महेंद्रगढ़
हरियाणा ग्रामीण बैंक की शाखा पाली द्वारा वित्तीय एवं डिजिटल साक्षरता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से एक जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में हरियाणा ग्रामीण बैंक महेंद्रगढ़ के क्षेत्रीय कार्यालय से क्षेत्रीय प्रबंधक पुष्पा यादव ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की। शिविर में बड़ी संख्या में ग्रामीण उपभोक्ता, स्वयं सहायता समूह की महिलाएं तथा युवा उपस्थित रहे।
मुख्य अतिथि क्षेत्रीय प्रबंधक पुष्पा यादव ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि हरियाणा ग्रामीण बैंक ग्रामीण क्षेत्र के लोगों को सशक्त बनाने के लिए अनेक प्रकार की बैंकिंग सेवाएं प्रदान कर रहा है। उन्होंने बताया कि बैंक द्वारा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी), पशुपालक किसान क्रेडिट कार्ड (पीकेसीसी), प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना, एफडी, आरडी सहित कई लाभकारी योजनाएं उपभोक्ताओं को उपलब्ध कराई जा रही हैं। उन्होंने यह भी बताया कि बैंक में बचत खाता खोलने की प्रक्रिया अत्यंत सरल है, जिससे ग्रामीण आसानी से बैंकिंग सेवाओं से जुड़ सकते हैं।
उन्होंने प्रधानमंत्री जन धन योजना के महत्व पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि यह योजना आम नागरिकों को बैंकिंग व्यवस्था से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। क्षेत्रीय प्रबंधक ने विशेष रूप से बच्चों और विद्यार्थियों को बचपन से ही बचत की आदत डालने की प्रेरणा दी और कहा कि यही आदत भविष्य में आर्थिक मजबूती का आधार बनती है।
डिजिटल लेनदेन पर बोलते हुए पुष्पा यादव ने यूपीआई और अन्य ऑनलाइन माध्यमों के सुरक्षित उपयोग की जानकारी दी। उन्होंने साइबर धोखाधड़ी से बचने के लिए सावधानियां बताते हुए कहा कि किसी भी परिस्थिति में ओटीपी, एटीएम या क्रेडिट कार्ड नंबर किसी से साझा नहीं करना चाहिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि कोई भी बैंक कभी भी उपभोक्ता से ऐसी गोपनीय जानकारी नहीं मांगता। उन्होंने यह जानकारी अपने बच्चों और परिवार के अन्य सदस्यों को भी देने का आह्वान किया। साइबर फ्रॉड की स्थिति में तुरंत हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराने तथा नजदीकी थाना या चौकी में सूचना देने की सलाह दी।
इस अवसर पर हरियाणा ग्रामीण बैंक पाली के शाखा प्रबंधक जितेंद्र यादव ने कहा कि डिजिटल साक्षरता आज के समय की आवश्यकता है। युवाओं को समय रहते डिजिटल बैंकिंग की सही जानकारी अवश्य लेनी चाहिए, ताकि भविष्य में वे सभी प्रकार के डिजिटल लेनदेन आत्मविश्वास के साथ कर सकें। कार्यक्रम में सहायक प्रबंधक नितेश यादव, महेंद्रगढ़ क्षेत्रीय कार्यालय से प्रीतम व बंसीलाल सहित स्वयं सहायता समूह की महिलाएं और अनेक उपभोक्ता उपस्थित रहे। शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को सुरक्षित, सरल और प्रभावी बैंकिंग के प्रति जागरूक करना रहा।

कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें