प्रतिभा और मेहनत का बेहतरीन उदाहरण पेश करते हुए आकोदा से जुड़े दो विद्यार्थियों ने पहली ही कोशिश में 12वीं कक्षा के साथ नीट-2026 परीक्षा उत्तीर्ण कर क्षेत्र का नाम रोशन किया है। दोनों विद्यार्थियों ने शानदार ऑल इंडिया कैटेगरी रैंक हासिल कर मेडिकल क्षेत्र में अपने उज्ज्वल भविष्य की मजबूत नींव रखी है।
आकोदा में रहकर पढ़ाई करने वाले चिराग, पुत्र सुरेश कुमार, ने नीट-2026 में ऑल इंडिया कैटेगरी रैंक 1925 प्राप्त की है। मूल रूप से चिराग भिवानी जिले के राजगढ़ का निवासी है, लेकिन पिछले करीब 10 वर्षों से वह अपने ननिहाल गांव आकोदा में अपने मामा मनजीत के पास रहकर पढ़ाई कर रहा है। चिराग की इस उपलब्धि से उसके परिवार के साथ-साथ ननिहाल पक्ष में भी खुशी का माहौल है।
वहीं, आकोदा निवासी रिया यादव, पुत्री मुकेश कुमार, ने भी नीट-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए ऑल इंडिया कैटेगरी रैंक 1860 हासिल की है। रिया की सफलता से परिवार और गांव के लोगों में उत्साह का माहौल है। दोनों विद्यार्थियों ने 12वीं की पढ़ाई के साथ ही पहली बार में नीट परीक्षा उत्तीर्ण कर यह साबित कर दिया कि लक्ष्य के प्रति समर्पण, अनुशासन और निरंतर मेहनत से बड़ी सफलता हासिल की जा सकती है।
ग्रामीण परिवेश से निकलकर राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगी परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले इन दोनों विद्यार्थियों की सफलता अन्य युवाओं के लिए भी प्रेरणास्रोत बनी है। परिजनों ने उनकी उपलब्धि का श्रेय कठिन परिश्रम, शिक्षकों के मार्गदर्शन और परिवार के सहयोग को दिया।
गांव के गणमान्य लोगों और शिक्षकों ने चिराग और रिया को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है। दोनों विद्यार्थियों की सफलता से पूरे क्षेत्र में गर्व और खुशी का माहौल है तथा ग्रामीणों ने उम्मीद जताई कि वे भविष्य में कुशल चिकित्सक बनकर समाज की सेवा करेंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें