हरियाणा से राज्यसभा सांसद रेखा शर्मा द्वारा पूर्व मुख्यमंत्री चौधरी भजनलाल के संबंध में कथित रूप से अपमानजनक टिप्पणी किए जाने को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। इस मामले में टीम कुलदीप बिश्नोई, महेंद्रगढ़ के सदस्यों ने कड़ी आपत्ति जताते हुए पुलिस में शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है।
शिकायतकर्ता रुद्रपाल सिंह ने प्रशासन को दिए पत्र में आरोप लगाया है कि सांसद द्वारा सार्वजनिक मंच पर पूर्व मुख्यमंत्री के लिए अभद्र भाषा का प्रयोग किया गया, जो न केवल एक वरिष्ठ नेता के सम्मान के खिलाफ है बल्कि समाज में गलत संदेश भी देता है। उन्होंने कहा कि चौधरी भजनलाल हरियाणा के एक सम्मानित नेता रहे हैं, जिन्होंने अपने कार्यकाल में राज्य के सामाजिक, आर्थिक और बुनियादी ढांचे के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
शिकायत में यह भी कहा गया है कि इस प्रकार के बयान सार्वजनिक जीवन की गरिमा को ठेस पहुंचाते हैं और सामाजिक सौहार्द व कानून-व्यवस्था पर भी प्रतिकूल प्रभाव डाल सकते हैं। शिकायतकर्ताओं ने इसे दंडनीय कृत्य बताते हुए संबंधित सांसद के खिलाफ उचित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर कड़ी कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।
टीम कुलदीप बिश्नोई के सदस्यों ने प्रशासन से आग्रह किया है कि मामले का संज्ञान लेकर निष्पक्ष जांच करवाई जाए, ताकि भविष्य में जनप्रतिनिधि इस प्रकार की भाषा का प्रयोग करने से बचें और सार्वजनिक जीवन की मर्यादा बनी रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें