महेंद्रगढ़
आकोदा स्थित श्री दुलीचंद मॉडल संस्कृति स्कूल में चल रहे निर्माण कार्य को लेकर आज हलका विधायक कंवर सिंह यादव ने औचक निरीक्षण किया। दादरी से वापसी के दौरान विधायक अचानक स्कूल प्रांगण में पहुंचे और निर्माणाधीन कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने न केवल कार्य की गति देखी बल्कि इस्तेमाल हो रही निर्माण सामग्री की गुणवत्ता की भी बारीकी से जांच की।
जानकारी के अनुसार विद्यालय में इस समय दो अत्याधुनिक प्रयोगशालाओं का निर्माण कार्य प्रगति पर है। इनमें एक केमिस्ट्री लैब और दूसरी बायोलॉजी लैब शामिल है। इन दोनों प्रयोगशालाओं के निर्माण के लिए सरकार की ओर से 17 लाख 53 हजार रुपये की ग्रांट स्वीकृत की गई है। इसी राशि से स्कूल में प्रयोगशाला निर्माण का कार्य किया जा रहा है, जिससे विद्यार्थियों को विज्ञान विषयों की प्रायोगिक शिक्षा बेहतर ढंग से मिल सके।
निरीक्षण के दौरान विधायक कंवर सिंह यादव ने निर्माण कार्य की सराहना करते हुए कहा कि स्कूल में गुणवत्ता के साथ अच्छा कार्य हो रहा है। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकारी भवनों के निर्माण में किसी भी प्रकार की लापरवाही या घटिया सामग्री बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने निर्माण एजेंसी को निर्देश दिए कि तय मानकों के अनुसार ही कार्य को पूरा किया जाए।
इस मौके पर स्कूल के प्राचार्य रामस्वरूप यादव एवं अन्य स्टाफ सदस्य भी उपस्थित रहे। प्राचार्य ने विधायक को विद्यालय की मौजूदा स्थिति से अवगत कराते हुए बताया कि स्कूल के कुछ कमरे काफी पुराने और जर्जर अवस्था में पहुंच चुके हैं, जिन्हें कंडम घोषित किए जाने की आवश्यकता है। साथ ही उन्होंने विद्यालय की चारदीवारी की स्थिति को लेकर भी चिंता व्यक्त की और इन कार्यों के लिए सहयोग का आग्रह किया।
विद्यालय प्रशासन की बात को गंभीरता से लेते हुए विधायक कंवर सिंह यादव ने मौके पर ही जानकारी देते हुए बताया कि स्कूल के अतिरिक्त कमरों के निर्माण एवं चारदीवारी के लिए 70 लाख 71 हजार रुपये की राशि स्वीकृत हो चुकी है। उन्होंने कहा कि इस कार्य का बजट भी पास हो चुका है और बहुत जल्द टेंडर प्रक्रिया पूरी कर निर्माण कार्य शुरू करवा दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने स्कूल परिसर से ही एडीसी से फोन पर बातचीत कर संबंधित कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर जल्द शुरू करवाने का आग्रह किया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिक्षा से जुड़े विकास कार्यों में किसी भी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए।
विधायक कंवर सिंह यादव ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के विद्यार्थियों को भी शहरों के समान बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं उपलब्ध कराना है। इसी दिशा में मॉडल संस्कृति स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से लैस किया जा रहा है। उन्होंने दो टूक कहा कि शिक्षा के मामले में कोई भी कोताही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी निर्माण कार्य उच्च गुणवत्ता की सामग्री से कराए जाएंगे।
इस अवसर पर स्कूल प्राचार्य रामस्वरूप यादव, प्रवक्ता महेंद्र सिंह, स्कूल के बाबू जय भगवान, वेद प्रकाश, अनिल कृष्ण यादव, राकेश यादव सहित अन्य स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे। विद्यालय स्टाफ ने विधायक का आभार व्यक्त करते हुए उम्मीद जताई कि प्रस्तावित कार्यों के पूरा होने से विद्यार्थियों को बेहतर शैक्षणिक माहौल मिलेगा और स्कूल की आधारभूत संरचना और मजबूत होगी।



कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें