महेंद्रगढ़
बाबा जयरामदास आश्रम पाली में आयोजित उत्तर भारत की सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता इन दिनों खेल प्रेमियों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी हुई है। देश के विभिन्न राज्यों से आई नामी टीमों के बीच खेले जा रहे मुकाबलों में जबरदस्त रोमांच देखने को मिल रहा है। प्रतियोगिता के तहत शनिवार को तीन मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों को रोमांचित कर दिया।
शनिवार को प्रतियोगिता का पहला मुकाबला हरियाणा क्रिकेट अकादमी ढासा बॉर्डर और बीबीबी क्लब जयपुर के बीच खेला गया। इस मुकाबले में ढासा बॉर्डर की टीम ने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन करते हुए 8 विकेट से जीत दर्ज की। इस मैच में ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए एचडी को मैन ऑफ द मैच चुना गया, जिन्होंने 14 गेंदों पर नाबाद 39 रन बनाए और दो ओवर में मात्र 13 रन देकर 2 विकेट हासिल किए।
दूसरा मुकाबला शहीद श्री भगवान बास और बीबीबी क्लब जयपुर की टीमों के बीच हुआ, जिसमें शहीद श्री भगवान बास की टीम विजेता रही। इस मैच में अमन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 8 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाए और 3 ओवर में 19 रन देकर 3 विकेट प्राप्त किए। उन्हें मैन ऑफ द मैच से सम्मानित किया गया।
तीसरा मुकाबला हरियाणा क्रिकेट अकादमी ढासा बॉर्डर और शहीद श्री भगवान बास के बीच खेला गया। इस रोमांचक मुकाबले में ढासा बॉर्डर की टीम ने जीत दर्ज की। मैच में अश्विनी चिल्लर ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 38 गेंदों में 8 चौके और 8 छक्कों की मदद से शानदार शतक जड़ा और मैन ऑफ द मैच बने। इन जीतों के साथ हरियाणा क्रिकेट अकादमी ढासा बॉर्डर की टीम प्रतियोगिता के सुपर-8 चरण में पहुंच गई है।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें