बुधवार, 24 जून 2026

पूर्व सरपंच वेदपाल यादव के निधन से क्षेत्र में शोक, हजारों नम आंखों ने दी अंतिम विदाई दो बार संभाली आकोदा की सरपंची, विकास कार्यों और सामाजिक सरोकारों के लिए थे प्रसिद्ध

 


आकोदा के पूर्व सरपंच एवं वरिष्ठ समाजसेवी वेदपाल यादव का मंगलवार को निधन हो गया। उनके निधन की खबर मिलते ही गांव सहित पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। वे करीब 78 वर्ष के थे और पिछले कुछ समय से अस्वस्थ चल रहे थे। मंगलवार को उन्होंने अपने पैतृक गांव आकोदा में अंतिम सांस ली। स्वर्गीय वेदपाल यादव ने दो बार गांव आकोदा के सरपंच के रूप में सेवाएं दीं। अपने कार्यकाल के दौरान उन्होंने गांव के विकास, जनसुविधाओं के विस्तार और सामाजिक सौहार्द को बढ़ावा देने में उल्लेखनीय योगदान दिया। उनकी पहचान एक सरल, सौम्य और जनहितैषी जनप्रतिनिधि के रूप में रही। ग्रामीणों के अनुसार वे हमेशा लोगों के सुख-दुख में सहभागी बनकर समाज सेवा के कार्यों में अग्रणी भूमिका निभाते थे।


उनके निधन को क्षेत्र के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए ग्रामीणों ने कहा कि वेदपाल यादव ने अपने व्यवहार, नेतृत्व क्षमता और सामाजिक प्रतिबद्धता से लोगों के दिलों में विशेष स्थान बनाया था। वे गांव के विकास से जुड़े हर मुद्दे को गंभीरता से लेते थे और समाज के सभी वर्गों के बीच समान रूप से सम्मानित थे। 

मंगलवार को उनका अंतिम संस्कार गांव आकोदा में पूरे सम्मान और श्रद्धा के साथ किया गया। अंतिम यात्रा में क्षेत्र के अनेक गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक संगठनों के प्रतिनिधि, पंचायत सदस्य तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण शामिल हुए। उनके सामाजिक एवं जनसेवा के योगदान को स्मरण किया। उनके निधन से गांव आकोदा ने एक अनुभवी, दूरदर्शी और जनप्रिय नेतृत्व को खो दिया है। शोकाकुल परिवार के प्रति क्षेत्रवासियों ने गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें