उपमंडल के गांव खुडाना में अरावली की सुरम्य पहाड़ियों के बीच 17 अक्टूबर को आयोजित होने वाले माता चिल्लाए देवी मेले में राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे। मेला कमेटी के पदाधिकारियों एवं सदस्यों ने दिल्ली में सांसद से मुलाकात कर उन्हें मेले में मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने का निमंत्रण दिया, जिसे उन्होंने सहर्ष स्वीकार कर लिया।
मंदिर कमेटी के प्रधान मनजीत सिंह तंवर, सरपंच प्रतिनिधि डॉ. नरेश सिंह तंवर, पूर्व गौशाला प्रधान ओमपाल सिंह पूर्व सरपंच प्रतिनिधि, मंदिर कमेटी के पूर्व प्रधान एवं भूतपूर्व सरपंच नरेंद्र कुमार जांगड़ा, चेयरमैन शयोराज सिंह तथा मंदिर कमेटी के सदस्यों ने अशोक तंवर करोला के माध्यम से राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा से मुलाकात की। इस दौरान कमेटी की ओर से उन्हें 17 अक्टूबर को आयोजित होने वाले मेले का औपचारिक निमंत्रण पत्र सौंपा गया।
कबड्डी विजेता को 1 लाख का पुरस्कार
मेला कमेटी के पदाधिकारियों ने बताया कि धार्मिक आयोजन के साथ मेले में विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे। कबड्डी प्रतियोगिता में प्रथम विजेता को 1 लाख रुपये, द्वितीय को 71 हजार रुपये और तृतीय स्थान प्राप्त करने वाली टीम को 11 हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी। कुश्ती प्रतियोगिता में भी विभिन्न वर्गों के लिए 100 से 51 हजार रुपये तक के पुरस्कार रखे गए हैं। मेले में 100 मीटर, 800 मीटर और 1600 मीटर दौड़ प्रतियोगिताओं के अलावा बच्चों की दौड़ भी करवाई जाएगी। विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में विजेता प्रतिभागियों को सम्मानित कर पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। सांस्कृतिक प्रस्तुतियां भी कार्यक्रम का प्रमुख आकर्षण रहेंगी।
दूसरे प्रदेशों से भी पहुंचते हैं श्रद्धालु
मेला कमेटी के सदस्यों ने बताया कि माता चिल्लाए देवी का मेला क्षेत्र की धार्मिक एवं सांस्कृतिक आस्था से जुड़ा प्रमुख आयोजन है। अरावली की प्राकृतिक वादियों के बीच आयोजित होने वाले इस मेले में आसपास के गांवों के साथ-साथ दूसरे प्रदेशों से भी श्रद्धालु पहुंचते हैं। इस बार राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा के मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होने से आयोजन को लेकर क्षेत्र में विशेष उत्साह है। कार्यक्रम में अशोक तंवर करोला विशिष्ट अतिथि के रूप में शिरकत करेंगे। मेला कमेटी ने श्रद्धालुओं एवं क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर मेले में भाग लेने का आह्वान किया।
आकोदा। राज्यसभा सांसद कार्तिकेय शर्मा को माता चिल्लाए देवी मेले में मुख्य अतिथि के रूप में आमंत्रित करते मंदिर कमेटी के प्रधान एवं गणमान्य लोग।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें