गुरुवार, 13 जून 2024

संस्कार भारती स्कूल में खेल नर्सरी के लिये ट्रायल 15 जनवरी को

 

महेंद्र गढ़

हरियाणा सरकार द्वारा खेलों को बढ़ावा देने के लिए खेल नर्सरीयो का आयोजन किया जा रहा है। जिसमें संस्कार भारती स्कूल पाली में लड़कों के लिए खेल नर्सरी बनाई जा रही हैं। स्कूल के मैनेजिंग डायरेक्टर संदीप यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि हमारे पास केवल लड़कों के लिए खेल नर्सरी कबड्डी की 25 सीटे आई है। जिसमें से 8 साल से 19 साल के बच्चे इसमें भाग ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि इन बच्चों को 8 से 13 साल तक के बच्चों को ₹1500 प्रति महीना तथा 14 साल से 19 साल तक के बच्चों को ₹2000 प्रत्येक महीने सरकार की तरफ से दिए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जो बच्चा भाग लेने का इच्छुक हो वह 15 जून को स्कूल प्रांगण में पहुंचे। अपने साथ आधार कार्ड,फैमिली आईडी, बैंक अकाउंट की कॉपी व एक फोटो साथ लेकर आए। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम में कोच अनुज सागवान, अनूप सागवान, सुनील फौजी जाट, गौतम,निहाल सिंह आदि उपस्थित रहेंगे और बच्चों की ट्रायल ले कर उनका सिलेक्शन किया जाएगा।

गायत्री चेतना केंद्र आकोदा में साप्ताहिक योग शिविर 14 जून से शुरू

 

महेंद्र गढ़

गांव आकोदा में गायत्री चेतना केंद्र एवं शिव मंदिर प्रांगण में दिनांक 14 जून से 21 जून 2024 तक साप्ताहिक योग शिविर का आयोजन किया जाएगा।जानकारी देते हुए गायत्री चेतना केंद्र आकोदा के सदस्यों ने बताया कि योग अभ्यास शिविर केंद्रीय विश्वविद्यालय जाट पाली के सौजन्य से  लगाया जाएगा।उन्होंने बताया कि इस कैंप में हम स्कूल के बच्चों से विशेष आग्रह करेंगे की इस समय पहुंचकर जो योग का आनंद ले ओर समापन समारोह 21 जून को किया जाएगा। तत्पश्चात सभी बच्चों को केंद्रीय विश्वविद्यालय जाट पाली का भ्रमण भी कराया जाएगा।

सोमवार, 3 जून 2024

ईटीपीबीएस व पोस्टल बैलेट की गणना के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित डीसी मोनिका गुप्ता ने मतगणना अधिकारियों को किया संबोधित अब ईटीपीबीएस स्कैनिंग के लिए 60 की बजाय 80 टेबल लगेंगी रेंडमाइजेशन के जरिए सुबह अलाट की जाएगी टेबल

 

नारनौल, 3 जून।
 भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र की रिटर्निंग ऑफिसर एवं उपायुक्त मोनिका गुप्ता (आईएएस) ने  कहा कि ईटीपीबीएस व पोस्टल बैलेट की गणना पूरी शुद्धता के साथ किया जाए। अगर इस मामले में कोई लापरवाही करेगा तो कड़ी कार्रवाई होगी। सभी अधिकारियों को रेंडमाइजेशन के जरिए सुबह उनके टेबल का पता चलेगा। उपायुक्त आज पंचायत भवन में मतगणना अधिकारियों के लिए आयोजित प्रशिक्षण कार्यक्रम में संबोधित कर रही थी।
डीसी ने बताया कि भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय निर्वाचन क्षेत्र के सभी 9 विधानसभा क्षेत्रों के ईटीपीबीएस व पोस्टल बैलेट की गणना ओलंपिक क्लब हाल नारनौल में होगी। 
इस कार्य के लिए कुल 90 टेबल लगाए जाएंगे। इनमें 60 टेबल ईटीपीबीएस की स्कैनिंग के लिए तथा 30 टेबल पोस्टल बैलेट की गणना के लिए लगेंगे। अब चुनाव आयोग ने इन तीस टेबल में से 20 टेबल स्कैनिंग के लिए भी प्रयोग करने की अनुमति दी है। स्कैनिंग के बाद इस पर लगे अधिकारी फिर से बैलेट काउंटिंग का कार्य शुरू कर देंगे।
उन्होंने बताया कि मतपत्रों की गिनती के लिए प्रत्येक टेबल पर एक सहायक रिटर्निंग ऑफिसर, एक गणना पर्यवेक्षक, दो गणना सहायक और एक माइक्रो पर्यवेक्षक नियुक्त किया गया है। इन सभी को आई कार्ड भी वितरित किए गए।
इस मौके पर नांगल चौधरी के एसडीएम व पोस्टल बैलेट नोडल इंचार्ज मयंक भारद्वाज तथा नगराधीश मंजीत सिंह के अलावा अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।



मतगणना के दौरान मतदान केंद्र के पास धारा 144 लागू

जिलाधीश मोनिका गुप्ता (आईएएस) ने 4 जून को होने वाली लोकसभा चुनाव-2024 की मतगणना को ध्यान में रखते हुए मतगणना केंद्रों के आसपास धारा 144 लागू की है।
जिलाधीश ने आदेशों में स्पष्ट किया है कि लाइसेंसी हथियार, आग्नेयास्त्र, लाठी, बरछा, भाला, तलवार, जेली, गंडासी, चाकू, साइकिल चेन और अन्य हथियार (सिखों के वास्तविक धार्मिक प्रतीक के रूप में इस्तेमाल किए जाने वाले म्यान वाले कृपाण को छोड़कर) लेकर चलने पर पाबंदी रहेगी। परिणाम की घोषणा तक मतगणना केंद्रों के आसपास पांच से अधिक नागरिकों के एकत्रित होने पर प्रतिबंध रहेगा।
मतगणना केंद्रों के आसपास 200 मीटर तक मोबाइल फोन, वायरलेस सेट, कॉर्डलेस फोन या किसी अन्य संचार उपकरण को ले जाने और पांच से अधिक व्यक्तियों के एकत्र होने पर प्रतिबंध रहेगा। यह आदेश ड्यूटी पर तैनात पुलिस और अन्य लोक सेवकों पर लागू नहीं होगा। आदेश का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

मतगणना परिसर के पास 'पैदल यात्री क्षेत्र' घोषित

जिलाधीश मोनिका गुप्ता ने एक आदेश पारित कर लोकसभा आम चुनाव-2024 की 4 जून को होने वाली मतगणना के दौरान मतगणना परिसर के चारों ओर 100 मीटर की परिधि को 'पैदल यात्री क्षेत्र' के रूप में चिन्हित किया गया है।
जिलाधीश ने ओलंपिक क्लब हॉल नारनौल, पीआर सेंटर तथा आईटीआई (गर्ल्स) नारनौल में 4 जून को होने वाली मतगणना के दौरान मतगणना केंद्र के चारों ओर 100 मीटर की परिधि को पैदल यात्री क्षेत्र घोषित किया गया है। यहां पर वाहनों की आवाजाही पर रोक रहेगी। आदेश का उल्लंघन करने पर संबंधित प्रावधानों के तहत कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

महावीर चौक से आगे नहीं जा सकेंगे वाहन 

उपायुक्त मोनिका गुप्ता (आईएएस) ने बताया कि 4 जून को होने वाली मतगणना के दौरान आम नागरिक महावीर चौक से आगे महिला आइटीआई की तरफ जाने वाले रोड पर वाहन नहीं ले जा सकेंगे। उन्होंने आम नागरिकों से आह्वान किया है कि वे इस दिन वैकल्पिक रास्ते का उपयोग करें। इसी प्रकार गंदे नाले के पास भी बैरिकेड रहेगी। इस पूरे क्षेत्र में पुलिस बल की तैनाती रहेगी। संबंधित क्षेत्र में आने वाले नागरिक वैकल्पिक रास्तों का प्रयोग करें।

आईटीआई महिला के ब्लॉक टू में मीडिया सेंटर स्थापित

मतगणना के दौरान पत्रकारों के लिए इस बार आईटीआई महिला के ब्लॉक नंबर दो में मीडिया सेंटर स्थापित किया गया है। आईटीआई के स्मार्ट क्लास रूम में बनाए गए इस मीडिया सेंटर में आने के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से जारी पहचान पत्र दिखाना होगा। इसके साथ अपनी कोई भी एक आईडी साथ रखनी होगी। मीडिया सेंटर के लिए डीआईपीआरओ कार्यालय की ओर से कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी गई है। मतगणना की राउंड वाइज अपडेट मीडिया सेंटर में उपलब्ध करवाई जाएगी।

मोबाइल फोन, कागज व पैन भी नहीं ले जा सकेंगे मतगणना केन्द्र पर अंगूठी व बेल्ट भी बाहर उतारनी होंगी

 


नारनौल, 3 जून। 
लोकसभा आम चुनाव-2024 की मतगणना को लेकर जिला प्रशासन द्वारा सभी प्रकार की तैयारी पूरी कर ली गई है। भिवानी-महेंद्रगढ़ संसदीय क्षेत्र की रिटर्निंग ऑफिसर एवं उपायुक्त मोनिका गुप्ता (आईएएस) के मार्गदर्शन में महिला आईटीआई, पीआर सेंटर व ओलंपिक क्लब हाल में सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।
उन्होंने बताया कि जिला महेंद्रगढ़ के सभी विधानसभा क्षेत्रों की मतगणना पीआर सेंटर व आईटीआई में होगी। वहीं शेष दोनों जिलों की मतगणना संबंधित जिला में होगी। तीनों जिलों के बैलेट पेपर की गणना ओलंपिक क्लब हाल में होगी। इसके लिए अलग से टीमें गठित की गई हैं। सभी टीमें व एजेंट सुबह 6 बजे पहुंच जाएंगे। मतगणना सुबह 8 बजे शुरू होगी‌। इससे पहले सभी मतगणना अधिकारियों को उनके टेबल पर नाश्ता दिया जाएगा।
नांगल चौधरी विधानसभा की गणना के लिए 12 प्लस 1 टेबल लगेगा। अटेली के लिए 14 प्लस 1 टेबल लगेगा। महेंद्रगढ़ विधानसभा के लिए 14 प्लस 1 टेबल लगेगा तथा नारनौल विधानसभा क्षेत्र की मतगणना के लिए 14 प्लस 1 टेबल लगाया जाएगा। हर टेबल पर एक कांउटिंग असिस्टेंट, कांउटिंग सुपरवाइजर तथा एक माइक्रो आब्जर्वर होगा। 
उन्होंने कहा कि मतगणना केन्द्र पर कोई भी वस्तु नहीं ले जा सकते। कोई मतगणना अधिकारी, कर्मचारी तथा एजेंट अपने साथ कागज व पैन भी नहीं ले जा सकता। इसके अलावा अंगूठी, चेन, कोई भी आभूषण, चाबी लेकर अंदर नहीं जा सकता। वहीं मोबाइल फोन व बेल्ट लेकर जाने पर भी रोक रहेगी। बेल्ट को भी बाहर उतारकर आना होगा।

लोकसभा आम चुनाव 2024 के लिए भारत निर्वाचन आयोग की तरफ से नियुक्त सामान्य पर्यवेक्षक आर. गजलक्ष्मी (आईएएस) ने आज मतगणना केंद्रों पर चल रही तैयारी का जायजा लिया। उन्होंने सभी मतगणना केंद्रों पर पहुंच कर अधिकारियों के साथ बातचीत करते हुए हर कार्य को बारिकी से निरीक्षण किया। इस मौके पर उनके साथ अन्य अधिकारी भी मौजूद थे।

खुडाना की पहाड़ी में दिखा जंगली जानवर, ग्रामीणों में भय का माहौल -वन्य विभाग की टीम ने लोगों को सावधानी बर्तने की दी सलाह -जंगली जानवर मंदिर में पाले गए दो बतखों का कर चुका है शिकार

 

महेंद्र गढ़ 3 जून 2024

क्षेत्र के गांव खुडाना की पहाड़ी में तेंदुआ जैसी जंगली जानवर होने की सूचना के बाद से गांव में भय का माहौल है। पहाड़ी में तेंदुआ होने की सूचना के बाद वन्य विभाग की अधिकारियों की टीम ने भी मौका पर पहुंचकर निरीक्षण किया। इस दौरान टीम ने माता चिल्ला देवी मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज में एक जंगली जानवर दिखाई दिया है। जिसके बाद टीम के सदस्यों ने गांव वालों को रात्रि के समय या सुबह जल्दी मंदिर में न आने के निर्देश दिए है। बता दे कि गांव खुडाना की पहाड़ी के ऊपर माता चिल्ला देवी का प्रसिद्ध मंदिर है जहां पर हर नवरात्रों में विशाल मेला लगता है। 

जिसमें क्षेत्र के देशभर से दूर दराज से लोग माता के दर्शन के लिए आते है व माता के दरबार में हाजरी लगाकर मन्नत मांगते है। माता चिल्ला देवी मंदिर के पुजारी अशोक ने बताया कि हमारे मंदिर में हमने 8 बतख पाले हुए हैं जिसमें से 30 मई को एक बतख अचानक गायब हो गया तो हमने सोचा कि कोई उठा कर ले गया होगा और मामले को ज्यादा सीरियस नहीं लिया। उसके बाद सोमवार 3 जून को सुबह जब मंदिर प्रांगण में गया तो देखा कि वहां से एक बतख और गायब है उसके बाद जब उन्होंने मंदिर में पूजा अर्चना करने के बाद सीसीटीवी कैमरे की मदद से जानकारी हासिल करनी चाही तो देखा की लगभग रात्रि एक बजे के आसपास तेंदुआ जैसा जंगली जानवर वहाँ पर आता है और लगता हैं कि वो ही बतख को लेकर गया है। इसकी जानकारी अशोक  पुजारी ने तुरंत सरपंच प्रतिनिधि नरेश सिंह को दी। उन्होंने तुरंत संज्ञान में लेते हुए वन्य विभाग को इसकी जानकारी दी तथा मोके पर विभाग की टीम वहा पर पहुंची। सीसीटीवी फटेज में विभाग की टीम ने एक जंगली जानवर को देखा है। जिसके बाद उन्होंने ग्रामीणों को सावधानी बर्तने व मंदिर परिसर में लाइट जलती रहने के निर्देश दिए। टीम ने कहा कि मंदिर कमेटी को मंदिर में पटाखे भी रखने चाहिए ताकि जंगली जानवर के दिखने पर पटाखे बजाकर उसे मौके से भगाया जा सके।