गुरुवार, 14 मई 2026

बीएस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय आकोदा का शानदार परीक्षा परिणाम, 12वी आर्ट व साइंस में जिला टॉप कर विद्यार्थियों ने स्कूल व क्षेत्र का बढ़ाया मान




आकोदा स्थित बीएस वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय के विद्यार्थियों ने हरियाणा विद्यालय शिक्षा बोर्ड की कक्षा 12वीं की परीक्षा में शानदार प्रदर्शन करते हुए विद्यालय का नाम रोशन किया है। मंगलवार को घोषित परीक्षा परिणाम में विद्यालय के छात्र-छात्राओं ने विभिन्न संकायों में उत्कृष्ट अंक प्राप्त कर अपनी प्रतिभा का परिचय दिया। विद्यालय परिसर में परिणाम घोषित होते ही खुशी का माहौल बन गया तथा विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों ने एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर बधाई दी।


विद्यालय की छात्रा एकता सुपुत्री ईश्वर सिंह ने विज्ञान संकाय में 500 में से 490 अंक प्राप्त कर शानदार सफलता के साथ जिला टॉप किया है। वहीं काजल सुपुत्री सुरेंद्र सिंह ने कला संकाय में 500 में से 484 अंक अर्जित कर जिला टॉप किया है। इसके अलावा स्नेहा ने 483, ज्योति ने 482, नंदिनी ने 476, हंसिका ने 472, भूप ने 469, हेमलता ने 465, देवांश ने 461, पायल ने 455 तथा निशु ने 453 अंक प्राप्त कर उत्कृष्ट प्रदर्शन किया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि से विद्यालय में उत्साह का वातावरण बना हुआ है।

विद्यालय प्राचार्य सुखवीर चौधरी ने बताया कि इस वर्ष विद्यार्थियों ने पढ़ाई के प्रति अनुशासन, मेहनत और समर्पण का परिचय दिया, जिसका परिणाम बोर्ड परीक्षा में देखने को मिला। उन्होंने कहा कि विद्यालय का उद्देश्य केवल अच्छे अंक दिलाना ही नहीं बल्कि विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर भी विशेष ध्यान देना है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

प्राचार्य ने जानकारी देते हुए बताया कि विद्यालय के पांच विद्यार्थियों एकता, निशु, स्नेहा, तारिका और भूप ने होम साइंस विषय में 100 में से 100 अंक प्राप्त किए। वहीं हंसिका, हेमलता, ज्योति, काजल, नंदिनी, पायल, साक्षी और मनीष ने फाइन आर्ट विषय में शत-प्रतिशत अंक हासिल कर विद्यालय का गौरव बढ़ाया। विद्यार्थियों की इस उपलब्धि को लेकर शिक्षकों में भी विशेष उत्साह देखने को मिला।

विद्यालय के चेयरमैन पवन तंवर ने सभी विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता विद्यार्थियों की मेहनत, शिक्षकों के समर्पण और अभिभावकों के सहयोग का परिणाम है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान करना विद्यालय का मुख्य उद्देश्य है और विद्यार्थियों की यह उपलब्धि उसी दिशा में सकारात्मक संकेत है। उन्होंने विद्यार्थियों को भविष्य में भी इसी प्रकार मेहनत कर जीवन में ऊंचाइयों को प्राप्त करने के लिए प्रेरित किया।

परिणाम घोषित होने के बाद विद्यालय में दिनभर उत्सव जैसा माहौल रहा। अभिभावकों ने विद्यालय प्रबंधन और शिक्षकों का आभार जताते हुए कहा कि विद्यालय लगातार शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण उपलब्ध करा रहा है। विद्यार्थियों की इस सफलता ने क्षेत्र के अन्य बच्चों को भी प्रेरणा देने का कार्य किया है।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें