शनिवार, 28 फ़रवरी 2026
शुक्रवार, 27 फ़रवरी 2026
महेंद्रगढ़ में 1 मार्च को जिला स्तरीय विशाल किसान मेला, आधुनिक तकनीक से रूबरू होंगे किसान
महेंद्रगढ़
कृषि एवं किसान कल्याण विभाग की ओर से 1 मार्च 2026 को प्रातः 10:00 बजे उपमंडल कृषि अधिकारी, महेंद्रगढ़ के कार्यालय परिसर में जिला स्तरीय विशाल किसान मेले का आयोजन किया जाएगा। मेले का उद्देश्य किसानों को कृषि क्षेत्र की नवीनतम तकनीकों से अवगत कराना और उन्हें आत्मनिर्भर खेती की दिशा में प्रेरित करना है।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने बताया कि इस मेले में विभिन्न विभागों की सक्रिय भागीदारी रहेगी। इनमें पशुपालन, बागवानी, हैफेड, बैंकिंग, मत्स्य पालन सहित अन्य संबंधित विभाग अपने-अपने स्टॉल लगाकर किसानों को योजनाओं और तकनीकी जानकारी से अवगत कराएंगे।
मेले में प्रदर्शनी और स्टॉल विशेष आकर्षण का केंद्र रहेंगे। कृषि कंपनियों, स्टार्टअप्स और स्थानीय प्रगतिशील किसानों को भी अपने उत्पाद और नवाचार प्रदर्शित करने का अवसर दिया जाएगा। आधुनिक कृषि मशीनरी, उन्नत बीज, जैविक खेती से जुड़े उत्पादों तथा नई तकनीकों का प्रदर्शन कर किसानों को उन्नत खेती के लिए प्रेरित किया जाएगा।
कार्यक्रम के दौरान तकनीकी सत्रों का भी आयोजन होगा, जिसमें कृषि वैज्ञानिकों द्वारा मिट्टी परीक्षण, फसल सुरक्षा, उर्वरक प्रबंधन और टिकाऊ खेती के तरीकों पर विस्तृत जानकारी दी जाएगी। विशेषज्ञ किसानों की समस्याओं का समाधान करेंगे और उन्हें बेहतर उत्पादन व लागत में कमी लाने के उपाय बताएंगे।
कृषि विभाग ने अधिक से अधिक किसानों से मेले में निर्धारित समय पर पहुंचकर लाभ उठाने की अपील की है। किसानों के लिए लंच की व्यवस्था विभाग द्वारा की जाएगी। साथ ही प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के माध्यम से किसानों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी, जिसमें सही उत्तर देने वाले किसानों को आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए जाएंगे। कृषि एवं किसान कल्याण विभाग, महेंद्रगढ़ ने इसे किसानों के लिए एक सुनहरा अवसर बताते हुए जिले के सभी किसानों से बढ़-चढ़कर भाग लेने का आह्वान किया है।
गुरुवार, 26 फ़रवरी 2026
डॉ. संदीप तंवर का पीजी में चयन, गांव में खुशी की लहर कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, करनाल में मिला प्रवेश, क्षेत्र का नाम किया रोशन
क्षेत्र के होनहार चिकित्सक डॉ. संदीप तंवर का पीजी (स्नातकोत्तर) के लिए चयन होने पर परिवार सहित पूरे गांव में खुशी की लहर दौड़ गई है। उनका चयन कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज, करनाल में हुआ है, जो क्षेत्र के लिए गर्व का विषय माना जा रहा है। डॉ. संदीप तंवर ने वर्ष 2016 में अपनी एमबीबीएस की पढ़ाई पंडित भगवत दयाल शर्मा स्नातकोत्तर आयुर्विज्ञान संस्थान, रोहतक से पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने स्वास्थ्य सेवाओं में निरंतर योगदान देते हुए अपनी अलग पहचान बनाई। वर्तमान में वे चरखी दादरी में डिप्टी सीएमओ के पद पर कार्यरत हैं और आमजन को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहे हैं।
उनकी इस सफलता पर पिता एवं पूर्व बीडीसी प्रतिनिधि सदस्य भूप सिंह, चाचा वरिष्ठ अधिवक्ता मोती सिंह तथा भाजपा युवा नेता मनजीत ने प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने बताया कि संदीप ने कठिन परिश्रम, अनुशासन और समर्पण के बल पर यह मुकाम हासिल किया है। छात्र जीवन से ही वह पढ़ाई के प्रति गंभीर और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्ध रहे हैं। परिजनों ने कहा कि संदीप की इस उपलब्धि से न केवल परिवार बल्कि पूरे गांव और क्षेत्र का नाम रोशन हुआ है। उनकी सफलता युवा पीढ़ी के लिए प्रेरणा का स्रोत बनेगी। ग्रामीणों और क्षेत्र के गणमान्य व्यक्तियों ने भी डॉ. संदीप तंवर को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की है।
बुधवार, 25 फ़रवरी 2026
लाइफ साइंस में जेआरएफ उत्तीर्ण कर कल्पना ने बढ़ाया क्षेत्र का मान
महेंद्रगढ़
क्षेत्र के लिए गर्व की बात है कि पूर्व थानेदार स्वर्गीय ईश्वर सिंह की पोती एवं एनसीसी अधिकारी राकेश यादव की पुत्री कल्पना ने संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट दिसंबर 2025 में लाइफ साइंस विषय के अंतर्गत जेआरएफ परीक्षा उत्तीर्ण कर परिवार और क्षेत्र का नाम रोशन किया है। इस उपलब्धि से परिवार सहित पूरे क्षेत्र में खुशी की लहर दौड़ गई है। संयुक्त सीएसआईआर-यूजीसी नेट परीक्षा देश की प्रतिष्ठित परीक्षाओं में से एक मानी जाती है, जिसमें सफलता प्राप्त करना आसान नहीं होता। कल्पना ने अपनी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयास के बल पर यह मुकाम हासिल किया। उनकी सफलता इस बात का प्रमाण है कि समर्पण और दृढ़ निश्चय के साथ किया गया प्रयास निश्चित रूप से सफलता दिलाता है।
कल्पना की इस उपलब्धि पर शिक्षाविदों और समाज के विभिन्न वर्गों ने प्रसन्नता व्यक्त की है।
मॉडल संस्कृति स्कूल के प्राचार्य सुनील गोरा,प्राचार्य स्वतंत्र कुमार, नरेंद्र सिंह,प्रताप शास्त्री, डॉ महेश यादव, वेदपाल शास्त्री, धर्मवीर, सत्यवीर,दिलावर, डॉ योगेंद्र यादव ,दिनेश यादव, प्रवक्ता विनोद, अनिल कुमार तथा प्रोफेसर मुकेश यादव सहित अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने उन्हें बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता पूरे क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक है। उन्होंने कहा कि कल्पना की उपलब्धि से अन्य विद्यार्थियों को भी प्रतिस्पर्धी परीक्षाओं की तैयारी के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
परिवारजनों ने बताया कि कल्पना शुरू से ही पढ़ाई के प्रति गंभीर और लक्ष्य के प्रति समर्पित रही हैं। उनका सपना शोध के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर समाज और देश के विकास में योगदान देना है। परिवार ने उनकी सफलता का श्रेय उनकी लगन, शिक्षकों के मार्गदर्शन और बड़ों के आशीर्वाद को दिया। कल्पना की इस सफलता ने एक बार फिर सिद्ध कर दिया है कि कठिन परिश्रम, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच के साथ किसी भी लक्ष्य को प्राप्त किया जा सकता है। क्षेत्रवासियों ने आशा व्यक्त की है कि वह भविष्य में भी इसी प्रकार नई ऊंचाइयों को छूकर क्षेत्र का नाम रोशन करती रहेंगी।
मंगलवार, 24 फ़रवरी 2026
सोमवार, 23 फ़रवरी 2026
रविवार, 22 फ़रवरी 2026
फेयरवेल में झूमे छात्र, चेहरों पर मुस्कान तो आंखों में विदाई का दर्द जनता शिक्षा निकेतन स्कूल, बसई में कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को दी गई भावभीनी विदाई
महेंद्र गढ़
जनता शिक्षा निकेतन स्कूल, बसई में कक्षा ग्यारहवीं के विद्यार्थियों द्वारा कक्षा बारहवीं के छात्रों के लिए भव्य विदाई समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय चेयरमैन महेंद्र सिंह एवं प्राचार्य कुलदीप प्रकाश द्वारा मां सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। समारोह का माहौल उत्साह और भावनाओं से सराबोर रहा। एक ओर जहां विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियों से कार्यक्रम में ऊर्जा भर दी, वहीं दूसरी ओर बारहवीं कक्षा के छात्रों के चेहरों पर स्कूल से बिछड़ने का दर्द भी साफ झलक रहा था।
कार्यक्रम में कक्षा 11वीं और 12वीं के विद्यार्थियों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं और स्कूल में बिताए गए खट्टी-मीठी यादों को साझा किया। मंच पर प्रस्तुत सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने सभी का मन मोह लिया। हास्य-व्यंग्य, नृत्य, गीत, एकांकी और सामाजिक कुरीतियों पर आधारित प्रस्तुतियों ने दर्शकों को भावुक भी किया और हंसी से लोटपोट भी। कुछ विद्यार्थियों ने मंच से अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि इस विद्यालय ने उन्हें न केवल शिक्षा दी, बल्कि जीवन के मूल्यों, अनुशासन और आत्मविश्वास का भी पाठ पढ़ाया। उन्होंने शिक्षकों के मार्गदर्शन और सहयोग के लिए आभार व्यक्त किया।
विद्यालय प्रशासन ने कक्षा दसवीं में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को विशेष रूप से सम्मानित किया। मेधावी छात्रों को स्मृति चिन्ह और प्रमाण पत्र देकर उनका उत्साहवर्धन किया गया। मुख्य अतिथि महेंद्र सिंह ने विद्यार्थियों को सफलता का मंत्र देते हुए कहा, “एक विचार को अपनाओ और उसे अपने जीवन का लक्ष्य बना लो। उसी के बारे में सोचो, उसी के सपने देखो और उसी दिशा में निरंतर प्रयास करो।” उन्होंने अपने निजी जीवन के अनुभव साझा करते हुए विद्यार्थियों को कठिन परिश्रम और सकारात्मक सोच का महत्व समझाया।
विद्यालय प्राचार्य कुलदीप प्रकाश ने कक्षा 12वीं के विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि विद्यालय के द्वार उनके लिए सदैव खुले रहेंगे। उन्होंने विद्यार्थियों से जीवन में सदैव ईमानदारी, अनुशासन और मेहनत को अपनाने का संदेश दिया। समारोह के अंत में सभी विद्यार्थियों ने एक-दूसरे के साथ स्मृति फोटो खिंचवाई और भावुक क्षणों के बीच अपने शिक्षकों से आशीर्वाद लिया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त स्टाफ सदस्य उपस्थित रहे और उन्होंने भी विद्यार्थियों को शुभकामनाएं दीं। फेयरवेल पार्टी ने विद्यार्थियों के जीवन में एक यादगार अध्याय जोड़ दिया, जिसे वे जीवन भर संजोकर रखेंगे।
शनिवार, 21 फ़रवरी 2026
शुक्रवार, 20 फ़रवरी 2026
गुरुवार, 19 फ़रवरी 2026
बुधवार, 18 फ़रवरी 2026
मंगलवार, 17 फ़रवरी 2026
खुडाना आईएमटी को लेकर प्रतिनिधिमंडल ने पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के नेतृत्व में मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से की मुलाकात
खुडाना आईएमटी परियोजना को शीघ्र शुरू करवाने की मांग को लेकर पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने रविवार को मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल में पूर्व सरपंच प्रतिनिधि ओमपाल सिंह, पूर्व सरपंच नरेंद्र कुमार जांगिड़, पूर्व भाजपा पाली मंडल प्रधान सत्यवीर उर्फ भैरो सिंह ,सरपंच प्रतिनिधि डॉ. नरेश सिंह, गोविंद सिंह तथा राम अवतार सिंह शामिल रहे।
मुख्यमंत्री आवास पर हुई इस बैठक में लगभग आधे घंटे तक खुडाना में प्रस्तावित आईएमटी (औद्योगिक मॉडल टाउनशिप) परियोजना पर विस्तार से चर्चा हुई। प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को बताया कि क्षेत्र के विकास और युवाओं के रोजगार के लिए यह परियोजना अत्यंत महत्वपूर्ण है। लंबे समय से स्थानीय लोग आईएमटी के क्रियान्वयन की प्रतीक्षा कर रहे हैं, जिससे क्षेत्र में उद्योग स्थापित हों और रोजगार के नए अवसर सृजित हों।
पूर्व शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि महेंद्रगढ़ क्षेत्र औद्योगिक दृष्टि से पिछड़ा रहा है और आईएमटी की स्थापना से यहां आर्थिक गतिविधियों को गति मिलेगी। उन्होंने आग्रह किया कि परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारा जाए ताकि क्षेत्र के युवाओं को अपने ही जिले में रोजगार मिल सके।
मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरता से सुनते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार क्षेत्र के संतुलित विकास के लिए प्रतिबद्ध है और खुडाना आईएमटी परियोजना को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा। बैठक के दौरान मुख्यमंत्री ने हरियाणा राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम (एचएसआईआईडीसी) के अधिकारियों को मौके पर बुलाकर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए और परियोजना की प्रगति रिपोर्ट तलब की।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी औपचारिकताएं शीघ्र पूरी कर कार्य प्रारंभ करने की प्रक्रिया तेज की जाए। उन्होंने कहा कि सरकार उद्योगों को प्रोत्साहन देने और रोजगार सृजन के लिए ठोस कदम उठा रही है। बैठक के बाद प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया और उम्मीद जताई कि जल्द ही खुडाना आईएमटी का कार्य धरातल पर शुरू होगा, जिससे क्षेत्र के विकास को नई दिशा मिलेगी।
सोमवार, 16 फ़रवरी 2026
गांव बास खुडाना में शोक की लहर: रामरति देवी का निधन, नम आंखों से दी अंतिम विदाई
गांव बास खुडाना निवासी मास्टर रविंदर की 68 वर्षीय माता रामरति देवी का रविवार सुबह निधन हो गया। उनके निधन से गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों के अनुसार रामरति देवी पिछले कुछ दिनों से अस्वस्थ चल रही थीं और रविवार प्रातः अपने निवास पर उन्होंने अंतिम सांस ली।
जानकारी देते हुए मास्टर सुनील ने बताया कि रामरति देवी उनकी मौसी थीं और स्वभाव से अत्यंत मिलनसार, सरल तथा मधुरभाषी महिला थीं। उन्होंने अपने व्यवहार और स्नेहपूर्ण स्वभाव से गांव में विशेष पहचान बनाई हुई थी। उनके निधन का समाचार मिलते ही गांव सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में लोग शोक संवेदना प्रकट करने उनके निवास पर पहुंचे।
गुलाब साहब ने बताया कि दोपहर बाद उनका अंतिम संस्कार गांव बास में किया गया। अंतिम यात्रा में गांव के गणमान्य व्यक्ति, सामाजिक कार्यकर्ता एवं ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए। शोकाकुल वातावरण में परिजनों ने उन्हें नम आंखों से अंतिम विदाई दी।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की तथा शोक संतप्त परिवार को इस दुख की घड़ी में धैर्य और शक्ति प्रदान करने की कामना भगवान से की। ग्रामीणों ने कहा कि रामरति देवी का स्नेहिल व्यवहार और समाज के प्रति उनका अपनापन सदैव याद किया जाएगा।

















































