शुक्रवार, 5 जून 2026

आकोदा में 9 जून को लगेगा विशाल निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर आयुष विभाग की पहल, महिलाओं सहित सभी आयु वर्ग के मरीजों को मिलेगा लाभ

 ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने और आयुर्वेदिक चिकित्सा पद्धति के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से गांव आकोदा में 9 जून को विशाल निःशुल्क आयुर्वेदिक स्वास्थ्य शिविर का आयोजन किया जाएगा। हरियाणा सरकार के आयुष विभाग के निर्देशानुसार आयोजित होने वाले इस शिविर में क्षेत्र के नागरिकों को स्वास्थ्य जांच, परामर्श एवं दवाइयों की सुविधा नि:शुल्क उपलब्ध कराई जाएगी।


राजकीय आयुर्वेदिक औषधालय बसई के फार्मासिस्ट महेंद्र पाल ने बताया कि जिला आयुर्वेद अधिकारी के मार्गदर्शन में आयोजित इस शिविर में आयुर्वेदिक मेडिकल ऑफिसर डॉ. निशा मान मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण करेंगी। शिविर में जोड़ों व शरीर के दर्द, श्वास संबंधी रोग, रोग प्रतिरोधक क्षमता में कमी, मौसमी बीमारियों तथा अन्य सामान्य रोगों की जांच कर विशेषज्ञ परामर्श दिया जाएगा।

उन्होंने बताया कि महिलाओं के स्वास्थ्य को विशेष प्राथमिकता देते हुए स्त्री रोगों, एनीमिया (खून की कमी) और अन्य महिला संबंधी समस्याओं की जांच एवं उपचार की व्यवस्था भी की गई है। इसके अलावा मरीजों के हीमोग्लोबिन, ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर तथा वजन की जांच पूरी तरह नि:शुल्क की जाएगी।

शिविर के दौरान जरूरतमंद मरीजों को आयुर्वेदिक दवाइयां भी मुफ्त वितरित की जाएंगी। डॉ. निशा मान ने क्षेत्र के लोगों से अधिक से अधिक संख्या में शिविर में पहुंचकर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाने की अपील की है। उन्होंने कहा कि आयुर्वेद केवल उपचार की पद्धति नहीं, बल्कि स्वस्थ जीवनशैली और रोगों की रोकथाम का प्रभावी माध्यम भी है।

आयुष विभाग के इस विशेष स्वास्थ्य शिविर को ग्रामीण क्षेत्र के लोगों के लिए स्वास्थ्य जांच, परामर्श और आयुर्वेदिक उपचार का एक महत्वपूर्ण अवसर माना जा रहा है। विभाग को उम्मीद है कि बड़ी संख्या में ग्रामीण इस शिविर का लाभ उठाकर अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक होंगे।

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें