गुरुवार, 14 मई 2026

जनता स्कूल का परीक्षा परिणाम शत प्रतिशत


हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड, भिवानी द्वारा घोषित 12वीं कक्षा के परीक्षा परिणाम में जनता शिक्षा निकेतन विद्यालय बसई के विद्यार्थियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम गौरवान्वित किया है। परीक्षा परिणाम घोषित होते ही विद्यालय परिसर में खुशी का माहौल बन गया। विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर खुशी साझा की।
विद्यालय चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव ने जानकारी देते हुए बताया कि इस वर्ष विद्यालय के कुल 50 विद्यार्थियों ने 12वीं की परीक्षा दी थी और सभी 50 विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करते हुए बोर्ड की मेधावी सूची में अपना स्थान दर्ज करवाया। विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत रहा, जिससे पूरे विद्यालय परिवार में उत्साह का माहौल है।
विद्यालय की छात्रा प्राची पुत्री कवरपाल सिंह निवासी खुडाना ने 471 अंक प्राप्त कर विद्यालय में प्रथम स्थान हासिल किया। वहीं छात्रा दीपिका पुत्री कृष्ण कुमार निवासी बसई ने 468 अंक लेकर द्वितीय स्थान प्राप्त किया। छात्र जीतेश पुत्र बीर सिंह निवासी सेहलंग ने 461 अंक प्राप्त कर तृतीय स्थान हासिल किया।
विषयवार प्रदर्शन में भी विद्यार्थियों ने उत्कृष्ट सफलता प्राप्त की। छात्रा प्राची ने अंग्रेजी में 98 तथा हिंदी में 97 अंक हासिल किए। वहीं छात्रा दीपिका और धृति ने शारीरिक शिक्षा विषय में 99 अंक प्राप्त कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यालय के लिए एक और गर्व की बात यह रही कि पिछले सत्र 2024-25 के पास आउट विद्यार्थी हर्ष पुत्र सुनील शर्मा निवासी खुडाना ने बीटेक सिविल प्रथम सेमेस्टर में यूनिवर्सिटी में प्रथम रैंक हासिल कर विद्यालय का नाम रोशन किया है।
विद्यालय चेयरमैन महेंद्र सिंह यादव ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों तथा अध्यापकों को बधाई देते हुए कहा कि विद्यार्थियों की मेहनत, अनुशासन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का यह परिणाम है। उन्होंने विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए आगे भी इसी प्रकार मेहनत करने के लिए प्रेरित किया। इस अवसर पर विद्यालय का समस्त स्टाफ और विद्यार्थी उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें