शनिवार, 3 जनवरी 2026

आकोदा के बाबा साध खेल स्टेडियम में क्रिकेट महाकुंभ का रोमांच, गुरुग्राम की टीम सुपर-8 में पहुंची -ग्रामीण खेलों को बढ़ावा देने के लिए समाजसेवियों का आर्थिक सहयोग, मुकाबलों में दिखा जबरदस्त उत्साह

 

महेंद्रगढ़

आकोदा गांव स्थित बाबा साध खेल स्टेडियम में चल रहे क्रिकेट महाकुंभ में शनिवार को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। प्रतियोगिता के पहले दिन ही गुरुग्राम की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 में प्रवेश कर लिया। सुबह लगभग 9 बजे शुरू हुए मैचों में खिलाड़ियों ने बेहतरीन खेल भावना का परिचय दिया और दर्शकों को भरपूर मनोरंजन मिला।


क्रिकेट महाकुंभ के पहले दिन के मैच के अवसर पर जिला पार्षद संतोष पीटीआई मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। उन्होंने खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कहा कि खेल को हमेशा खेल की भावना से खेलना चाहिए। हार और जीत खेल का हिस्सा हैं, इसलिए हारने वाली टीम को निराश नहीं होना चाहिए, बल्कि उससे सीख लेकर अगली प्रतियोगिता के लिए बेहतर तैयारी करनी चाहिए। उन्होंने ग्रामीण क्षेत्रों में खेलों के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि खेल युवाओं को अनुशासन, आत्मविश्वास और स्वस्थ जीवन की दिशा में आगे बढ़ाते हैं।

ग्रामीण क्षेत्र में खेलों को बढ़ावा देने के उद्देश्य से इस अवसर पर समाजसेवी सुकेश यादव, वेद प्रकाश (पूर्व थानेदार) तथा जसवंत पुत्र धर्मवीर ने खेल समिति को 11-11 हजार रुपये का आर्थिक सहयोग प्रदान किया। वहीं टिल्लू उर्फ किरण फौजी ने भी खेल समिति को 5100 रुपये भेंट कर बच्चों में खेल भावना जागृत करने के प्रयासों को सराहा।

प्रतियोगिता का पहला मुकाबला जुड़ी कोसली और आरकेसी बहोतवास (रेवाड़ी) के बीच खेला गया। जुड़ी कोसली की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 12 ओवरों में 127 रन बनाए और 4 विकेट गंवाए। टीम की ओर से मोनू यादव ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए मात्र 20 गेंदों पर 56 रन बनाए, जिसमें 9 छक्के शामिल थे। इसके अलावा उन्होंने गेंदबाजी में भी शानदार प्रदर्शन करते हुए 3 विकेट झटके। उनके इस ऑलराउंड प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

दिन का दूसरा मुकाबला गुरुग्राम और बहोतवास की टीमों के बीच खेला गया। गुरुग्राम की टीम ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवरों में 138 रन बनाए और 6 विकेट खोए। लक्ष्य का पीछा करते हुए बहोतवास की टीम केवल 96 रन ही बना सकी और गुरुग्राम की टीम ने यह मैच आसानी से जीत लिया। इस मुकाबले में करण सिंह ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 23 गेंदों पर 53 रन बनाए, जिसमें 4 छक्के और 4 चौके शामिल थे। उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।

तीसरा मुकाबला जुड़ी कोसली और गुरुग्राम के बीच खेला गया। जुड़ी कोसली ने टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी का निर्णय लिया, लेकिन टीम निर्धारित 12 ओवरों में 7 विकेट खोकर मात्र 70 रन ही बना सकी। जवाब में गुरुग्राम की टीम ने 11 ओवरों में 6 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और दिन का दूसरा मैच जीतते हुए सुपर-8 में जगह बना ली।

मैचों के दौरान स्कोरर की भूमिका में प्रवक्ता अनिल यादव और विक्रांत रहे, जबकि भिवानी से आए अंपायर संदीप सेन और लख्खी चौहान ने निष्पक्ष निर्णय देकर खेल को सुचारु रूप से संचालित किया। पूरे कार्यक्रम का लाइव प्रसारण ‘क्रिक हीरो’ ऐप के माध्यम से किया गया, जिसे दर्शकों ने बड़ी संख्या में देखा।

इस अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि नरेश ठेकेदार, बाबा साध सेवा समिति के प्रधान नरेश ठेकेदार, तेजपाल प्रधान, वेद साहब, दलीप आईटीबीपी, गजराज पंच, मास्टर इंद्रपाल, कुलदीप गुरुग्राम, विजय ठेकेदार, महेंद्र सिंह ढाणी, अनिल हरियाणवी, मास्टर विनोद, मास्टर विक्रम, विनय ठेकेदार, संजय, जगदीश, कालू फायर, मास्टर जितेंद्र, लखेरा लाल सिंह (पूर्व सैनिक), बिट्टू, सुधीर, राजेश, हबलू, राकेश सीआरपीएफ, राजबीर पूर्व पंच, राव नरेंद्र, चरण सिंह सहित बड़ी संख्या में खेल प्रेमी व ग्रामीण मौजूद रहे। क्रिकेट महाकुंभ ने न केवल युवाओं में खेल के प्रति उत्साह बढ़ाया, बल्कि ग्रामीण प्रतिभाओं को मंच प्रदान कर भविष्य के खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर भी दिया।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें