सोमवार, 20 जुलाई 2026

हर घर तक बैंकिंग सेवाएं पहुंचाने में निभाएं अहम भूमिका: क्षेत्रीय प्रबंधक हरियाणा ग्रामीण बैंक के बैंक मित्रों की संगोष्ठी में खाते खोलने व सामाजिक सुरक्षा योजनाओं से अधिक लोगों को जोड़ने पर जोर


 

हरियाणा ग्रामीण बैंक के क्षेत्रीय कार्यालय में शनिवार को बैंक मित्रों की संगोष्ठी एवं समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया। बैठक की अध्यक्षता क्षेत्रीय प्रबंधक जगदीश प्रसाद ने की। इसमें बैंक मित्रों के कार्यों की समीक्षा करते हुए ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं की पहुंच बढ़ाने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं से अधिक से अधिक लोगों को जोड़ने पर विशेष बल दिया गया।

क्षेत्रीय प्रबंधक जगदीश प्रसाद ने कहा कि सरकार और बैंक प्रबंधन का लक्ष्य है कि कोई भी पात्र नागरिक बैंकिंग सुविधाओं से वंचित न रहे। इसी उद्देश्य से बैंक मित्र गांव-गांव और घर-घर पहुंचकर लोगों को बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध करा रहे हैं। उन्होंने बैंक मित्रों से अपने-अपने क्षेत्रों में ऐसे लोगों की पहचान कर उनका शीघ्र बैंक खाता खुलवाने का आह्वान किया, जिनका अभी तक खाता नहीं खुल पाया है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सीधे उनके खातों में पहुंच सके।

उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना (एपीवाई) का व्यापक प्रचार-प्रसार कर अधिक से अधिक पात्र लोगों को इन योजनाओं से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बैंक मित्र वित्तीय समावेशन की कड़ी हैं और उनकी सक्रियता से ग्रामीण क्षेत्रों में बैंकिंग सेवाओं का विस्तार संभव है।

समीक्षा बैठक के दौरान बैंक मित्रों ने फील्ड में कार्य करते समय आने वाली विभिन्न समस्याओं और सुझावों को भी क्षेत्रीय प्रबंधक के समक्ष रखा। जगदीश प्रसाद ने उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का भरोसा दिलाते हुए कहा कि बैंक प्रबंधन हर स्तर पर बैंक मित्रों के साथ खड़ा है और उनके कार्यों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए आवश्यक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।

बैठक के अंत में बैंक मित्रों ने क्षेत्रीय प्रबंधक के मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया और विश्वास दिलाया कि वे पूरी निष्ठा के साथ कार्य करते हुए प्रत्येक पात्र नागरिक तक बैंकिंग सेवाएं एवं सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का लाभ पहुंचाने का प्रयास करेंगे। इस अवसर पर सीनियर मैनेजर उमेश, एफआई मैनेजर राजेश, सहायक प्रबंधक प्रीतम,जिला कॉर्डिनेटर देवेन सहित क्षेत्रीय कार्यालय का समस्त स्टाफ और सभी बैंक मित्र उपस्थित रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें