबंध किए हैं, ताकि सभी भक्तजन सहजता और शांति से कार्यक्रम में भाग ले सकें।

आयोजन समिति ने कहा कि बाबा साद धाम पर हर साल आयोजित होने वाला यह भंडारा न केवल धार्मिक श्रद्धा का प्रतीक है बल्कि समाज में एकता और सद्भावना का संदेश भी देता है। समिति ने श्रद्धालुओं से निवेदन किया है कि वे अपने परिवार और मित्रों के साथ बाबा के दरबार में पहुंचे और इस पावन अवसर का लाभ उठाएं।