रविवार, 8 फ़रवरी 2026

एशियन चैंपियनशिप में गोल्ड जीतने वाले विशाल सिंह का आज शिव मंदिर में होगा सम्मान

 

गांव बास खुडाना निवासी विशाल सिंह का 8 फरवरी को गांव के शिव मंदिर में सुबह 11 बजे सम्मान समारोह आयोजित किया जाएगा। विशाल सिंह ने दिल्ली स्थित डॉ. करणी सिंह शूटिंग रेंज में आयोजित राइफल एशियन चैंपियनशिप की 10 मीटर एयर राइफल प्रतियोगिता में गोल्ड मेडल जीतकर गांव, जिला और प्रदेश का नाम रोशन किया है। विशाल सिंह, गांव के पूर्व पंच स्वर्गीय मेघ सिंह एवं मूर्ति देवी के पौत्र हैं। वे पूर्व सैनिक ओमेंद्र सिंह और सतेश देवी के पुत्र हैं। विशाल सिंह 25 जून 2021 को भारतीय सेना में भर्ती होकर 11 पैरा एसएफ बेंगलुरु में ज्वाइन हुए थे। वर्तमान में उनकी पोस्टिंग मऊ में है।

इस संबंध में जानकारी देते हुए विशाल सिंह के ताऊ एवं पूर्व कैप्टन योगेंद्र सिंह ने बताया कि विशाल सिंह की इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव, जिला और प्रदेश को गर्व महसूस हो रहा है। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में स्वर्ण पदक जीतना क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणास्रोत है। उज्ज्वल अकादमी के एमडी एवं पूर्व सैनिक हेमंत खुडाना ने कहा कि हमारे क्षेत्र के बच्चे अत्यंत प्रतिभाशाली हैं, विशेषकर ग्रामीण क्षेत्र के युवा। उन्हें केवल सही मार्गदर्शन और अवसर की आवश्यकता है। विशाल सिंह की यह सफलता इस बात का प्रमाण है कि गांवों के युवा किसी से कम नहीं हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की कि भविष्य में भी इस क्षेत्र से अनेक खिलाड़ी इसी प्रकार देश का नाम रोशन करेंगे।

गांव के पूर्व सैनिक गुलाब साहब ने बताया कि विशाल सिंह की इस उपलब्धि के उपलक्ष्य में गांव बास के शिव मंदिर में रविवार को सुबह 11 बजे एक भव्य सम्मान समारोह का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर विशाल सिंह को आशीर्वाद देने की अपील की। इस अवसर पर गांव के सरपंच रतन सिंह, पूर्व सैनिक नारायण सिंह, सोमबीर साहब, पूर्व सैनिक धर्मवीर, जय भगवान, सतबीर सिंह सहित गांव के अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें