शुक्रवार, 2 जनवरी 2026

पाली में बाबा जयरामदास धाम क्रिकेट प्रतियोगिता में तीसरे दिन रोमांच चरम पर रोचक मुकाबलों के बीच ढिल्लू स्वामी कोसली की टीम ने किया सुपर-8 में प्रवेश

 

महेंद्रगढ़

गांव पाली स्थित बाबा जयरामदास धाम पर आयोजित उत्तर भारत की सबसे बड़ी क्रिकेट प्रतियोगिता के तीसरे दिन भी दर्शकों को रोमांचक मुकाबले देखने को मिले। आज मुख्य अतिथि के रूप में धर्म सिंह चौहान पटौदी रहे।शुक्रवार को बॉबी दौलताबाद, ढिल्लू स्वामी कोसली कोसली तथा ऐक्यम राइस क्लब नीरपुर की टीमों के बीच कड़े मुकाबले खेले गए, जिनमें खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन कर दर्शकों का भरपूर मनोरंजन किया। दिन का पहला मुकाबला बॉबी दौलताबाद और ऐक्यम राइस क्लब नीरपुर के बीच खेला गया। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए नीरपुर की टीम ने 12 ओवर में 67 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बॉबी दौलताबाद की टीम ने बेहतरीन खेल दिखाते हुए मात्र 8 ओवर में 68 रन बनाकर मैच अपने नाम कर लिया। इस मुकाबले में शानदार प्रदर्शन के लिए सचिन हुड्डा को मैन ऑफ द मैच चुना गया।

प्रतियोगिता का दूसरा मुकाबला ढिल्लू स्वामी कोसली और ऐक्यम राइस क्लब नीरपुर के बीच खेला गया। कोसली की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 12 ओवर में ताबड़तोड़ 177 रन बनाए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी नीरपुर की टीम दबाव में आ गई और निर्धारित ओवरों में अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर सकी। इस मैच में शानदार बल्लेबाजी के लिए आयुष को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।

तीसरा और दिन का सबसे रोमांचक मुकाबला बॉबी दौलताबाद और ढिल्लू स्वामी कोसली की टीमों के बीच खेला गया। बॉबी दौलताबाद की टीम ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 15 ओवर में 188 रन का मजबूत स्कोर खड़ा किया। जवाब में मैदान पर उतरी ढिल्लू स्वामी कोसली की टीम ने आक्रामक बल्लेबाजी का प्रदर्शन करते हुए 14.3 ओवर में 8 विकेट के नुकसान पर 189 रन बनाकर मुकाबला जीत लिया। इस रोमांचक जीत में अहम भूमिका निभाने पर विनीत कुमार को मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।

इन मुकाबलों के परिणामस्वरूप ढिल्लू स्वामी कोसली की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए सुपर-8 में प्रवेश कर लिया है। प्रतियोगिता में लगातार मिल रहे रोमांचक मुकाबलों से दर्शकों में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। आयोजकों के अनुसार आने वाले दिनों में और भी बड़े तथा निर्णायक मुकाबले खेले जाएंगे, जिससे प्रतियोगिता का रोमांच और बढ़ेगा।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें