शुक्रवार, 10 अप्रैल 2026

सीजीएल में दो छात्रों का चयन, गांव व वीबीएन स्कूल में खुशी

क्षेत्र के गांव बसई स्थित वीबीएन स्कूल के लिए उस समय गर्व का क्षण बना जब स्कूल के दो मेधावी छात्रों ने संयुक्त स्नातक स्तर (सीजीएल) परीक्षा में शानदार सफलता हासिल करते हुए प्रतिष्ठित पदों पर चयन प्राप्त किया। इस उपलब्धि से न केवल विद्यालय बल्कि पूरे गांव में खुशी और उत्साह का माहौल है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांव पालड़ी निवासी संजय सिंह के पुत्र अभिषेक का चयन सीजीएल के माध्यम से असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (एएसओ) के पद पर हुआ है, जबकि लक्ष्मण सिंह के पुत्र जितिन तंवर का चयन सीजीएल के जरिए आयकर विभाग (सीबीडीटी) में ऑफिसर (ओएस) पद पर हुआ है। दोनों छात्रों की इस सफलता ने क्षेत्र का नाम रोशन किया है और युवाओं के लिए प्रेरणा का स्रोत बनी है।

इस अवसर पर वीबीएन स्कूल के प्राचार्य लक्ष्मण सिंह ने दोनों सफल छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि उनकी कड़ी मेहनत, अनुशासन और निरंतर प्रयासों का परिणाम है। उन्होंने कहा कि अभिषेक और जितिन ने यह साबित कर दिया है कि यदि लक्ष्य स्पष्ट हो और मेहनत ईमानदारी से की जाए, तो सफलता अवश्य मिलती है। उन्होंने अन्य विद्यार्थियों को भी इनसे प्रेरणा लेने का संदेश दिया।

विद्यालय के शिक्षकों और स्टाफ सदस्यों ने भी दोनों छात्रों की इस उपलब्धि पर गर्व व्यक्त करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। शिक्षकों का कहना है कि ये दोनों छात्र शुरू से ही पढ़ाई में उत्कृष्ट रहे हैं और उन्होंने अपने व्यवहार तथा मेहनत से हमेशा विद्यालय का नाम ऊंचा किया है।

गांव में भी इस सफलता को लेकर खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। ग्रामीणों ने इसे पूरे गांव के लिए गर्व का विषय बताया है। छात्रों के परिजनों के घर पर बधाई देने वालों का तांता लगा हुआ है। परिवार के सदस्यों ने भी इस उपलब्धि पर खुशी जाहिर करते हुए कहा कि यह उनके लिए बेहद गर्व का क्षण है।

फोन के माध्यम से भी दोनों छात्रों को बधाई देने वालों का सिलसिला जारी रहा। इनमें हुक्का चौक के प्रधान मास्टर दिनेश कुमार, मास्टर मदन सिंह, उज्जवल अकादमी के एमडी हेमंत सिंह तंवर, सुरेंद्र सिंह बास, ललित खुडाना, बजरंग सेठ बसई, एडवोकेट दिनेश डालू सिंह सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ताओं और संस्थाओं के प्रतिनिधि शामिल रहे।

गुरुवार, 9 अप्रैल 2026

📢*जरूरी सूचना: लाडो लक्ष्मी योजना (हरियाणा) 📢*


सभी लाभार्थियों को सूचित किया जाता है कि योजना के पोर्टल पर Live Photo (Liveness Certificate) का ऑप्शन दोबारा शुरू हो गया है।

ध्यान दें: समय पर अपनी Live Photo अपडेट न करने पर आपकी आने वाली किस्त (Payment) रुक सकती है।

अतः सभी माताएं-बहनें जल्द से जल्द अपना वेरिफिकेशन पूरा करवा लें।

नरेश गुप्ता csc सेंटर आकोदा

8607319601

9416419600

रविवार, 5 अप्रैल 2026

महेंद्रगढ़ प्रशासन की अवैध गैस रिफिलिंग और कालाबाजारी पर हरियाणा में सबसे अधिक छापेमारी घरेलू गैस के दुरुपयोग पर एक माह में जिले में 179 सिलेंडर जब्त डीसी मनोज कुमार ने कहा, आपूर्ति अब पूरी तरह सामान्य

 

जिला प्रशासन महेंद्रगढ़ ने रसोई गैस की कालाबाजारी और व्यावसायिक स्थानों पर घरेलू सिलेंडरों के दुरुपयोग को रोकने के लिए एक माह में प्रदेश में सबसे अधिक कार्रवाई की हैं।

उपायुक्त कैप्टन मनोज कुमार ने यह जानकारी देते हुए बताया कि पिछले एक माह के दौरान जिला प्रशासन द्वारा की गई मुस्तैदी का ही परिणाम है कि पूरे हरियाणा में महेंद्रगढ़ जिला कार्रवाई के मामले में शीर्ष पर रहा है।

उन्होंने बताया कि इस सख्त अभियान की वजह से जिले में एलपीजी की सप्लाई अब बिल्कुल सामान्य हो गई है और उपभोक्ताओं को किसी भी तरह की किल्लत का सामना नहीं करना पड़ रहा है।

खाद्य एवं पूर्ति विभाग की छह विशेष टीमों द्वारा नारनौल, महेंद्रगढ़, सतनाली, कनीना, अटेली और नांगल चौधरी के शहरी क्षेत्रों में स्थित ढाबों और दुकानों पर सघन छापेमारी की गई। अब तक कुल 41 स्थानों पर दी गई दबिश में विभाग ने 179 घरेलू गैस सिलेंडर जब्त किए हैं।
उन्होंने बताया कि यह चेकिंग अभियान भविष्य में भी लगातार जारी रहेगा ताकि पात्र उपभोक्ताओं के हक पर डाका डालने वालों पर नकेल कसी जा सके। वर्तमान में जिले की 21 गैस एजेंसियों के माध्यम से प्रतिदिन 4000 से 5000 सिलेंडरों की डिलीवरी सुचारू रूप से की जा रही है और प्रशासन के पास पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है।
इस संबंध में सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अरुण सैनी ने बताया कि आमजन की सुविधा और कालाबाजारी की सूचना देने के लिए विभाग द्वारा हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं।
-------------------------
इन कॉलोनीवासियों के उपभोक्ता लगवा सकते हैं पीएनजी कनेक्शन

सहायक खाद्य एवं पूर्ति अधिकारी अरुण सैनी ने बताया कि पीएनजी कनेक्शन
नारनौल के विभिन्न क्षेत्रों जैसे हुडा, एम्प्लॉई कॉलोनी, मालवीय नगर और रेवाड़ी रोड सहित कई इलाकों में अडानी गैस की पाइपलाइन चालू हो चुकी है।
उन्होंने बताया कि पीएनजी न केवल सुरक्षित है, बल्कि एलपीजी की तुलना में अधिक सुविधाजनक और पर्यावरण के अनुकूल भी है।
----------------------
नए पीएनजी कनेक्शन के लिए है तीन तरह की योजनाएं

अडानी गैस द्वारा उपभोक्ताओं के लिए तीन आसान योजनाएं उपलब्ध कराई गई हैं, जिनमें पंजीकरण शुल्क मात्र 301 रुपए से शुरू है।
• योजना-1:
₹301 पंजीकरण शुल्क। सुरक्षा जमा राशि (₹6000) को 30 आसान किस्तों में देने की सुविधा। साथ ही ₹500 की मुफ्त गैस का लाभ।
• योजना-2
₹301 पंजीकरण शुल्क और ₹75 मासिक किराए का विकल्प। मात्र ₹1 में गीजर पॉइंट की सुविधा।
• योजना-3
₹6301 का एकमुश्त भुगतान कर तुरंत कनेक्शन और ₹1 के नाममात्र शुल्क पर गीजर पॉइंट की सुविधा।
आवेदन कैसे करें: उपभोक्ता 'My Adani Gas' ऐप के माध्यम से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। सहायता के लिए कस्टमर केयर नंबर 07969221100 या 07947545252 पर संपर्क किया जा सकता है।


DIPRO NARNAUL

नालों में फंसा..........


 

शुक्रवार, 3 अप्रैल 2026

हनुमान जयंती पर जाट बिजली पावर हाउस में विशाल भंडारा, श्रद्धालुओं ने लिया प्रसाद


 क्षेत्र में हनुमान जयंती के पावन अवसर पर जाट बिजली पावर हाउस परिसर में हर वर्ष की भांति इस बार भी श्रद्धा, आस्था और भक्ति के साथ विशाल भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में क्षेत्र के बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लेकर धार्मिक माहौल को भक्तिमय बना दिया। कार्यक्रम की शुरुआत प्रातः करीब 8 बजे विधिवत हवन-यज्ञ के साथ हुई। इस दौरान श्रद्धालुओं ने वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच हवन कुंड में आहुति डालकर सुख-समृद्धि और क्षेत्र की खुशहाली की कामना की। वातावरण “जय श्री राम” और “बजरंग बली की जय” के जयघोष से गूंज उठा, जिससे पूरा परिसर भक्तिमय हो गया।

हवन के उपरांत सुबह करीब 11:15 बजे प्रसाद वितरण का कार्य आरंभ किया गया, जो दिनभर लगातार चलता रहा। भंडारे में आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भोजन और प्रसाद की उत्तम व्यवस्था की गई थी। लोगों ने श्रद्धा के साथ प्रसाद ग्रहण किया और आयोजकों के इस सेवा कार्य की सराहना की। भंडारे में आसपास के गांवों और कस्बों से भी बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्गों सहित हर वर्ग के लोगों ने इस धार्मिक आयोजन में भाग लेकर अपनी आस्था प्रकट की। आयोजन स्थल पर अनुशासन और व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्वयंसेवकों की टीम भी सक्रिय रही, जो श्रद्धालुओं की सेवा में जुटी रही।

आयोजकों ने बताया कि हनुमान जयंती के अवसर पर हर वर्ष इस तरह का भंडारा आयोजित किया जाता है, जिसमें क्षेत्र के लोग बढ़-चढ़कर भाग लेते हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे धार्मिक कार्यक्रम न केवल आध्यात्मिक ऊर्जा प्रदान करते हैं, बल्कि समाज में भाईचारे, एकता और सहयोग की भावना को भी मजबूत करते हैं।

उन्होंने आगे कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से नई पीढ़ी को भी अपनी धार्मिक और सांस्कृतिक परंपराओं से जुड़ने का अवसर मिलता है। आयोजन के माध्यम से लोगों में सेवा, समर्पण और परोपकार की भावना विकसित होती है, जो समाज के समग्र विकास के लिए आवश्यक है। पूरे दिन चले इस भंडारे में श्रद्धालुओं की भीड़ बनी रही और सभी ने प्रसाद ग्रहण कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कार्यक्रम शांतिपूर्ण और सफलतापूर्वक संपन्न हुआ, जिसमें क्षेत्रवासियों का विशेष सहयोग रहा।

स्कूल गेट पर ग्रामीणों का धरना


 





मंगलवार, 31 मार्च 2026

आकोदा स्कूल में प्रवेश उत्सव शुरू, अब सीबीएसई के तहत मिलेगी द्विभाषी शिक्षा

 


श्री दुलीचंद राजकीय मॉडल संस्कृति सीनियर सेकेंडरी स्कूल अकोदा में 23 मार्च से प्रवेश उत्सव की शुरुआत हो चुकी है। उत्सव के तहत विद्यालय के अध्यापक घर-घर जाकर अभिभावकों को स्कूल में मिलने वाली गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, आधुनिक सुविधाओं और नए सत्र 2026-27 में हुए बदलावों के बारे में जानकारी दे रहे हैं। विद्यालय प्रबंधन के अनुसार इस सत्र से स्कूल को सीबीएसई के अधीन कर दिया गया है, जिससे विद्यार्थियों को अब हिंदी और अंग्रेजी दोनों माध्यमों में शिक्षा उपलब्ध करवाई जाएगी। इससे क्षेत्र के छात्रों को बेहतर शैक्षणिक अवसर मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। कार्यकारी प्राचार्य तुषमा तंवर ने बताया कि स्थानांतरण प्रक्रिया के तहत जल्द ही योग्य और अंग्रेजी माध्यम के अध्यापक विद्यालय में नियुक्त किए जाएंगे, जिससे पढ़ाई का स्तर और बेहतर होगा। उन्होंने कहा कि स्कूल में आधुनिक शिक्षा प्रणाली लागू करने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

28 मार्च 2026 को तुषमा तंवर की अध्यक्षता में क्लस्टर के सभी मुख्य अध्यापकों की बैठक आयोजित की गई। बैठक में एबीआरसी पूनम यादव ने कक्षा 1 से 3 और कक्षा 4 से 8 तक के विद्यार्थियों के लिए विशेष कार्यक्रमों की जानकारी पीपीटी के माध्यम से दी। इन कार्यक्रमों का उद्देश्य बच्चों की बुनियादी शिक्षा को मजबूत बनाना है। विद्यालय में जल्द ही केमिस्ट्री और बायोलॉजी लैब शुरू होने जा रही हैं तथा नई बिल्डिंग का कार्य भी अंतिम चरण में है। स्कूल प्रबंधन को उम्मीद है कि सीबीएसई के तहत आने से इस बार नामांकन में उल्लेखनीय वृद्धि होगी। विद्यालय प्रशासन ने अभिभावकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में अपने बच्चों का प्रवेश इस विद्यालय में करवाएं, ताकि वे बेहतर और आधुनिक शिक्षा का लाभ उठा सकें।

बसई के जनता शिक्षा निकेतन विद्यालय का परीक्षा परिणाम शत-प्रतिशत, मेधावी छात्र सम्मानित


 जनता शिक्षा निकेतन वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, बसई में सोमवार को वार्षिक परीक्षा परिणाम घोषित किया गया, जिसमें कक्षा पहली से ग्यारहवीं तक का परिणाम शत-प्रतिशत रहा। इस उपलब्धि से विद्यालय प्रबंधन, अभिभावकों और विद्यार्थियों में खुशी का माहौल है। परिणाम घोषणा के अवसर पर विद्यालय में सम्मान समारोह आयोजित किया गया, जिसमें प्रत्येक कक्षा में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले विद्यार्थियों के साथ-साथ अनुशासित छात्रों को भी पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम में विद्यालय के चेयरमैन महेंद्र कुमार, प्राचार्य कुलदीप प्रकाश, व्यवस्थापक सत्यवीर सिंह तंवर तथा समस्त स्टाफ उपस्थित रहा।

प्राचार्य कुलदीप प्रकाश ने कहा कि विद्यार्थियों की सफलता में माता-पिता के प्रयास और शिक्षकों के मार्गदर्शन की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि अभिभावक बच्चों को सकारात्मक वातावरण प्रदान करें, जबकि शिक्षक आधुनिक व प्रयोगात्मक शिक्षण पद्धति के माध्यम से उनके भविष्य को संवारने का कार्य करते हैं। चेयरमैन महेंद्र कुमार ने सभी सफल विद्यार्थियों, उनके अभिभावकों और स्टाफ को बधाई देते हुए कहा कि विद्यालय भविष्य में भी इसी प्रकार उत्कृष्ट शिक्षा प्रदान करता रहेगा। उन्होंने अभिभावकों को विश्वास दिलाया कि संस्थान बच्चों के सर्वांगीण विकास के लिए प्रतिबद्ध है। विद्यालय व्यवस्थापक सत्यवीर सिंह तंवर ने आगामी शैक्षणिक सत्र 2026-27 के लिए विद्यार्थियों और अभिभावकों को शुभकामनाएं देते हुए नए सत्र में और बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद जताई।

ट्रांसफर पर एसडीएम कनिका गोयल को ‘महेंद्रगढ़ गौरव सम्मान’, ग्रामीणों ने किया भावुक विदाई सम्मान


उपमंडल अधिकारी (एसडीएम) कनिका गोयल के स्थानांतरण पर क्षेत्र में लगातार सम्मान समारोह आयोजित किए जा रहे हैं। इसी क्रम में ग्राम पंचायत पाली के प्रतिनिधियों ने एसडीएम कार्यालय महेंद्रगढ़ पहुंचकर उन्हें ‘महेंद्रगढ़ गौरव सम्मान’ से सम्मानित किया और उनके कार्यकाल को याद किया। सम्मान समारोह में सरपंच देशराज, बाबा सिद्ध के पूर्व प्रधान नरेश सिंह, वर्तमान प्रधान सुंदर सिंह, मुकेश सिंह, सुरेश सिंह, प्रवीण ठेकेदार सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे। सभी ने एसडीएम कनिका गोयल के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने अपने दायित्वों का निर्वहन पूरी ईमानदारी, पारदर्शिता और संवेदनशीलता के साथ किया।

वक्ताओं ने कहा कि कनिका गोयल ने अपने कार्यकाल के दौरान क्षेत्र के समग्र विकास को प्राथमिकता दी। उन्होंने प्रशासनिक व्यवस्था को मजबूत करने के साथ-साथ आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित किया। उनके कार्यकाल में जनहित से जुड़े कई महत्वपूर्ण कार्यों को गति मिली, जिससे लोगों को सीधा लाभ प्राप्त हुआ। ग्रामीण प्रतिनिधियों ने बताया कि एसडीएम हमेशा जनता के बीच रहकर उनकी समस्याओं को सुनती थीं और मौके पर ही समाधान के प्रयास करती थीं। उनकी कार्यशैली सरल, सहज और जनसरोकारों से जुड़ी रही, जिसके कारण वे लोगों के बीच काफी लोकप्रिय रहीं।

इस अवसर पर उपस्थित लोगों ने उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। साथ ही उनके नए कार्यस्थल पर भी इसी तरह उत्कृष्ट कार्य करने की उम्मीद जताई। कार्यक्रम के अंत में सभी ने भावुक माहौल में उन्हें विदाई दी और उनके योगदान को हमेशा याद रखने की बात कही।

सोमवार, 30 मार्च 2026

बांस खुडाना में जंगली जानवर का आतंक, एक ही रात में 13 भेड़ों का शिकार


 जिले के अंतिम गांव बांस खुडाना में जंगली जानवर के हमले से दहशत फैल गई, जहां एक ही रात में 13 भेड़ों को मौत के घाट उतार दिया गया। इस दर्दनाक घटना से पूरे गांव में भय का माहौल बना हुआ है। घटना की सूचना मिलते ही जनप्रतिनिधि सक्रिय हुए और पीड़ित परिवार को हर संभव सहायता दिलाने का आश्वासन दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार दादरी सीमा से सटे छोटे से गांव बांस खुडाना में अधिकांश लोग खेती-बाड़ी और पशुपालन पर निर्भर हैं। गांव के पशुपालक पुरुषोत्तम पुत्र ओमपाल सिंह रोज की तरह अपनी भेड़-बकरियों को चराकर रात करीब 11 बजे घर लौटे और सो गए।

सुबह करीब 5 बजे जब वह पशुओं को देखने पहुंचे तो बाड़ टूटी हुई मिली और अंदर का दृश्य बेहद भयावह था। मौके पर 12 भेड़ के बच्चे और एक बड़ी भेड़ मृत पाई गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल थीं। मृत भेड़ों की हालत देखकर हर कोई सन्न रह गया—किसी का मुंह गायब था, किसी के कान नोचे गए थे और कई के शरीर पर गहरे जख्म थे।


ग्रामीणों के अनुसार हमला देर रात करीब 3 बजे के आसपास हुआ। आशंका जताई जा रही है कि यह किसी जंगली जानवर का हमला है। सूचना मिलते ही डायल 112 पर कॉल की गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए आकोदा पशु चिकित्सालय के डॉक्टर वेद सांगवान टीम सहित मौके पर पहुंचे और मृत पशुओं का पोस्टमार्टम किया। वहीं वन्य प्राणी विभाग की टीम रवि शर्मा के नेतृत्व में घटनास्थल पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। प्राथमिक जांच में इसे जंगली जानवर का हमला माना गया है, हालांकि कोई स्पष्ट निशान नहीं मिल पाए हैं।

इस दौरान महेंद्रगढ़ विधायक कंवर सिंह के सुपुत्र राहुल ने मौके पर पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हर संभव सहायता दिलाने का भरोसा दिया। राहुल ने आश्वासन दिया कि सरकार की ओर से मुआवजा दिलाने के साथ-साथ निजी स्तर पर भी आर्थिक मदद उपलब्ध कराई जाएगी। वहीं ब्लॉक समिति वाइस चेयरमैन प्रतिनिधि रणधीर सिंह आदलपुर भी मौके पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लेते हुए प्रशासन से तुरंत राहत दिलाने की मांग की। रणधीर सिंह ने कहा कि क्षेत्र में जंगली जानवरों का खतरा लगातार बढ़ रहा है, जिससे पशुपालकों को भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। उन्होंने प्रशासन से ठोस कदम उठाने की मांग की।

मौके पर सरपंच रतन सिंह, बाबूलाल, राजेंद्र सिंह, सूबेदार बलु सिंह, पूर्व सैनिक जय भगवान, मनोज सिंह, मुकेश सिंह, महेंद्र सिंह, भाजपा नेता सुखवीर सिंह, ओमप्रकाश नंबरदार, धर्मवीर सिंह, नरेंद्र सिंह, कैप्टन योगेंद्र सिंह, नारायण सिंह, सोमबीर सिंह, पूर्व पंच संदीप, लादू सिंह सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने जिला प्रशासन से मांग की है कि पीड़ित पशुपालक को जल्द उचित मुआवजा दिया जाए और गांव में जंगली जानवरों के बढ़ते आतंक से निजात दिलाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं।

मंगलवार, 24 मार्च 2026

गांव कापड़ो में हरियाणा ग्रामीण बैंक की 694वीं शाखा का भव्य शुभारंभ

 

हरियाणा ग्रामीण बैंक ने अपने विस्तार के क्रम में एक और महत्वपूर्ण उपलब्धि प्राप्त करते हुए गांव कापड़ो में अपनी 694वीं शाखा का शुभारंभ किया। यह नई शाखा क्षेत्र के लोगों को आधुनिक एवं सुलभ बैंकिंग सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

शाखा का विधिवत उद्घाटन माननीय क्षेत्रीय प्रबंधक श्री राजीव कुमार यादव जी के कर-कमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर अपने संबोधन में उन्होंने कहा कि बैंक का उद्देश्य ग्रामीण अंचलों में बैंकिंग सुविधाओं का विस्तार करना तथा अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक वित्तीय सेवाएं पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि बैंक ग्रामीण विकास, किसानों की समृद्धि एवं महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए निरंतर प्रयासरत है।

उन्होंने उपस्थित ग्रामीणों को बैंक की विभिन्न योजनाओं जैसे कृषि ऋण, स्वयं सहायता समूह (SHG) वित्तपोषण, बचत एवं सावधि जमा योजनाएं, तथा सरकार द्वारा संचालित जन-कल्याणकारी योजनाओं के बारे में विस्तारपूर्वक जानकारी दी। साथ ही उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि बैंक ग्राहकों को सरल, सुरक्षित एवं पारदर्शी बैंकिंग सेवाएं प्रदान करने के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है।

इस अवसर पर गांव की सरपंच श्रीमती सुशीला देवी ने बैंक प्रबंधन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गांव में बैंक शाखा खुलने से स्थानीय लोगों, विशेषकर किसानों, महिलाओं एवं बुजुर्गों को अत्यधिक सुविधा होगी तथा उन्हें बैंकिंग कार्यों के लिए दूर नहीं जाना पड़ेगा। उन्होंने ग्रामवासियों की ओर से बैंक को हर संभव सहयोग देने का भरोसा दिलाया।

कार्यक्रम के दौरान श्री विक्रमजीत, कपिल नागपाल, पवन कुमार, प्रदीप दुहन, राघवेंद्र बावा, अमित खटकर,अरविंद,अमित सिंधु, हिमांशु भैरो, कुलबीर सिंह, विनोद एवं मोनिका  सहित बैंक के अन्य अधिकारीगण एवं बड़ी संख्या में ग्रामवासी उपस्थित रहे। यह आयोजन अत्यंत उत्साह एवं गरिमा के साथ सम्पन्न हुआ।

फास्ट फूड की चमक से........


 

शहीदी दिवस पर गांव पाली में चला स्वच्छता अभियान, ग्रामीणों ने दी शहीदों को श्रद्धांजलि


 

शहीदी दिवस के अवसर पर गांव पाली में स्वच्छता अभियान के तहत पूरे गांव में व्यापक स्तर पर साफ-सफाई अभियान चलाया गया। इस अभियान का नेतृत्व गांव के सरपंच देशराज फौजी ने किया। उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि आज के दिन को खास बनाने के लिए पूरे गांव में वार्ड वाइज सभी पंचों और ग्रामीणों को साथ लेकर सफाई अभियान चलाया गया।

सरपंच ने बताया कि यह अभियान केवल सफाई तक सीमित नहीं रहा, बल्कि इसके माध्यम से लोगों को स्वच्छता के प्रति जागरूक करने का भी प्रयास किया गया। ग्रामीणों ने बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हुए गलियों, चौपालों और सार्वजनिक स्थानों की सफाई की। इस दौरान लोगों ने यह संदेश दिया कि स्वच्छता की जिम्मेदारी हर व्यक्ति की अपनी है और इसके लिए केवल सफाई कर्मचारियों पर निर्भर रहना उचित नहीं है।

कार्यक्रम के दौरान शहीद दिवस के उपलक्ष्य में महान क्रांतिकारी भगत सिंह, राजगुरु और सुखदेव को भी भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई। ग्रामीणों ने एकजुट होकर पुष्प अर्पित किए और उनके बलिदान को याद करते हुए देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का संकल्प लिया।

देशराज फौजी ने कहा कि जब तक लोग स्वयं सशक्त और जागरूक नहीं होंगे, तब तक न तो गांव का विकास संभव है और न ही देश का भविष्य उज्ज्वल बन सकता है। उन्होंने सभी ग्रामवासियों से अपील की कि वे अपने आसपास स्वच्छता बनाए रखने में सक्रिय भूमिका निभाएं और दूसरों को भी इसके लिए प्रेरित करें। अभियान के अंत में पूरे गांव ने एकजुट होकर स्वच्छता और राष्ट्र सेवा का संदेश दिया तथा शहीदों के आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।





शहीदी दिवस पर अंबेडकर सेवा समिति खुडाना की बैठक, 135वीं जयंती की तैयारियों पर मंथन


 

 

बाबा का भंडारा जाट पावर हाउस में 2 अप्रैल को