क्षेत्र के गांव बसई स्थित वीबीएन स्कूल के लिए उस समय गर्व का क्षण बना जब स्कूल के दो मेधावी छात्रों ने संयुक्त स्नातक स्तर (सीजीएल) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रतिष्ठित पदों पर चयन प्राप्त किया। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव पालड़ी निवासी संजय सिंह के पुत्र अभिषेक का चयन सीजीएल के माध्यम से असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (एएसओ) के पद पर हुआ है, जबकि लक्ष्मण सिंह के पुत्र जितिन तंवर का चयन सीजीएल के जरिए आयकर विभाग (सीबीडीटी) में ऑफिसर (ओएस) पद पर हुआ है। दोनों छात्रों की इस सफलता ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।
इस अवसर पर वीबीएन स्कूल के प्राचार्य लक्ष्मण सिंह ने दोनों सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अभिषेक और जितिन ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।
विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने भी दोनों छात्रों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों का कहना है कि ये दोनों छात्र शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट रहे हैं और उन्होंने अपने व्यवहार तथा मेहनत से हमेशा विद्यालय का नाम ऊंचा किया है।
गांव में भी इस सफलता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने इसे पूरे गांव के लिए गर्व का विषय बताया है। छात्रों के परिजनों के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिवार के सदस्यों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद गर्व का क्षण है।
फोन के माध्यम से भी दोनों छात्रों को बधाई देने वालों का सिलसिला जारी रहा। इनमें हुक्का चौक के प्रधान मास्टर दिनेश कुमार, मास्टर मदन सिंह, उज्जवल अकादमी के एमडी हेमंत सिंह तंवर, सुरेंद्र सिंह बास, ललित खुडाना, बजरंग सेठ बसई, एडवोकेट दिनेश डालू सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं और संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल रहे।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें