महेंद्रगढ़
गांव नौरंगा बास स्थित राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय में राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) के सात दिवसीय विशेष शिविर का आयोजन विद्यालय के प्राचार्य सहीराम यादव के मार्गदर्शन में किया गया। शिविर का संचालन कार्यक्रम अधिकारी सुरेंद्र कुमार द्वारा किया गया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि सात दिनों तक चले इस शिविर में स्वयंसेवकों ने सामाजिक जागरूकता, स्वच्छता, नशा मुक्ति सहित विभिन्न विषयों पर उत्साहपूर्वक भाग लिया।
शिविर के समापन समारोह में पूर्व हसला प्रधान शमशेर सिंह सांगवान मुख्यातिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने स्वयंसेवकों को संबोधित करते हुए कहा कि विद्यार्थियों को जीवन में नैतिक मूल्यों व आदर्शों को अपनाकर राष्ट्र के प्रति अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से निर्वहन करना चाहिए। उन्होंने युवाओं को कठिन परिश्रम के महत्व को समझाते हुए नशा मुक्ति के प्रति भी जागरूक किया।
इस अवसर पर प्रवक्ता रोहित ने स्वयंसेवकों को स्वामी विवेकानंद के जीवन एवं विचारों पर जानकारी दी तथा विद्यार्थियों की व्याख्यान प्रतियोगिता करवाई। साथ ही नशा मुक्ति विषय पर भी विस्तार से चर्चा की गई। कार्यक्रम के दौरान छात्रा चंद्रकला ने शिविर की समग्र रिपोर्ट प्रस्तुत की, जबकि यशवीर, पियूष, धर्मेंद्र और हर्ष ने शिविर में प्राप्त अपने अनुभव साझा किए। विद्यार्थियों ने बताया कि शिविर से उन्हें समाज सेवा, अनुशासन और आत्मविश्वास की महत्वपूर्ण सीख मिली।
समापन समारोह में एनसीसी अधिकारी प्रविन्द्र कुमार, राज बाबू, रोशनी, सुनीता सहित विद्यालय स्टाफ एवं स्वयंसेवक उपस्थित रहे। शिविर का समापन उत्साहपूर्ण वातावरण में हुआ। विद्यार्थियों ने शिविर से प्राप्त ज्ञान और अनुभवों को अपने दैनिक जीवन में अपनाने का संकल्प लिया।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें